फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News: हादसों में तीन लोगों की मौत, मासूम से दुष्कर्म करने वाले को 20 साल की सजा; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Fri, 01 Aug 2025 05:46 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News Today: वाराणसी में विभिन्न हादसों में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पांच साल की मासूम से दुष्कर्म मामले में विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) की अदालत ने अभियुक्त को दोषी करार दिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: मालेगांव ब्लास्ट मामले में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण की विशेष अदालत की ओर से आरोपियों को निर्दोष मुक्त किए जाने का हिंदू जनजागृति समिति ने स्वागत किया है। राष्ट्रीय प्रवक्ता रमेश शिंदे ने कहा कि केवल हिंदू होने के कारण, राष्ट्रभक्त साध्वी प्रज्ञासिंह ठाकुर, कर्नल पुरोहित, मेजर उपाध्याय, सुधाकर चतुर्वेदी, समीर कुलकर्णी और अजय को वर्षों तक जेल में डाला गया। उनका अमानवीय मानसिक और शारीरिक शोषण किया गया। यह केवल उनके विरुद्ध नहीं, बल्कि संपूर्ण हिंदू समाज को बदनाम करने की एक गहरी साजिश थी।

विज्ञापन


स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की चपेट में आकर मौत
कैंट स्टेशन पर गुरुवार सुबह नई दिल्ली-जयानगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से शख्स की मौत हो गई। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। जीआरपी थाना प्रभारी रजोल नागर ने बताया कि सुबह ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर एक से चल रही थी। चलती गाड़ी में चढ़ने की जल्दबाजी में वह शख्स नीचे चला गया। उसे 108 एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। व्यक्ति की पहचान की जा रही है। 

फुलवरिया में पिकअप के टक्कर से मौत
फुलवरिया-वरुणा पुल पर पिकअप वाहन की टक्कर से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कैंट थाने की पुलिस शव का शिनाख्त कर रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। 

विज्ञापन
Trending Videos

पारिवारिक कलह में तीन बच्चों की मां ने लगाया फंदा, पति हिरासत में
लोहता के अयोध्यापुर गांव में गुरुवार को पारिवारिक कलह से तंग आकर सोनी देवी (32) ने कमरे की कुंडी में धोती के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। भाई पवन कुमार ने लोहता थाने में तहरीर देकर ससुर, सास, ननद, जेठ और जेठानी पर दहेज और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। ऑटो चालक पति सुनील कुमार को पुलिस ने हिरासत में लिया है। 

सोनी के तीन बच्चे हैं। सोनी का मायका चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी गांव में है। 10 साल पहले सुनील से उसकी शादी हुई थी। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि परिजन पुलिस को बिना सूचना दिए शव को फंदे से उसे उतार कर इलाज के लिए ले गए थे। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

IIT BHU - फोटो : अमर उजाला
आईआईटी बीएचयू की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले की अब 8 को सुनवाई
फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) न्यायाधीश कुलदीप सिंह ने गुरुवार को आईआईटी बीएचयू की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सुनवाई की। कोर्ट में पीड़िता के साथ रहे छात्र ने बयान दर्ज कराया। बचाव पक्ष की ओर से गवाह से जिरह के लिए समय मांगा गया। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए आठ अगस्त की तिथि तय की है।

छात्रा को हॉस्टल से उठवाने की धमकी, मुकदमा दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के एक निजी हॉस्टल में रहकर मेडिकल की तैयारी कर रही गढ़वा झारखंड की छात्रा ने दो युवकों पर मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपियों ने उसे उठवाने की धमकी दी। छात्रा ने बताया कि एक महीने से युवक उसका पीछा कर रहे थे। साथ ही भद्दे कमेंट भी करते थे। गुरुवार शाम लंका से मॉल की तरफ जा जाते समय भी दोनों ने पीछा किया और गाली दी। विरोध करने पर उठवाने की धमकी दी।

युवती के कान में बजाया हॉर्न, पुलिस ने पकड़ा
मेले में शोहदे की ओर एक लड़की के कान में भोपा (हॉर्न) बजाने पर पुलिस आरोपी को थाने ले आई। परिजनों के पहुंचने पर और शोहदे की ओर से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के बाद पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया। दूसरी ओर खालिसपुर निवासी संतोष राय अपनी कार से पिंडरा की तरफ जा रहे थे। सड़क के आगे भीड़ में एक नवयुवकों की टोली चल रही थी। संतोष राय ने रास्ता देने के लिए हॉर्न बजाया, इसी दौरान कार एक युवक को छू गई। युवक ने गालियां देते हुए ईंट से कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। मौके पर खड़ी पुलिस ने कुछ युवकों को पकड़ लिया और कुछ वहां से भाग निकले। 

पांच साल की मासूम से दुष्कर्म करने वाले को 20 साल की सजा
पांच साल की मासूम को बहला-फुसलाकर खेत में दुष्कर्म के मामले में विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) अजय कुमार की अदालत ने अभियुक्त विशाल राजभर को दोषी करार दिया। अदालत ने विशाल को बीस साल की कड़ी कैद और 30 हजार रुपये जुर्माना की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, 28 नवंबर 2021 को शाम 6 बजे मासूम अपने दादा के साथ पड़ोस में शादी में शामिल होने गई थी। 

पीड़िता के दादा भोजन कर रहे थे, उसी दौरान मौका देखकर अभियुक्त विशाल ने पीड़िता से कहा कि मां बुला रही है। पीड़िता को बहला-फुसलाकर वह पास के ही एक खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के चिल्लाने पर गांव के एक व्यक्ति ने मासूम को घर पहुंचाया। पीड़िता की मां ने अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

Bijli Vibhag Varanasi - फोटो : अमर उजाला
बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता की वीआरएस पर कार्पोरेशन की मंजूरी
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम में अधीक्षण अभियंता विद्युत नगरीय वितरण खंड प्रथम प्रमोद गोगानिया की स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति(वीआरएस) के प्रस्ताव को उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन की ओर से मंजूरी मिल गई। कार्पोरेशन की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है।

उन्होंने पिछले महीने 18 जून को ही एक पत्र भेजकर वीआरएस मांगा था, इस पर अब तक फैसला नहीं हो पाया था। कार्पोरेशन की ओर से अनुसचिव कमलेश कुमार ने आदेश जारी कर इसकी कॉपी सभी अधिकारियों को भेज दी है। इधर स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति को मंजूरी मिलने के बाद निगम के अधिकारियों में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।

स्कूलों के विलय के खिलाफ किया प्रदर्शन
स्कूलों के विलय के शासन के आदेश के खिलाफ साझा संस्कृति मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कचहरी में शास्त्री घाट पर प्रदर्शन किया। पैदल मार्च करते हुए मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सौंपा। सभा में शिक्षा विरोधी सरकारी नीतियों की आलोचना की।

वल्लभाचार्य पांडेय ने कहा कि आदेश से 27,000 स्कूल प्रभावित होंगे। 1,35,000 शिक्षकों, 27,000 प्रधानाध्यापकों, शिक्षामित्र और रसोइयों की सेवाएं समाप्त होंगी। मांग की कि सरकारी स्कूलों की पेयरिंग को तुरंत रोका जाए। इस दौरान नंद लाल मास्टर, सतीश सिंह, वल्लभाचार्य पांडेय, प्रो. महेश विक्रम, सुरेश, इंदु, शामिल रहे। 

मोबाइल टावर से हाईटेक उपकरण चोरी, दूरसंचार सेवा प्रभावित
जैतपुरा थाना क्षेत्र अशोक विहार पंचकोशी मार्ग पर एक प्राइवेट कंपनी के मोबाइल टावर से हाईटेक फाइबर उपकरण चोरी होने से इलाके की दूरसंचार व्यवस्था बंद हो गई। कंपनी के फील्ड ऑफिसर उमेश सिंह ने जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। उमेश सिंह ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात टावर से एसपीएफ 100 हाईटेक फाइबर कार्ड चोर चुरा ले गए। चोरी के कारण वरुणा पार क्षेत्र की फाइबर साइट डाउन हो गई और दूरसंचार सेवाएं बाधित हो गईं। थाना प्रभारी जेश मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच की जा रही है।

जबरन धर्म परिवर्तन मामले में नईम खान को पुलिस ने भेजा जेल
शादीशुदा महिला के साथ मारपीट और जबरन धर्म परिवर्तन कराने और धमकाने के मामले में पुलिस ने आरोपी टोला औरंगाबाद निवासी मोहम्मद नईम खान (55) को जेल भेज दिया है। सिगरा थाने में बुधवार को को मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।

थाना सिगरा क्षेत्र से बुधवार को गिरफ्तार किया गया। नईम खान ने पुलिस के सामने अपना बयान दिया है कि वह अक्सर पीड़िता के घर जाया करता था। वह उसकी मुरीद थी। उसने उन सभी को मुस्लिम धर्म में आने की बात कही थी लेकिन वो लोग नहीं मान रहे थे तो उनके साथ मारपीट किया। सिगरा थाना के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र ने बताया कि सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की गई।

राजमिस्त्री बनकर करता था चोरी, गिरफ्तार
लालपुर-पांडेयपुर थाने की पुलिस ने गुरुवार को गोईठाहा रिंग रोड के पास से अंतरराज्यीय चोर हनीफ शेख को गिरफ्तार किया है। पश्चिम बंगाल के गोपालपुर वीरभूमि का रहने वाला हनीफ राजमिस्त्री बनकर कॉलोनियों में घरों का ताला तोड़कर ज्वेलरी चोरी करता था। उसके पास से चोरी के आभूषण भी बरामद हुए हैं। लालपुर-पांडेयपुर थाने की पुलिस ने बताया कि वह 10 साल से बनारस में रह रहा था। संजय नगर कॉलोनी में उसने चोरी की थी।

खड़ी पिकअप से भिड़ी स्कॉर्पियो, चालक समेत सात घायल
मिर्जामुराद क्षेत्र के डंगहरिया गांव के नेशनल हाईवे पर बुधवार रात दर्शनार्थियों से भरी एक स्कॉर्पियो खड़ी पिकअप में भिड़ गई। कार चालक समेत सात दर्शनार्थी घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे दरोगा कौशल किशोर ने घायलों को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया।

चौबेपुर गांव निवासी कुलदीप जायसवाल, प्रतीक जायसवाल, विकास जायसवाल, अंकित जायसवाल, सक्षम जायसवाल व सतीश जायसवाल कार से विंध्याचल दर्शन करने गए थे। चौबेपुर में घर वापसी के दौरान पहले से खराब खड़ी एक पिकअप में उनकी कार जा भिड़ी।

दो के खिलाफ मारपीट का मुकदमा
चितईपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर लहराना बस्ती निवासी शीतल पटेल ने भाई भरत के साथ मारपीट करने वाले अंशु गुप्ता और गौतम कुमार के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि 29 जुलाई को उनके भाई के साथ आरोपियों ने गालीगलौज कर मारपीट की। पुलिस मामले में केस दर्ज कर जांच में जुटी है।

वंदेभारत ट्रेन पर पत्थरबाजी, टूटे शीशे, मुकदमा दर्ज
गोमती नगर-पटना वंदेभारत एक्सप्रेस में बुधवार रात काशी और व्यास नगर के पास शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया। सी-5 कोच के सीट नंबर 20, 21 व 22 के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। साथ ही सी-7 की सीट संख्या 31, 32 के भी शीशे टूट गए। कैंट जीआरपी और आरपीएफ की टीम आरोपियों की तलाश कर रही है। स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने पर आरपीएफ और जीआरपी ने यात्रियों के बयान लिए। यात्रियों ने बताया कि किसी को चोट नहीं लगी है।

गोमती नगर लखनऊ वाया अयोध्या होते हुए 22346 वंदे भारत एक्सप्रेस रात में कैंट स्टेशन पहुंची। इससे पहले अज्ञात लोगों ने पत्थरबाजी कर दी, सहमे यात्रियों ने रेल मदद 139 पर शिकायत की। आरपीएफ को मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष लखनऊ से 9.35 बजे सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। आरपीएफ प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। पटना से वंदेभारत की वीडियो मंगाई गई, जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

जानलेवा हमले के मामले में पांच को अग्रिम जमानत
रंजिश को लेकर प्राणघातक हमले के मामले में सगे भाइयों समेत पांच आरोपितों को कोर्ट से राहत मिल गई। विशेष न्यायाधीश (ईसी एक्ट) सर्वजीत कुमार सिंह की अदालत ने भीषमपुर, कपसेठी निवासी आरोपित रविंद्र कुमार सिंह, भाई अरविंद कुमार सिंह के साथ विशाल सिंह, आशुतोष सिंह और पीयूष सिंह को गिरफ्तार करने की दिशा में 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र पर अग्रिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। 

वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला
सारनाथ में वीडीए ने सील किए दो अवैध निर्माण
वीडीए की ओर से गुरुवार को सारनाथ में दो अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में सौंपा गया। सारनाथ वार्ड के दनियालपुर में योगेश कुमार गुप्ता की ओर से 160 वर्गमीटर में अवैध निर्माण किया गया, जिसे वीडीए ने सील कर दिया। रोशन लाल, रुपेश की ओर से अवैध निर्माण किया गया। जोनल अधिकारी प्रकाश कुमार की देखरेख में कार्रवाई की गई।

बिना टिकट पकड़े गए 217 यात्री
वाराणसी जंक्शन पर गुरुवार को वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी के आदेश पर विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। सुबह आठ से शाम के चार बजे तक 217 बिना टिकट यात्री पकड़े गए और 159890 रुपये का राजस्व वसूला गया। लोगों को जागरूक भी किया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिल सकें और नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके। यात्रियों से अपील की गई है कि वे टिकट लेकर ही यात्रा करें और अवैध गतिविधियों से बचें। जनार्दन सिंह, संजय कुमार सिंह, प्रतिभा सिंह, राजहंस सोनकर, सुशील भगत सहित 23 स्टाफ शामिल रहे।

नगर आयुक्त के पिता का निधन, निगम में हुई शोकसभा
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के पिता डाॅ. रामेंद्र प्रताप वर्मा (64) का निधन हो गया। बृहस्पतिवार को नगर निगम में मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में शोकसभा हुई। जिसमें मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। नगर आयुक्त के पिता का लंबी बीमारी के बाद बीती रात 12 बजे शहर के एक निजी हॉस्पिटल में निधन हो गया। वे किडनी और हृदय रोग से पीड़ित थे। 

दिल्ली और वाराणसी में उनका चल रहा था। उनके दो पुत्र हैं। बड़े पुत्र नगर आयुक्त अक्षत वर्मा और छोटे पुत्र अध्ययनरत हैं। निधन के बाद डाॅ. वर्मा की अंत्येष्टि उनके पैतृक स्थान फैजाबाद के बैकुंठधाम में की गई। मुखाग्नि अक्षत वर्मा ने दी। डॉ. वर्मा चिकित्सा सेवा से सेवानिवृत थे। नगर निगम के सभागार में शोकसभा में अपर नगर आयुक्त सविता यादव, सुभाष सिंह, संगम लाल, विनोद कुमार गुप्ता, जोनल अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।

गड्ढे में खड़े होकर जताया विरोध, आंदोलन की चेतावनी
सड़कों की खोदाई से नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को विरोध जताया। पहले गड्ढे में भरे बारिश के पानी में खड़े होकर नारेबाजी की। इसके बाद मिट्टी लगे कपड़ों के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचे। जहां अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता को ज्ञापन देकर गड्ढे भरवाने की मांग की। बताया कि गड्ढों की वजह से दुर्घटनाएं हो रही हैं। जाम, जलभराव की समस्या है। शहर में कई जगहों पर सड़क खोद कर खुला छोड़ दिया गया है। 

काशी में सावन में दूरदराज से कांवड़ लेकर कांवड़िये, दर्शनार्थी, श्रद्धालु व पर्यटक आ रहे हैं, उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए बेहद खतरनाक स्थिति है। एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को काफी कठिनाई हो रही है। चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह में इन्हें नहीं भरवाया गया तो आंदोलन और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान विष्णु शर्मा, अमित कुमार, राजिश, कैफ, रजत मौजूद रहे।

मोहम्मद रफी की याद में मछलियों को खिलाया चारा
डर्बीशायर क्लब की ओर से गायक मोहम्मद रफी की 45वीं पुण्यतिथि पर पितरकुंडा में मछलियों को चारा खिलाया गया। इससे पहले लोगों ने मोहम्मद रफी के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। क्लब के अध्यक्ष शकील अहमद जादूगर ने सरकार से मोहम्मद रफी को भारत रत्न देने और उनके नाम से ट्रेन चलाने की मांग की।उन्होंने कहा कि मोहम्मद रफी का जन्म 24 दिसंबर 1928 में पाकिस्तान के पेशावर में हुआ था उनका पूरा परिवार पाकिस्तान छोड़कर मुंबई आकर बस गया। इस दौरान बाली शर्मा, बबलू गुप्ता, घनश्याम शर्मा, राज जायसवाल, मोहम्मद अली आदि रहे।

गुरु बृहस्पति भगवान का फलों से हुआ शृंगार
श्रावण मास में गुरुवार को श्री देवगुरु बृहस्पति भगवान का फलों से शृंगार हुआ। दशाश्वमेध स्थित मंदिर परिसर को 21 प्रकार के फलों से सजाया गया। बाबा की झांकी देखने के लिए देर रात तक मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और गुरु बृहस्पति देव के जयकारों से गूंजता रहा।

बृहस्पति को देवगुरु बृहस्पति भगवान को 11 वैदिक ब्राह्मणों ने पंचामृत स्नान कराया। स्वर्ण मुखौटा और छत्र के साथ बाबा को सपरिवार के साथ विराजमान किया गया। मुख्य द्वार को अशोक की पत्ती, कामिनी पत्ती और रंग बिरंगे कपड़े एवं विद्युत झालर से पूरे प्रांगण को सजाया गया। सुबह चार बजे पुजारी अजय गिरि ने मंगला आरती संपन्न कराई। इसके बाद दर्शन के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए। भगवान के जयकारों के साथ भक्त मंदिर में पहुंचते रहे। शयन आरती रात एक बजे हुई। मंदिर में संतोष गिरि और अभिषेक गिरि ने रुद्राभिषेक किया। इसके बाद भक्तों में भोग प्रसाद वितरण किया गया।

भारत विकास परिषद ने धर्मसंघ परिसर में की गोसेवा
भारत विकास परिषद काशी शाखा की ओर से सेवा और संस्कृति माह के अंतर्गत गुरुवार को धर्मसंघ परिसर में गो सेवा की गई। गो माता के प्रतीकात्मक पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। परिषद के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि गोमाता की सेवा केवल एक धार्मिक कर्म नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और सामाजिक चेतना का मूल है।

सेवा की भावना तभी पूर्ण होती है जब उसमें श्रद्धा और निरंतरता हो। भारत विकास परिषद काशी का प्रयास है कि जनमानस को इन मूल्यों से जोड़ा जाए और हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखा जाए। संयोजन ज्योति अग्रवाल एवं प्रवीण अग्रवाल ने किया। संचालन सचिव राकेश ढोडी ने किया। 

बीएचयू में यूरोलॉजी से जुड़ी समस्या पर आज और कल निशुल्क शिविर
आईएमएस बीएचयू के यूरोलॉजी विभाग में दो दिवसीय निशुल्क यूरोलॉजी परामर्श एवं शल्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया है। इंडियन यूरोलॉजिकल सोसाइटी (यूएसआई) के सार्वजनिक सेवा अभियान यूएसआई केयर्स की ओर से यह शिविर एक और दो अगस्त को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। 

गुवाहाटी से यूएसआई के अध्यक्ष प्रो. टीपी राजीव और गुड़गांव से यूएसआई के कार्यकारी परिषद सदस्य डॉ. एसपी यादव शिविर में अपनी सेवाएं देंगे। इस दौरान चिकित्सा सेवाओं के अतिरिक्त, शिविर में जनजागरूकता के लिए शिक्षा सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इसमें गुर्दे की पथरी, प्रोस्टेट, मूत्र संक्रमण, मूत्र असंयम और जनन अंगों के कैंसर जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी। 

सड़क, सीवर और नाली के निर्माण के लिए सौंपा ज्ञापन
कंदवा क्षेत्र के घमहापुर स्थित नवीन काॅलोनी के निवासियों ने गुरुवार को भाजपा के जिलाध्यक्ष एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ज्ञापन सौंपा। वे एक कार्यक्रम में भाग लेने मेयर के साथ आए थे। काॅलोनी के तमाम नागरिकों ने समस्याएं गिनाईं। पारस पार्क चौराहा के यादव बस्ती के लोगों ने पक्की सड़क, सीवर और नाली के निर्माण कराने की मांग की। इस अवसर पर बजरंगी शर्मा, संजय कुमार सिंह, सोनू यादव, अनिल मंडल, कन्हैया यादव आदि मौजूद रहे।

डिजाइन का मतलब सिर्फ स्केच या फैशन तक सीमित नहीं
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (निफ्ट) के ओरिएंटेशन प्रोग्राम में बतौर मुख्य अतिथि वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि डिजाइन का मतलब सिर्फ स्केच या फैशन तक सीमित नहीं है। बल्कि, यह सोचने और समस्या को समझने का एक तरीका है। जो समाज, नीति, शहरों और लोगों की जिंदगी को बेहतर बना सकता है।

उन्होंने बताया कि कैसे डिजाइन थिंकिंग का इस्तेमाल प्रशासनिक फैसलों, योजनाओं, शहरी विकास और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने में भी किया जाता है। उन्होंने युवाओं को यह भी याद दिलाया कि उनका काम सिर्फ ट्रेंड बनाने तक सीमित न हो बल्कि उसका असर समाज और आने वाली पीढ़ियों पर भी पड़े। 

उन्होंने विद्यार्थियों से पांच अहम बातों पर ध्यान देने को कहा। जिज्ञासु बने रहें और हर रोज कुछ नया सीखें। अपनी संस्कृति और परंपराओं को जानें और संजोएं। ऐसा डिजाइन करें जो सिर्फ दिखने में नहीं, असर में भी खूबसूरत हो। टीमवर्क और सहयोग की आदत डालें। कभी भी असफलता से न डरें। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया कि वे डिजाइन को केवल एक पेशा न मानें, बल्कि एक जिम्मेदारी समझें।

रोजगार मेले में 33 अभ्यर्थियों का चयन
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय चौकाघाट में गुरुवार को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 6 से अधिक कंपनियां शामिल हुईं। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के बाद 33 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इसमें 356 अभ्यर्थी भाग लेने पहुंचे थे। सहायक निदेशक (सेवायोजन) मुकेश कुमार ने कहा कि तकनीकी शिक्षा समय की मांग है। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी भी तरह की परेशानी होने पर सेवायोजन कार्यालय से संपर्क कर सकते है।

नए नहरों के निर्माण के लिए रालोद ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र
राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश सचिव श्याम किशोर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा है। उन्होंने सीएम से गांवों में नए नहरों के निर्माण और पुराने नहरों की सफाई और मरम्मत की मांग की है। पत्र के माध्यम से उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में कई नहरों में गंदगी है। इस वजह से पानी नहीं पहुंच रहा है। नए नहरों के निर्माण कराके बाढ़ ग्रस्त वाले इलाकों से जोड़ना चाहिए। इससे राजस्व हानि से बचाया जा सका है।

काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला
काशी विद्यापीठ में दो दिन होगी स्नातक के सात कोर्स की काउंसिलिंग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में बीकॉम, बीबीए समेत सात कोर्स में काउंसिलिंग 5-6 अगस्त को होगी। कुलसचिव डाॅ. सुनीता पांडेय ने बताया कि बीकॉम, बीबीए, बीए आनर्स मास कॉम, बीम्यूज, बीएफए, बीसीए और बीए एलएलबी का दाखिले की प्रक्रिया वाणिज्य संकाय में होगी। काउंसिलिंग के बाद अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग स्थल पर बने काउंटर पर ऑनलाइन फीस जमा करना होगा। नगद शुल्क जमा करने की कोई व्यवस्था नहीं है। अगर कोई अभ्यर्थी निर्धारित समय में फीस जमा नहीं करता है तो उसका अभ्यर्थन निरस्त माना जाएगा।

काशी विद्यापीठ में सात अगस्त से होगी एमएसडब्ल्यू की परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ समाजकार्य विभाग में एमएसडब्ल्यू द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा सात अगस्त से शुरू होगी। विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा की समय-सारिणी जारी कर दी गई है। विभागाध्यक्ष और संकायाध्यक्ष प्रो. महेंद्र मोहन वर्मा ने बताया कि 25 अगस्त तक चलने वाली परीक्षा 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक करवाई जाएगी। इस बारे में विस्तृत जानकारी विभाग से ली जा सकती है।

मेयर अशोक कुमार तिवारी। - फोटो : अमर उजाला
स्वच्छता अभियान के तहत ककरमत्ता वार्ड में मेयर ने की सफाई
नगर निगम की ओर से स्वच्छता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी की ओर से ककरमत्ता वार्ड के परशुरामपुर कालोनी में सफाई की गई। अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने वाजिदपुर क्षेत्र में की जा रही सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता ने सुर्यकुण्ड, अपर नगर आयुक्त सुभाष सिंह ने सिकरौल, अपर नगर आयुक्त संगम लाल ने तुलसीपुर में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया । 

संयुक्त नगर आयुक्त जितेन्द्र कुमार आनंद ने शिवपुर, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चन्द्र ने छित्तुपुर, सहायक नगर आयुक्त मृत्युजंय नारायण मिश्र ने प्रहलाद घाट, सहायक नगर आयुक्त इन्द्र विजय ने सुसुवाही वार्ड में सफाई कार्य का निरीक्षण किया। मेयर ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों का कूड़ा सड़कों पर न फेकें। कूड़ा नगर निगम के कूड़ा गाड़ी में डाले।

मांझी समाज के पांव पखारे, पीएम की जनसभा में किया आमंत्रित
दो अगस्त को सेवापुरी के बनौली ग्रामसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को सभा में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडेय ने अस्सी स्थित पप्पू की अड़ी पर मांझी समाज के लोगों के पांव पखारे और पीएम मोदी की जनसभा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने जात पात के भेदभाव से ऊपर उठकर सफाईकर्मियों के पांव धोए और समाज को एकसूत्र में बांधने का काम किया। कहा कि पीएम मोदी की जनसभा में शामिल होकर सभा को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। इस मौके पर विनोद निषाद, रामकिशन मांझी, जितेंद्र साहनी, प्रकाश साहनी, मोनू साहनी आदि मौजूद रहे।

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मनाई गई तुलसीदास की जयंती
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में राजभाषा विभाग के तत्वावधान में संत गोस्वामी तुलसीदास और मुंशी प्रेमचंद की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ मंडल आंकड़ा एवं संसाधन प्रबंधक सह राजभाषा अधिकारी नवनीत कुमार वर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास ने 12 पुस्तकों की रचना की है, लेकिन सबसे अधिक ख्याति उन्हें रामचरितमानस के मिली। इस महान ग्रंथ की रचना तुलसी ने अवधी भाषा में की। यह भाषा उत्तर भारत के जन-साधारण की भाषा है। इस दौरान विशाल कुमार मिश्र, अमन श्रीवास्तव, अनु रानी राव, शिवानी सिंह, आशा शर्मा उपस्थित रहें।

मियावाकी वन पर प्रशिक्षण में 205 युवाओं ने लिया भाग
जिले में बढ़ते वायु, ध्वनि और जल प्रदूषण की चुनौती से निपटने के लिए वन विभाग वाराणसी वृत्त ने शहरी क्षेत्रों में मियावाकी पद्धति से सघन वन लगाने की पहल शुरू की है। सीआईआई (कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री) और वेस इंडिया के सहयोग से गुरुवार को एक दिवसीय मियावाकी प्रोफेशनल सर्टिफिकेट प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण सत्र को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आयोजित किया गया। इसमें कुल 205 प्रतिभागी शामिल हुए। 

वाराणसी सहित कई अन्य जनपदों से आए प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी की। ऑनलाइन सत्र के दौरान आईएफएस अधिकारी डॉ. रवि कुमार सिंह ने मियावाकी पद्धति से वृक्षारोपण की बारीकियों को विस्तारपूर्वक समझाया और बताया कि कैसे इस तकनीक से कम स्थान में अधिक घनत्व वाले जंगल तैयार किए जा सकते हैं। प्रशिक्षण के बाद सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए गए।

तुलसी की साधना स्थली पर गूंजे मानस के स्वर
श्री लाटभैरव भजन मंडल की ओर से तेलियाना स्थित प्राचीन श्री राम जानकी मंदिर में गोस्वामी तुलसीदास की जयंती मनाई गई। गुरुवार को मानस रचयिता के चित्र पर माल्यार्पण के बाद पुष्प अर्पित करके मानस पोथी का पूजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे केवल कुशवाहा ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास की रचना मानव जीवन को सार्थक बनाने में सक्षम हैं।

मुख्य वक्ता श्री राम जानकी मंदिर के महंत रामदास महाराज ने कहा कि परमात्मा धराधाम पर कई प्रकार से अवतरित होते हैं। उन्हीं अवतार में से एक गोस्वामी तुलसीदास थे। श्रीरामनाम संकीर्तन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर विष्णुदास महाराज, शिवम अग्रहरि, उत्कर्ष कुशवाहा, चंद्रिका प्रसाद, रामाशीष दास मौजूद रहे। 

महिला परिचालदों का रिजल्ट जारी, 23 का चयन
रोडवेज में महिला परिचालकों का रिजल्ट जारी कर दिया गया। इसमें 30 में से 23 महिलाओं का चयन हुआ है। 18 जुलाई को कैंट स्थित रोडवेज के प्रशासनिक कार्यालय में रोजगार मेले का आयोजन किया था। मेले में 300 से अधिक पदों पर भर्ती की जानी है। भर्ती में एलएलबी, एमकॉम, बीएड, बीएससी, एम से सहित कई डिग्री धारक महिलाएं पहुंची थीं। पिछली बार रोजगार मेले में केवल 27 महिलाओं की भर्ती हो पाई थी। जबकि 77 का चयन हुआ था लेकिन बाद में किसी कारणवश 50 जॉइन करने से मना कर दिया था।

नई भवन निर्माण एवं विकास उपविधि के लिए क्रेडाई ने सराहा
नई भवन निर्माण और विकास उपविधि-2025 के लिए क्रेडाई वाराणसी के पदाधिकारियों ने लखनऊ में कार्यशाला में सरकार का आभार व्यक्त किया। वाराणसी बिल्डर्स एंड डेवलपर्स एसोसिएशन-क्रेडाई के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कहा कि उपविधि-2025 को लागू करने का शासन का निर्णय प्रशंसनीय है। इससे न केवल रियल एस्टेट सेक्टर को मजबूती मिलेगी, बल्कि यह आवास, रोजगार, बुनियादी ढांचे और शहरी जीवन गुणवत्ता को नए आयाम देगा। यूपी में निवेश को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

मुख्य अतिथि आवास एवं शहरी विकास के प्रमुख सचिव पी. गुरुप्रसाद, विशिष्ट अतिथि आवास एवं शहरी विकास के सचिव डॉ. बलकार सिंह और लखनऊ के कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों का हौसला बढ़ाया। क्रेडाई वाराणसी ने विकास प्राधिकरणों को अविकसित क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विकास, पर्यावरणीय मंजूरी के लिए सरलीकरण, समयबद्ध प्रक्रिया की आवश्यकता और काॅर्नर प्लाट के नियमों में सुधार के सुझाव दिए। सुझावों का अध्ययन करने के बाद मुख्य अतिथि ने निर्णय लेने का आश्वासन दिया। इस दौरान अध्यक्ष अरुण अग्रवाल, महासचिव लोकेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष अभिनव पांडेय, संरक्षक दीपक बहल मौजूद रहे।

अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल ने पीएम को भेजा पत्र
राष्ट्रीय बजरंग दल काशी प्रांत के महामंत्री अर्जुन कुमार मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या को देश से बाहर करने की मांग की है। जिलाधिकारी कार्यालय में पत्र देकर कहा कि घुसपैठियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर उन्हें देश से निष्कासित किया जाए। परिषद की मांग केवल हिंदुओं की सुरक्षा के लिए ही नहीं बल्कि देश के विकास और समृद्धि के लिए भी जरूरी है। इस दौरान अशोक सिंह, श्रवण कुमार मौर्य, रिंकू देववंशी, हरिनाथ सिंह, अर्जुन शेट्टी, विकास कुमार मौजूद रहे।

बारिश से गोदौलिया पर घोड़ा नाले का काम प्रभावित
बारिश होने से घोड़ा नाले की मरम्मत का काम प्रभावित हो रहा है। जल निगम के अधिकारी केके सिंह ने बताया कि बारिश के दौरान मिट्टी दलदली हो गई है। इसके कारण अभी काम बंद किया गया है। बारिश के मौसम में नाले की मरम्मत किसी चुनौती से कम नहीं है। पानी कम होने के बाद काम को जल्द शुरू कराकर पूरा कराया जाएगा। इस तरह के काम को पूरा कराने में थोड़ा समय लग सकता है। रोपवे की पाइलिंग के दौरान गोदौलिया चौराहे पर घोड़ा नाला 25 फीट क्षतिग्रस्त हुआ था। इसकी मरम्मत जल निगम करा रहा है।

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय। - फोटो : अमर उजाला
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में 63 अतिथि अध्यापकों की होगी भर्ती
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पांच विभागों में 42 विषयों के लिए अतिथि अध्यापकों का पैनल तैयार होगा। विश्वविद्यालय ने 42 विषयों के लिए 63 पदों के लिए आवेदन मांगे हैं। पैनल के लिए सात अगस्त से अतिथि व्याख्याताओं का साक्षात्कार शुरू होगा। उनको हर महीने 25 हजार रुपये महीने मानदेय दिया जाएगा।

कुलसचिव राकेश कुमार ने अतिथियों अध्यापकों के पैनल के लिए साक्षात्कार की सूचना जारी कर दी है। आरक्षित वर्ग में अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने पर अनारक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों को व्याख्यान के लिए आमंत्रित किया जाता है। इसलिए साक्षात्कार में अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थी आवेदन पत्र के साथ एवं विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त इच्छुक अध्यापक केवल प्रार्थना पत्र के साथ भी उपस्थित हो सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन पत्र के साथ साक्षात्कार के लिए निर्धारित तिथि एवं समय में अपने आवेदन पत्र, संपूर्ण शैक्षणिक विवरण सहित उपस्थित होंगे। साक्षात्कार की प्रक्रिया सात अगस्त से 14 अगस्त तक चलेगी।

काशी विद्यापीठ में बैंकिंग, अर्थव्यवस्था में कॅरिअर निर्माण की जानी बारीकियां
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के विश्वविद्यालय सेवायोजन सूचना एवं मंत्रणा केंद्र और कैंपस प्लेसमेंट सेल की ओर से कार्यशाला हुई। इसमें विद्यार्थियों को बैंकिंग, अर्थव्यवस्था में कॅरिअर निर्माण से जुड़ी जानकारी दी गई। दीन दयाल उपाध्याय शोधपीठ के बौद्ध भवन में सत्या प्रकाश सिंह ने बैंकिंग, अर्थव्यवस्था की चुनौतियों पर चर्चा की। कहा कि यह ऐसा क्षेत्र हैं, जिसमें कॅरिअर की अपार संभावनाएं हैं। 

उन्होंने विद्यार्थियों के तकनीकी व्यवधानों को दूर करने के लिए रोजगार बाजार के बारे में बताया। अतिथियों का स्वागत प्लेसमेंट सेल की निदेशक प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल, धन्यवाद ज्ञापन मदन लाल ने किया। इस मौके पर डॉ. प्रतिभा सिंह, डॉ. धनंजय, डॉ. अजय कुमार गौतम, अमरजीत सिंह मौजूद रहे।

बलिया तक जाएगी जम्मूतवी-वाराणसी एक्सप्रेस
रेलवे बोर्ड ने 14236-35 बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस को गाजीपुर और 12238-37 जम्मूतवी-वाराणसी एक्सप्रेस को बलिया तक विस्तार देने के लिए मंजूरी दे दी है। 14236 बरेली-गाजीपुर एक्सप्रेस बरेली से सुबह 8:30 बजे चलने के बाद अगले दिन सुबह सात बजे वाराणसी और शाम 4:35 बजे बरेली आएगी। 

वापसी में 14235 गाजीपुर-बरेली एक्सप्रेस रात 9:30 बजे गाजीपुर से चलने के बाद 11:55 बजे वाराणसी और अगले दिन सुबह 11:55 बजे बरेली आएगी। 12238 जम्मूतवी-वाराणसी एक्सप्रेस दोपहर 1:45 बजे जम्मूतवी से चलने के बाद अगले दिन 12:30 बजे वाराणसी और 3:10 बजे बलिया पहुंचेगी। 14235 बलिया-जम्मूतवी एक्सप्रेस सुबह 10 बजे बलिया से चलने के बाद 12:30 बजे वाराणसी और अगले दिन 10:50 बजे जम्मूतवी पहुंचेगी।

कैंट रेलवे स्टेशन पर स्कैनिंग मशीन खराब, नहीं दे रहा कोई ध्यान
कैंट स्टेशन पर महीनों से खराब पड़े लगेज स्कैनर मशीन की कोई सुध नहीं ले रहा। प्रधानमंत्री के दौर को लेकर भी सुरक्षा का ध्यान नहीं दिया जा रहा है। स्टेशन के किसी भी प्रवेश द्वार पर स्कैनिंग मशीन नहीं चल रही है। मशीन के पास एक सुरक्षाकर्मी बैठा मिला, लेकिन वह मोबाइल चलाने में व्यस्त था। वह देखने में कोई रुचि नहीं ले रहा था कि यात्री स्कैनर से होकर गुजर रहे हैं या नहीं। कैट रेलवे स्टेशन, निदेशक, अर्पित गुप्ता ने बताया किस्टेशन पर लगे सुरक्षा जांच की एक मशीन फिलहाल तकनीकी कारणों से खराब है, जिसकी मरम्मत प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। जल्द ही सही हो जाएगी।

नौचंदी जुमेरात पर निकाले जुलूस, मजसिल में की दुआख्वानी
नौचंदी जुमेरात पर शहर में अलम का जुलूस उठाया गा। दरगाहे फातमान, सदर इमामबाड़ा लाटसरैया, इमामबाड़ा मीर गुलाम अब्बास अर्दली बाजार, अजाखाना मुजीब पठानीटोला, जैनबिया चौहट्टा लाल खां, दोषीपुरा, कच्चीबाग, रामनगर, बाजाडीह आदि स्थानों पर इमाम हुसैन के चाहने वालों ने नोहा मातम और मजलिस कर देश की खुशहाली के लिए दुआख्वानी की। दरगाहे फातमान में हाजी फरमान हैदर ने मजलिस को खिताब किया। मोमिनीन ने नोहा मातम किया। शुक्रवार को सातवें इमाम मूसा काजिम की जयंती मनाई जाएगी।

बड़ी संख्या में पहुंचें बनौली : धर्मेंद्र राय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो अगस्त की रैली के लिए एमएलसी धर्मेंद्र राय, अश्विनी त्यागी ने कार्यकर्ताओं के साथ सेवापुरी के भीषमपुरी समेत अन्य गांवों में जनसंपर्क किया। धर्मेंद्र राय ने कहा कि प्रधानमंत्री की जनसभा में हमें बड़ी संख्या के साथ पहुंचना है। एमएलसी अश्विनी त्यागी ने कहा कि मोदी जैसे प्रधानमंत्री के लिए संभव है कि पचास बार से अधिक वह अपने संसदीय क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। काशी में उन्होंने जो विकास का मॉडल दिया है, वह एक मिसाल है। इस दौरान अभिषेक दुबे, हर्ष वर्धन सिंह, प्रवीण गौतम, अरविंद पटेल, अजय सिंह मुन्ना मौजूद रहे।

प्रेमचंद ने दर्शाई समतामूलक समाज की सच्चाई
बीएचयू कला संकाय की ओर से मुंशी प्रेमचंद स्मारक के सामने स्थित प्रेमचंद शोध संस्थान एवं अध्ययन केंद्र में प्रेमचंद के सपनों का भारत विषय पर व्याख्यान हुआ। मुख्य अतिथि प्रो. रोहिणी अग्रवाल ने कहा कि प्रेमचंद ने समतामूलक समाज की कल्पना और आज की सामाजिक सच्चाई के अंतर्विरोधों को दर्शाया है। आज समाज को इसपर आत्ममंथन करना चाहिए। 

प्रो. सदानंद शाही, कुलसचिव प्रो. अरुण कुमार सिंह, प्रो. सुषमा घिल्डियाल, प्रो. नीरज खरे, प्रो. संजय कुमार ने भी विचार रखे। छात्र अधिष्ठाता प्रो. अनुपम नेमा ने छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। संचालन डॉ. शिल्पा सिंह व डॉ. विवेक सिंह और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मुशर्रफ अली ने किया। वहीं, बीएचयू हिंदी विभाग के रामचंद्र शुक्ल सभागार में विभागाध्यक्ष प्रो. वशिष्ठ अनूप और प्रो. श्रद्धा सिंह के संयोजन में संगोष्ठी हुई।

विश्वशांति के लिए 108 कलशों के जल से हुआ अभिषेक
श्रावण शुक्ल सप्तमी को जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ का मोक्ष कल्याणक दिवस मनाया गया। बृहस्पतिवार को भदैनी स्थित भगवान सुपार्श्वनाथ की जन्मस्थली दिगंबर जैन तीर्थ पर मोक्ष कल्याणक महोत्सव का समारोह सुबह छह बजे से आरंभ हुआ। भगवान का 108 कलशों के जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद संपूर्ण विश्व एवं अपने देश में प्राकृतिक आपदा और युद्ध से होने वाली जनहानि को रोकने और शांति के लिए वृहद शांति धारा की गई। मोक्ष कल्याणक में डॉ. वीसी अग्रवाल, सुरेंद्र कुमार जैन, अमित जैन, प्रमोद जैन, आयुष आचार्य आदि शामिल हुए।

पूर्वोत्तर रेलवे के 29 कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के प्रेमचंद सभागार में बृहस्पतिवार को सेवानिवृत्त 29 कर्मचारियों को विदाई दी गई। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कर्मचारियों से कहा की आप सब रेलवे के अभिन्न अंग हैं,आप सबके परिश्रम एवं योगदान की बदौलत भारतीय रेल आज नई ऊँचाइयों को छू रही है।

सेवानिवृत्ति के बाद भी यदि आपको कोई समस्या होती है तो मंडल कार्यालय आपके लिए सदैव खुला है और हम आपकी समस्याओं के निस्तारण के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार, मंडल कार्मिक अधिकारी (इंचार्ज) अभिनव कुमार सिंह, सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी विरेन्द्र यादव, सहायक मंडल वित्त प्रबंधक अरविंद पांडेय और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

रेल संगठन ने डीआरएम का किया स्वागत
पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन वाराणसी मंडल के अध्यक्ष प्रदीप कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने गुरुवार को डीआरएम आशीष जैन का स्वागत किया। उन्हें पेंशनर्स बुलेटिन भी दिया। प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने एसोसिएशन के बारे में बताया। मंडल की शाखाओं की जानकारी दी। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश सिंह, मंडल मंत्री एके पाठक और कोषाध्यक्ष सुरेश यादव उपस्थित रहे।

रोटरी क्लब ने संस्कृत विवि को दान किया डस्टबिन
रोटरी क्लब ने गुरुवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय को 11 डस्टबिन प्रदान किए। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि हमें गर्व है कि रोटरी क्लब बनारस जैसे संगठन हमारे विश्वविद्यालय के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। कार्यक्रम संयोजक मुकेश पाठक ने स्वागत किया। संचालन नीरज अग्रवाल और धन्यवाद राकेश कोछड़ ने किया। इस दौरान संतोष कश्यप, विपुल श्रीवास्तव, अनिकेश गुप्ता, आलोक पारिख, राजीव कुमार, धनंजय सिंह उपस्थित थे।

अनिल जाजोदिया बने वाराणसी रीजन के क्षेत्रीय प्रमुख
रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3120 की आगामी कार्यकारिणी में अनिल के जाजोदिया को (वर्ष 2026–27) वाराणसी रीजन का क्षेत्रीय प्रमुख नियुक्त किया गया है। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पूनम गुलाटी ने उनकी नियुक्ति की है। पूनम गुलाटी ने कहा कि अनुभवी नेतृत्वकर्ता अनिल के जाजोदिया के आने से रोटरी की सेवाएं और प्रभावी होगी।

अनिल रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल के पूर्व अध्यक्ष हैं और लंबे समय से विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक और सेवा कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते आ रहे हैं। वाराणसी क्षेत्र में वाराणसी के अलावा गाजीपुर और जौनपुर के 25 रोटरी क्लब और 1400 से अधिक सदस्य हैं। रोटेरियनों ने उन्हें बधाई दी है। 

शिविर में लोगों को दी बैंक योजनाओं की जानकारी
जिले में तीन माह के वित्तीय समावेशन अभियान के तहत यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने दो वित्तीय शिविरों का आयोजन किया। इस माध्यम से लोगों को जन-धन खातों, बीमा योजनाओं और अटल पेंशन योजना जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा गया। पहला शिविर आर-सेटी अहिरौली में आयोजित किया गया, जहां यूनियन बैंक के अंचल प्रमुख धीरेंद्र जैन और क्षेत्र प्रमुख शैलेंद्र कुमार ने सैकड़ों लोगों को योजनाओं की जानकारी दी। दूसरा शिविर गोसाईपुर मोहाव शाखा में संपन्न हुआ, जिसमें उप अंचल प्रमुख कुंदल लाल और एलडीएम अविनाश अग्रवाल ने लोगों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के बारे में जागरूक किया।

वित्तीय साक्षरता और धोखाधड़ी से बचाव की दी जानकारी
बीएचयू के सामाजिक विज्ञान संकाय के समन्वित ग्रामीण विकास केंद्र में सिलाई प्रशिक्षण लेने वाली महिलाओं को वित्तीय साक्षरता बढ़ाने और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। सेबी के स्मार्ट ट्रेनर अनिल नारायण दुबे ने अपने व्याख्यान में बुनियादी वित्तीय जागरूकता व सही वित्तीय निर्णय किस प्रकार लिए जाए, इसके बारे में विस्तार से बताया। 

उन्होंने बैंकिंग, बचत, निवेश, ऋण, बीमा इंश्योरेंस, कोमोडिटी मार्केट और डिजिटल भुगतान जैसे विषयों पर जानकारी दी । केंद के समन्वयक डॉ. आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि वित्तीय निर्णयों में सजगता आज के समय में जरूरी है। हम सभी का यह प्रयास है कि समाज के हर वर्ग तक वित्तीय ज्ञान पहुंचे, जिससे कि किसी को परेशानी न हो। परियोजना अधिकारी डॉ. भूपेंद्र प्रताप सिंह ने अतिथियों का स्वागत, आरती विश्वकर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

बरेका में 17 कर्मचारियों की हुई विदाई
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के सेवानिवृत्त हुए 17 अधिकारियों और कर्मचारियों को बृहस्पतिवार को प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में विदाई दी गई। सेवानिवृत्त होने वालों में सुरक्षा आयुक्त बाल किशन मीना, कार्यालय अधीक्षक लक्ष्मी रानी सिंहा, वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी अहमद शकील, ओएए फुल झारू देवी, टंकक अधीक्षक श्री चंद्र शेखर सिंह, सीनियर स्टॉक वेरिफायर कैलाश चंद्र मीना सहित 17 अधिकारी कर्मचारी शामिल थे। 

इन सभी को फोल्डर, मेडल और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। जनार्दन सिंह ने सेवानिवृत्त कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने बरेका की उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने सेवानिवृत्ति को जीवन की नई शुरुआत बताया।

मनुष्य के लिए प्रकाश पुंज है रामचरित मानस
संकट हरण श्री हनुमान मंदिर सेवा ट्रस्ट की ओर से संत तुलसीदास की जयंती गुरुवार को मनाई गई। संत दीपक दास ने कहा कि संत तुलसीदास द्वारा रचित अनमोल रत्न रामचरित मानस मनुष्य के लिए प्रकाश पुंज है। इस दौरान भानु प्रताप सिंह, एस राजू, डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता, शरद श्रीवास्तव, पंकज पटेल मौजूद रहे। 

स्वास्थ्य प्रणाली में नवाचार और सहयोग को बढ़ावा देना होगा
बीएचयू के अटल इन्क्यूबेशन सेंटर में आयोजित हेल्थ इनोवेशन कॉन्क्लेव 2025'' में स्वास्थ्य स्टार्टअप्स और भविष्य में इसकी चुनौतियों और समाधान पर वक्ताओं ने चर्चा की। स्वास्थ्य क्षेत्र के अग्रणी विशेषज्ञ, शिक्षाविद् और उभरते हुए हेल्थटेक स्टार्टअप्स एक मंच पर आए। इस दौरान भारत की स्वास्थ्य प्रणाली में नवाचार और सहयोग को बढ़ावा देने का संकल्प दिलाया गया।

आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो अमित पात्रा ने शैक्षणिक उत्कृष्टता और संस्थागत सहयोग को स्वास्थ्य नवाचार की नींव बताया। डॉ.ओममानचंदा ने समग्र स्वास्थ्य पारिस्थितिकी तंत्र के बीच एक मजबूत संबंध स्थापित करने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में आरोग्य विकास परिषद काशी के चेयरमैन डॉ. मनोज शाह, डॉ.राजीव पीवी सहित अन्य लोगों ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में नवाचार को समय की जरूरत बताया।

पुरानी पेंशन बहाली की मांग, शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपा। इसमें प्रदेश सरकार से सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) से जोड़ने की मांग की गई। शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व एमएलसी चेत नारायण सिंह ने कहा कि कर्मचारियों को पेंशनविहीन रखना केवल आर्थिक अन्याय ही नहीं, बल्कि मानवीय गरिमा के खिलाफ भी है। 

माध्यमिक संघ ने श्री खेदनलाल राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के वरिष्ठ प्रवक्ता का नियम विरुद्ध निलंबन, एनपीएस से ओपीएस में स्थानांतरित शिक्षकों के जीपीएफ धन का अंतरण, कटिंग मेमोरियल से जुड़े चार प्रकरणों का निस्तारण जैसी समस्याओं के समाधान से संबंधित एक अलग पत्रक जिला विद्यालय निरीक्षक के प्रतिनिधि राजन सिंह को सौंपा गया। 

जिला मीडिया प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में शिक्षक संघ की इकाइयों ने जिला विद्यालय निरीक्षकों के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा है। इस दौरान जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह, जिला मंत्री अरविंद कुमार, मंडल मंत्री डॉ. सत्येंद्र प्रताप सिंह समेत कई शिक्षक मौजूद रहे।
विज्ञापन

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री से मिलने के लिए मांगा समय
प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे के दौरान कांग्रेस ने मुलाकात के लिए समय मांगा है। जिलाधिकारी को पत्र लिखकर महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने दो अगस्त को प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के लिए समय देने का अनुरोध किया है। महानगर अध्यक्ष ने बताया कि हम लोग प्रधानमंत्री को उनके संसदीय क्षेत्र की वास्तविक स्थिति से अवगत कराना चाहते हैं। प्रतिनिधिमंडल की सूची भी जिलाधिकारी को उपलब्ध करा दी है। 

हस्तशिल्प के बहुरंगी उत्सव से कल सजेगा सावन मेला
श्री काशी अग्रवाल समाज के श्री अग्रसेन महिला समिति की ओर से अग्रसेन सावन मेला दो अगस्त को रामकटोरा स्थित सरोजा पैलेस में लगेगा। इसमें वाराणसी के अलावा कोलकाता, दिल्ली, इंदौर, राजस्थान आदि शहरों के 80 स्टॉल लगेंगे। महिलाओं द्वारा हस्त निर्मित उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा।

श्री काशी अग्रवाल समाज की प्रधानमंत्री डॉ. रचना अग्रवाल, समाज सेवा विभाग की अध्यक्ष शशि बाला साह, मंत्री बृजकमल दास अग्रवाल, सहायक मंत्री अर्चना अग्रवाल और संयोजिका रीता प्रकाश ने गुरुवार को मैदागिन स्थित श्री अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज में पत्रकारों को बताया कि मेले का शुभारंभ मेला सुबह 11 बजे से होगा। इस दौरान स्वास्थ्य कैंप लगेगा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें