सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के टीकाकरण में प्रदेश के 75 जिलों में वाराणसी समेत आठ जिलों को पहला स्थान मिला है। यहां के 100 फीसदी शिक्षकों व कर्मचारियों ने दोनों डोज लगवा ली है। वहीं, जौनपुर बेसिक शिक्षा विभाग के आंकड़ों की बात करें तो यहां 91.51 फीसदी शिक्षकों ने टीका लगवा लिया है, लेकिन गैर शैक्षणिक सिर्फ 50 फीसदी कर्मचारियों ने ही टीकाकरण करवाया है। वाराणसी में 43,082 शिक्षकों के साथ 4312 गैर शैक्षणिक स्टाफ ने कोरोना टीका लगवाया है। साथ ही सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, मेरठ, महाराजगंज, कन्नौज, बांदा, बस्ती व फर्रुखाबाद में यह आंकड़े 100 फीसदी हैं। उधर, सोनभद्र मात्र एक ऐसा जिला है, जहां गैर शैक्षणिक कर्मचारियों ने शिक्षकों से ज्यादा टीका लगवाया है। यहां 94.50 कर्मचारी टीका लगवा चुके हैं। वहीं, केवल 66.74 फीसदी शिक्षकों ने टीकाकरण करवाया है।
वाराणसी से सटे जिलों का आंकड़ा
आजमगढ़ में 91 फीसदी शिक्षकों व 81 फीसदी कर्मचारियों ने टीका लगवाया है। बलिया में 96.73 फीसदी शिक्षकों व 93.67 कर्मचारियों को दोनों डोज लग चुकी है। भदोही में शिक्षकों की यह संख्या 91.01 है। वहीं, 79.63 गैर शैक्षणिक कर्मचारियों ने टीका लगवाया है। चंदौली में 92.61 शिक्षक व 92.53 फीसदी स्टाफ टीका लगवा चुका है। गाजीपुर में 92.78 शिक्षकों व 85.02 गैर शैक्षणिक स्टाफ का टीकाकरण हो चुका है। मऊ में 97.40 शिक्षकों व 83.40 फीसदी कर्मचारी ने टीका लगवाया है।