फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: हादसों में चार की मौत, पांच घायल, धर्म बदलकर शादी का बनाया दबाव, पढ़ें वाराणसी की खबरें

Wed, 13 Aug 2025 09:07 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News in Hindi: वाराणसी में विभिन्न हादसों में चार लोगों मौत हो गई। इसके साथ ही पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, शादी का झांसा देकर रुपये हड़पने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के मामले में एक युवती ने केस दर्ज कराया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News: शादी का झांसा देकर रुपये हड़पने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के मामले में मंगलवार को सारनाथ थाने में आरोपी के खिलाफ युवती ने केस दर्ज कराया। आशापुर में एक अपार्टमेंट में रहने वाली एक युवती ने पुलिस को बताया कि जुलाई में मेट्रोमोनियल साइट पर सम्राट सिंह से बातचीत हुई। 13 जुलाई को वह फ्लैट पर आया। शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद आशापुर चौराहा पर केनरा बैंक से पांच लाख रुपये लिए। 

विज्ञापन


कुछ दिन बाद पता चला कि उसका नाम सम्राट नहीं बल्कि मोहम्मद शरफ रिजवी है। वह प्राइमरी स्कूल के सामने चीनी ग्राम फर्रुखाबाद का रहने वाला है। वह धर्म बदलकर शादी करने का दबाव बनाने लगा। अपने पैसे की मांग की तो जान से मारने की धमकी देने लगा। थाना प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी को  लेकर दो टीमें दबिश दे रही हैं। 

अमानती घर के संचालक पर 1.65 लाख का जुर्माना
कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 के अमानती घर में पिछले दिनों मिली अनियमितता पर संचालक पर मंगलवार को 1.65 लाख का जुर्माना लगाया गया है। पिछले दिनों उच्चाधिकारियों के औचक निरीक्षण में रेलवे नियमावली का उल्लंघन मिला था। कर्मचारी के पास आईडी कार्ड नहीं मिला और कई मानक भी पूरे नहीं थे। जिसकी रिपोर्ट लखनऊ मंडल मुख्यालय को भेजी गई थी।

विज्ञापन

पिता ने जीआरपी थाने पर किया प्रदर्शन, केस
बीएससी नर्सिंग के छात्र के अपहरण के मामले में वकील पिता वीर बहादुर सिंह और उनके साथियों ने मंगलवार को कैंट रेलवे स्टेशन के जीआरपी थाने पर विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के बाद जीआरपी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। वीर बहादुर ने बताया कि 23 जुलाई को बेटा विमल लखनऊ के लिए ट्रेन नंबर 20401 में बैठा था। तब से उसका पता नहीं है।

30 जुलाई को जम्मू के कटरा से एक अज्ञात कैब ड्राइवर ने फोन किया। बताया कि उनका बेटा उसके पास है और सुरक्षित भेजने के लिए 30 हजार रुपये की मांग की। तुरंत जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी थाना प्रभारी रजोल नागर ने बताया कि 24 जुलाई को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। जांच में पता चला कि विमल सुल्तानपुर में ट्रेन से उतरकर बस से अयोध्या गया था। वहां भी वह ट्रेस नहीं हो पाया। 

सड़क दुर्घटना में घायल स्कूटी सवार बहन की मौत, बांधने जा रही थी राखी
बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ रिंग रोड के पास गड्ढे में एक स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई। स्कूली सावर ज्योति जायसवाल (38) की सोमवार रात उपचार के दौरान बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। शनिवार को कोईराजपुर हरहुआ में मायके में रक्षाबंधन पर ज्योति अपने भाइयों को राखी बांधने जा रही थी। परिजनों ने मंगलवार को शव का अंतिम संस्कार गौरा उपरवार घाट पर किया। 

अरुण जायसवाल की पत्नी ज्योति का मायका कोईराजपुर में है। शनिवार सुबह रक्षाबंधन पर भाइयों को राखी बांधने चौबेपुर से स्कूटी से निकली। हरहुआ रिंग रोड के पास अचानक गड्ढे में स्कूटी अनियंत्रित हुई और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि किसी तरह की कोई तहरीर या सूचना परिजनों की ओर से नहीं मिली है। 

ट्रेन के सामने कूदकर दुकानदार ने दी जान
जैतपुरा थाना क्षेत्र के नक्खी घाट रेलवे लाइन पर बीती शाम मोहम्मद जाहिद (35) ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। चेतगंज थाना क्षेत्र के सरायगोवर्धन निवासी मोहम्मद जाहिद के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। चेतगंज थाना क्षेत्र के निवासी मोहम्मद जाहिद घर के पास ही जूते चप्पल की दुकान चलाता था। शाम को वह नक्खीघाट रेलवे लाइन के पास पहुंचा।

लोगों ने बताया कि जाहिद रेलवे ट्रैक किनारे टहल रहा था, इस बीच अचानक ट्रेन आई और जाहिद रेलवे ट्रैक पर कूद गया। जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त हुई और पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि छानबीन में सामने आया कि दुकानदार ने खुदकुशी की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी। 

मछली पकड़ते समय नाद नदी में डूबने से युवक की हुई मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के मठिया गांव के पास बीती शाम 4 बजे नाद नदी में मछली पकड़ने के दौरान शिवचरण राजभर (32) की डूबने से मौत हो गई। एनडीआरएफ ने चार घंटे बाद शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चोलापुर थाना क्षेत्र के टिसौरा गांव निवासी शिवचरण दो दोस्तों के साथ मठिया पुल आया था। उसने नाद नदी से मछली पकड़ने के लिए पुल से ही छलांग लगा दी। गहरे पानी में जाते ही वह डूब गया। 

गंगा में डूबा किशोर
रामनगर थाना क्षेत्र के डोमरी के सामने गंगा में सुबह कल्लू (12) डूब गया। पुलिस और एनडीआरएफ के गोताखोरों की ओर से खोजबीन की जा रही है। परिजन भी खोजबीन करा रहे हैं। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के रानीपुर निवासी कल्लू हैं। पिता शिव शंकर, मां सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पांच भाइयों में कल्लू सबसे बड़ा है। चचेरे भाई किशन, बलराम के साथ कल्लू नहाने गया था। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि खोजबीन  की जा रही है। 

मोहाली कोर्ट ने तलब किए जन्म प्रमाणपत्र :
संजय नगर कॉलोनी पहड़िया के रहने वाले हर्ष गुप्ता के जन्म प्रमाणपत्र से जुड़े दस्तावेज मोहाली कोर्ट ने तलब किया है। निगम की ओर से जन्म मृत्यु विभाग के रिकॉर्ड कीपर राकेश सिंह मोहाली रवाना हो गए हैं। 

डीसीएम में टकराई कार, 5 घायल 
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बनकट गांव के पास मंगलवार सुबह 5 बजे डीसीएम में कार पीछे से टकरा गई। कार सवार पांच लोग घायल हो गए। आरा बिहार निवासी रितिक सिंह (29), अमरजीत (25), रोहित (25), देव शर्मा (25), उपेंद्र वर्मा का पं दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

रंजिश में दो मनबढ़ों ने की फायरिंग, 5 कारतूस मिले
चोलापुर थाना क्षेत्र के धरसौना (तिवरान) गांव में बीती रात रंजिश में मनबढ़ों के बीच मारपीट और फायरिंग हुई। रात 8.30 बजे नवल तिवारी के घर के बाहर पहुंचे दो मनबढ़ों ने बेटे चंदन तिवारी से गालीगलौज कर पिस्टल से 5 राउंड फायरिंग की। संयोग से गोली किसी को नहीं लगी। एडीसीपी वरुणा नीतू ने छानबीन की और पुलिस ने सात कारतूस बरामद किए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। चोलापुर इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि चंदन तिवारी की तहरीर पर विशाल, शिवम और ललित पर केस दर्ज किया गया है। 

संभव की जनसुनवाई में आईं 10 शिकायतें
रमरेपुर की आशा सिंह ने अपर नगर आयुक्त सविता यादव से कहा कि क्षेत्र में काफी अतिक्रमण है। इसके चलते आने जाने में दिक्कत होती है। अवैध निर्माण की वजह से अकसर जाम लगता है। अपर नगर आयुक्त ने भरोसा जताया कि समस्या का समाधान होगा। मंगलवार को संभव की जनसुनवाई में 10 शिकायतें आईं।

जनसुनवाई में रत्तापुर के डॉ. राजीव कुमार चौहान ने कर निर्धारण, महामना नगर कॉलोनी के अशोक सिंह ने सड़क निर्माण, शिवदासपुर के राजेंद्र कुमार केसरी ने सीवर और पेयजल, मंडुवाडीह के राजेंद्र ने सड़क निर्माण, माधोपुर के राजकुमार राजू ने सीवर चैंबर मरम्मत, भुलेटन के कुलदीप कुमार बरनवाल ने सीवर ओवरफ्लो से जुड़ी शिकायत की। 

एलटी काॅलेज को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करे सरकार
सपा के विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने नियम 115 के तहत विधान परिषद के प्रमुख सचिव से सूचना मांगी है। कहा कि सरकार का ध्यान एलटी काॅलेज के गोपाल लाल विला को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की तरफ आकृष्ट कराना चाहता हूं। यहां स्वामी विवेकानंद जीवन के अंतिम समय में 39 दिनों तक रुके थे।

इसे एलटी काॅलेज अर्दली बाजार के नाम से जाना जाता है। वह अब खंडहर बन चुका है। यह स्थल श्रद्धा का केंद्र है। इसे दिव्य और भव्य राष्ट्रीय स्मारक बनाया जाए। साथ ही जिला पुस्तकालय का नाम स्वामी विवेकानंद के नाम पर हो। उन्होंने कहा कि जहां जहां स्वामी विवेकानंद रुके थे। उन स्थलों को स्मारक बनाया गया है। 

बाढ़ राहत स्वास्थ्य शिविर में 132 को दीं दवाएं
वाराणसी काशी वेलफेयर फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से बाढ़ का पानी कम होने के बाद बीमारी से बचाव के लिए बाढ़ राहत स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है। इसमें 132 लोगों की जांच कर दवा बांटी गई। स्वास्थ्य शिविर के आयोजक काशी वेलफेयर फाउंडेशन ट्रस्ट अध्यक्ष राकेश कुमार पाल ने बताया जनहित में कार्य लगातार किया जाएगा।

अंबेडकर वाहिनी राष्ट्रीय महासचिव सत्यप्रकाश सोनकर और पूर्व पार्षद वरुण सिंह ने बताया बाढ़ कम होने के बाद सफाई की जरुरत होती है। लोगों को जागरूक करते हुए स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। मौके पर इंद्रा चौहान, किशन कन्नौजिया, धर्मेन्द्र कुमार, योगेन्द्र आर्या, शैलू मौजूद रहे। 

चित्रों में पर्यावरण पर प्रहार को उकेरा
भारत विकास परिषद महामना शाखा की ओर से गुरु वंदन छात्र अभिनंदन व पर्यावरण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता सरस्वती शिशु मंदिर मीरापुर बसहीं में हुई। बच्चों ने पर्यावरण पर हो रहे प्रहार को चित्रों में उकेरा। सेवा माह के तहत आयोजित प्रतियोगिता में 22 बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को नैतिक शिक्षा की पुस्तक, पौधे तथा मेडल देकर पुरस्कृत किया गया। 

कवि चंद्रभूषण दुबे ने बच्चों को गुरु की महत्ता एवं पर्यावरण संरक्षण से लगाव के प्रति प्रेरित किया। स्वागत अध्यक्ष नीरज वर्मा तथा संचालन सचिव डॉ. प्रियंका जायसवाल ने किया। इस मौके पर शाखा संरक्षक डॉ. अजय कुमार जायसवाल, रेनू सिंह, अजय कुमार यादव, सुशीला यादव, राम सिंह यादव मौजूद रहे। 

प्रधान डाकघर कैंट की देखीं सुविधाएं
उत्तर प्रदेश के चीफ पोस्ट मास्टर जनरल प्रणव कुमार ने वाराणसी डाक परिक्षेत्र के कैंड डाकघर का औचक निरीक्षण किया। यहां की व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि डाक की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए एपीटी (एडवांस्ड पोस्टल टेक्नोलॉजी) 2.0 रोल आउट किया है।  

इससे सेवाएं त्वरित और पारदर्शी हो जाएंगी। इंडिया पोस्ट ने इसमें कई बदलाव किए हैं। प्रणव कुमार ने कहा कि शुरु में कुछ तकनीकी खामियों और सर्वर से संबंधित समस्याएं आ रही है, जल्द ही इसमें सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि पिछले साल 2900 राखी लिफाफे की बिक्री की थी, इस बार डेढ़ लाख की बिक्री हुई है। 

स्टेशनों पर चलाया स्वच्छता अभियान
रेलवे प्रशासन की ओर से स्वच्छता पखवाड़े के प्रथम चरण के 12वें दिन मंगलवार को वाराणसी मंडल के बनारस, वाराणसी सिटी, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर सिटी, मऊ और प्रयागराज रामबाग स्टेशन पर स्वच्छता अभियान चलाया गया।

इसके तहत स्टेशनों पर कार्यरत स्वास्थ्य निरीक्षकों ने संविदा कर्मचारियों व स्टेशन पर कार्यरत रेलवे कर्मचारियों के साथ मिलकर पोस्टर, बैनर के माध्यम से जन जागरुकता रैली निकली। नुक्कड़ नाटक कर लोगों को जागरूक किया। प्रमुख रेलवे स्टेशन पर कूड़ेदान वितरित किए। कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिषेक राय ने किया। 

16 से होगा फसलों का डिजिटल सर्वे
जिले में डिजिटल क्राॅप सर्वे 16 अगस्त से शुरू होगा। इसके लिए जिला और तहसील स्तर के नौ प्रशिक्षको को ट्रेनिंग दी गई। कृषि निदेशालय लखनऊ से ऑनलाइन कमिश्नरी सभागार में उनको प्रशिक्षण दिया गया। उप निदेशक कृषि अमित जायसवाल ने बताया कि जिले के तीन और तीनों तहसील के दो-दो प्रशिक्षकों को ट्रेनिंग दी गई है। अब ये जिले के सर्वेयरों को ट्रेनिंग देंगे। इसमें पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, कृषि तकनीक सहायक शामिल हैं। फसलों का सर्वे छह सितंबर तक होगा। 

शमन मानचित्र स्वीकृत कराने के बाद होटल-गोदाम का करें संचालन
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने मंगलवार को सिकरौल वार्ड के खजुरी में निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। खजुरी में रतन बाबू की ओर से टिनशेड का निर्माण कराया गया था। इसके बाद शमन मानचित्र प्रस्तुत किया गया था। होटल का सेटबैक होने के कारण अशमनीय भाग अधिक आ रहा था। जिसे स्वीकृत नहीं कराया जा सका। निर्देश दिया गया कि शमन मानचित्र स्वीकृत कराने के बाद ही होटल का संचालन कराएं। 

खजुरी में रमेश वर्मा की ओर से 400 और 300 वर्ग मीटर में अस्थायी टिनशेड का निर्माण कर गोदाम बनाया गया है। जिसे नोटिस दिया गया था। खजुरी में रोड वाइडनिंग को कवर कर 40 वर्ग मीटर में भूतल पर स्लैब डालकर प्रथम तल पर पिलर का निर्माण कार्य किया गया। जिस पर नोटिस दिया गया था। वीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि वाइडनिंग भाग में आ रहे निर्माण को तत्काल हटाएं।

शहरी इलाकों में लोकल फाॅल्ट की समस्या
बारिश के बाद शहर से लेकर गांव तक फाॅल्ट की समस्या बढ़ गई है। कहीं तार ढीले हो रहे हैं तो कहीं तार में स्पार्क से बिजली की आवाजाही बनी हुई है। ग्रामीण इलाकों के मुकाबले शहरी इलाकों में समस्या अधिक हो रही है। निगम की ओर से उपकेंद्रवार ढीले तार की मरम्मत के साथ करवाने के साथ जंफर की चेकिंग करवाई जा रही है।

अगस्त के पहले सप्ताह में लगातार बारिश होने से बिजली की खपत भी औसत से कम हो गई थी। इस कारण लोकल फाॅल्ट की समस्या भी कम हो रही थी। मंगलवार को रामनगर उपकेंद्र के तहत पोल से एलटी केबल शॉट होने लगी। इसकी सूचना संबंधित उपकेंद्र को दिए जाने पर टीम पहुंची और एलटी केबिल को बदला। उधर मैदागिन उपकेंद्र में एलटी फ्यूज को बदला गया। 

दो घरों से आभूषण और नकदी चोरी
चौबेपुर के भंदहां कलां (राजवारी) गांव में सोमवार रात चोरों ने दो घरों से नकदी और आभूषण चोरी कर लिए। भंदहां कलां (राजवारी) निवासी रेखा देवी ने पुलिस को बताया कि चोरों ने घर में घुसकर आलमारी में रखे एक सोने की चेन, एक सोने का कनफूल, एक मंगलसूत्र, तीन सेट चांदी के पायल व 15 हजार नकदी की चोरी की है। गांव के त्रिपुरारी सिंह के यहां से चोरों ने आठ हजार नकद, मोबाइल चोरी कर लिए। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

आठ के खिलाफ आरपीएफ ने दर्ज किया मुकदमा
स्वतंत्रता दिवस को देख रेलवे सुरक्षा बल और डॉग स्क्वॉयड ने सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म और टिकट घर की सघन चेकिंग की गई। अभियान चलाकर नो पार्किंग के जुर्म में 7 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। चेन पुलिंग करने के जुर्म में एक पर मुकदमा दर्ज किया गया। आरपीएफ प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे से लगातार निगरानी की जा रही है।  8 के खिलाफ रेलवे एक्ट में मामले दर्ज किए गए हैं। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। 

युवती के शव की शिनाख्त नहीं 
चौबेपुर के भंदहा कलां गांव के पास राजवारी की पुरानी हवाई पट्टी के पास खेत में युवती के शव की शिनाख्त मंगलवार को नहीं हो सकी है। शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस आसपास के जिलों में गुमशुदगी के मामलों की पड़ताल कर रही है और फोटो भेजकर पहचान की कोशिश जारी है। युवती की उम्र 22 साल बताई जा रही है। एसीपी सारनाथ विजय प्रताप सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। 

निवेश के नाम पर धोखाधड़ी, केस दर्ज
निवेश के नाम पर रकम दोगुना करने और 945000 रुपये की धोखाधड़ी के मामले में मंगलवार को चितईपुर थाने में छह के खिलाफ केस दर्ज किया गया। आरोपियों ने द स्काई एफ एक्स लाइव कॉम नाम से फर्जी कंपनी बनाकर छह लोगों से लाखों लाख रुपये निवेश के नाम पर धोखाधड़ी की।

चितईपुर थाना क्षेत्र के गणेशपुरी कॉलोनी निवासी पीड़ित आलोक कुमार वर्मा की तहरीर पर महामना पुरी कॉलोनी सुंदरपुर निवासी सतीश भारती, शंकुलधारा पोखरा भेलूपुर निवासी मिथिलेश पंडित, रोहनिया निवासी नीलम यादव और जितेंद्र शर्मा, शिवपुर निवासी रोशन प्रजापति व सूरज गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया। चितईपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। 

चोरी की ई-रिक्शा के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
भेलूपुर पुलिस ने चोरी की ई-रिक्शा के साथ तीन आरोपियों को लहरतारा द्वारकाधीश मंदिर के पास से मंगलवार को गिरफ्तार किया। आरोपियों में ढेलवरिया चौकाघाट निवासी करन सरोज उर्फ बनरा, पवन सिंह उर्फ विक्की सिंह निवासी पसियाना गली लहरतारा कैंट और छोटू कुमार निवासी बौलिया हैं। आरोपियों ने कोल्हुआ विनायक से ई-रिक्शा चोरी किया था। 

कार्यालय पर जड़ा ताला, तीन पर केस
चेतगंज थाना क्षेत्र के जगतगंज में राष्ट्रीय हिंदू शक्ति वाहिनी के कार्यालय पर जबरन ताला बंद करने के मामले में सोमवार रात भाई-बहन समेत अज्ञात पर चेतगंज थाने में केस दर्ज किया गया। छावनी निवासी प्रदीप ने पुलिस को बताया कि  कार्यालय है। पिछले दिनों कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत दो समर्थकों के खिलाफ चेतगंज थाने में केस दर्ज कराया था। उसी मुकदमे से नाराज मकान मालिक मनोरमा राय और भाई संजय राय ने कार्यालय पर गलत तरीके से ताला बंद किया। चेतगंज इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। 

ऑनलाइन जुए में संचालक समेत पांच गिरफ्तार
एसओजी-2 और जैतपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार शाम लड्डनपुरा के मकान में छापा मारा। भाग्य लक्ष्मी एप से ऑनलाइन जुआ संचालित करने के आरोपी संचालक समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से 11800 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। 

डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में संचालक आशीष कुमार गुप्ता व प्रिंस जायसवाल निवासी लड्डनपुरा, गोविंद गुप्ता व देवेंद्र कुमार निवासी रसूलपुरा और पहड़िया के कृष्णा नगर कॉलोनी निवासी विक्रम जायसवाल हैं। आशीष के मकान में जुआ खेला जा रहा था। सूचना पर एसओजी-2 टीम के साथ जैतपुरा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर छापा मारा।

घाटों पर लगेंगे कैमरे 24 घंटे होगी निगरानी
नागरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए गंगा घाटों पर सिटी कमांड सेंटर से निगरानी की जाएगी। यहां कैमरे लगाए जाएंगे। घाटों का चयन किया जा रहा है। इसके बाद 24 घंटे निगरानी होगी। अधिकारियों ने बताया कि गंगा का पानी कम होने और घाटों पर सफाई के बाद कैमरे लगेंगे। कोई भी घटना होने पर सिटी कमांड सेंटर सीधे पुलिस को सूचित करेगा। इससे घाटों पर अराजकतत्वों पर रोक लगेगी। 

सिटी कमांड सेंटर फेज-1 में 2500 से अधिक अत्याधुनिक कैमरों से शहर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। कमांड सेंटर से 25 पुलिसकर्मी 24 घंटे ड्यूटी पर रहते हैं, जो लगातार फीड पर नजर रखते हैं। साथ ही ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है। शहर को फेज-1 और फेज-2 में विभाजित कर निगरानी की जाएगी। ताकि हर क्षेत्र की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखी जा सके। 

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला
विद्यापीठ में यूजी की 500 पेड सीट पर दाखिले के लिए 2 हजार आवेदन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में यूजी की 500 पेड सीट पर दाखिले के लिए 2000 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। इसमें अधिकांश विद्यार्थी ऐसे हैं, जिन्होंने आवेदन तो पहले कर दिया था लेकिन उन्होंने इंटर की परीक्षा में मिले अंक और अंकपत्र अपलोड नहीं किया था। अब विश्वविद्यालय की ओर से पेड सीट पर जल्द ही काउंसिलिंग कराई जाएगी।

विश्वविद्यालय में स्नातक की 1650 सीटें हैं। इसमें करीब 1100 रेगुलर सीट हैं और 550 पेड सीटों पर दाखिले होंगे। विश्वविद्यालय में अब तक हुई काउंसिलिंग में रेगुलर सीट पर काउंसिलिंग की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब 550 पेड सीट है, जिस पर प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। इस बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने पेड सीट पर ऐसे अभ्यर्थियों को प्रवेश का मौका देने का निर्णय लिया है, जिन्होंने प्रवेश फॅार्म में अपने अर्हकारी परीक्षा का प्राप्तांक नहीं भरा था। 

प्रवेश सेल के समन्वयक प्रो. बंशीधर पांडेय ने बताया कि आठ से 11 अगस्त तक करीब 2000 अभ्यर्थियों ने प्राप्तांक के साथ ही अंकपत्र अपलोड किया है। ऐसे अभ्यर्थी बीए, बीकॉम में मेरिट और योग्यता के आधार प्रवेश ले सकते हैं। करीब 550 सीट पर प्रवेश के लिए बहुत जल्द ही तिथि घोषित की जाएगी। 

सीवर में बैठकर प्रदर्शन, धान रोपा
सीर गोवर्धनपुर डाफी के संत रविदास मार्ग के सीवर में बैठकर मंगलवार को सपा नेता के नेतृत्व में क्षेत्रीय लोगों ने प्रदर्शन किया। धान रोपकर प्रशासन को चेताया कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज होगा। बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष अमन यादव के नेतृत्व हुए विरोध में समस्याओं को रखा गया। प्रदर्शन में लाल बहादुर यादव, बाबूलाल आदि शामिल रहे। 

प्रो. आरपी मौर्य बने सामुदायिक नेत्र संगठन के अध्यक्ष
आईएमएस बीएचयू के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान के प्रमुख प्रो. आरपी मौर्य को अखिल भारतीय सामुदायिक नेत्र विज्ञान संगठन (उत्तर प्रदेश चैप्टर) का अध्यक्ष चुना गया है। मुरादाबाद में 10 अगस्त को आयोजित यूपी चैप्टर के सातवें वार्षिक सम्मेलन के दौरान कार्यकारी समिति की ओर से प्रो. मौर्य को दो वर्षों (2026 से 2028 तक) के लिए यह जिम्मेदारी दी गई है। लखनऊ के डॉ. अलोय मजूमदार को सचिव और डॉ. दिवाकांत मिश्र को वैज्ञानिक सचिव चुना गया। प्रो. मौर्य ने बताया कि संगठन का उद्देश्य उपचार योग्य और असाध्य दोनों तरह के अंधेपन के लिए सस्ती, सुलभ और जवाबदेह नेत्र देखभाल प्रदान करना है। 

बारिश में खराब हो गई सड़क: नारायणपुर जाल्हुपुर को जोड़ने वाली सड़क कई साल से खराब है। लापरवाही से सड़कों की मरम्मत समय पर नहीं हो सकी, जिससे अब बारिश में स्थिति और भी बिगड़ गई है। लापरवाही पर जनता में रोष है। सड़क पर बने गड्ढों में पानी रुकने से जलभराव के साथ-साथ सड़क पर मलबे के चलते फिसलन भी काफी ज्यादा है। इससे डर बना हुआ है कि कहीं कोई हादसा न हो जाए। हमारी प्रशासन और पीडब्ल्यूडी से मांग है कि सड़क की मरम्मत जल्द से जल्द हो।- जीतेंद्र यादव, सरईयां नारायणपुर चौबेपुर

होटल, कारखानों के कर्मचारियों और किरायेदारों का सत्यापन जरूरी
अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेश कुमार सिंह ने राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ मंगलवार को बैठक की। उन्होंने कमिश्नरेट क्षेत्र में रह रहे गैर जनपद, गैर प्रांत के व्यक्तियों, होटलों, दुकानों, कारखानों में काम करने वाले कर्मचरियों, रिक्शा चालकों, ठेले वालों का सत्यापन करें। बिना सत्यापन किसी कर्मचारी नहीं होने चाहिए। लूट, नकबजनी, चोरी, पशु तस्करी के अपराधियों के खिलाफ आपराधिक इतिहास के आधार पर गुंडा, गैंगस्टर, हिस्ट्रीशीट खोलने पर उन्होंने जोर दिया। 

गैर जमानती वारंट के अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किया। अपराध नियंत्रण को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने गश्त तेज करने, पिकेट और बैंक चेकिंग पर विशेष जोर दिया है। बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा नीतू, सहायक पुलिस आयुक्त कैंट, सहायक पुलिस आयुक्त रोहनिया और वरुणा जोन के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे। 

जिला पुस्तकालय में मनाया पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस
महान पुस्तकालय वैज्ञानिक पद्मश्री डॉ. एसआर रंगनाथन की जयंती के पर मंगलवार राजकीय जिला पुस्तकालय में पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में विभिन्न पुस्तकालय विशेषज्ञों, साहित्यकारों, लेखकों, कवियों और पाठकों ने भाग लिया, जहां पुस्तकों के महत्व और आधुनिक युग में उनकी प्रासंगिकता पर चर्चा की गई। 

अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ गीतकार डॉ. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि पुस्तकें हमारी सबसे अच्छी मित्र हैं। मुख्य अतिथि डॉ. अमिताभ राव ने प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक के पुस्तकालयों में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुस्तकालय विकसित करने का आह्वान किया ताकि ज्ञान का प्रसार हर जगह हो सके। 

सारस्वत अतिथि ओमप्रकाश चौबे ओम धीरज ने वाराणसी के राजकीय जिला पुस्तकालय की सराहना करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में इसने बच्चों को जोड़ने का सराहनीय कार्य किया है। वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु उपाध्याय ने कहा कि आज जब मनुष्य मशीनी होता जा रहा है और संवेदनशीलता कम हो रही है, ऐसे में केवल साहित्य और सार्वजनिक पुस्तकालय ही जीवन यात्रा में मार्गदर्शक बन सकते हैं। संचालन और धन्यवाद ज्ञापन पुस्तकालयाध्यक्ष कंचन सिंह परिहार ने किया। 

जिला मुख्यालय पर कांग्रेस का हल्ला बोल, किया प्रदर्शन
दिल्ली में चुनाव आयोग कार्यालय जाने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी,राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित 300 विपक्षी सांसदों की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर हल्ला बोल प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी कार्यालय के पोर्टिको में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की, धरना दिया और जिलाधिकारी के प्रतिनिधि एडीएम को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर फर्जी वोटर लिस्ट बनाकर और नकली वोट डलवाकर लोकतंत्र की हत्या की गई। दिल्ली में विपक्षी सांसद केवल निष्पक्ष चुनाव की गारंटी और पारदर्शिता की मांग करने गए थे, लेकिन सरकार ने डर के कारण पुलिस भेज दी। एक व्यक्ति, एक वोट... हमारे संविधान की रीढ़ है, जिसे तोड़ा जा रहा है। 

फर्जी वोट, डुप्लीकेट नाम, नकली पते...यह लोकतंत्र के गले में फंदा डालने जैसा है। ज्ञापन के जरिए कांग्रेस ने पांच मांग की है। इसमें डिजिटल वोटर लिस्ट उपलब्ध कराने, मतदान के समय की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने, निर्वाचन फार्म 6, 7, 8 का पूरा विवरण देने की मांग की गई है। इस दौरान प्रमोद पांडेय, दुर्गा प्रसाद गुप्ता ,सजीव सिंह, गुलशन अली, अशोक सिंह, सतनाम सिंह, गिरीश पांडेय, राजीव राम समेत सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 

जिला अस्पताल में ढाई घंटे तक पंजीकरण ठप
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में मंगलवार सुबह ढाई घंटे तक ओपीडी में किसी मरीज का पर्चा नहीं बन सका। पर्चा काउंटर पर किसी कर्मचारी के न होने की वजह से मरीजों का पंजीकरण नहीं हो सका। इस कारण बाहर लंबी कतार लग गई। 10.30 बजे कर्मचारी के आने के बाद पर्चा बन सका। इसके बाद मरीज ओपीडी में दिखाने पहुंचे। 

जिला अस्पताल में नियमानुसार सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक ओपीडी का समय है। यहां दो काउंटर पर पर्चा बनता है। मंगलवार को एक ही काउंटर खुला। दूसरा काउंटर खुला, लेकिन कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा तो लोग परेशान हो गए। ज्यादा समय तक इंतजार करने के बाद लोगों ने नाराजगी जताई। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस राम ने बताया कि आभा एप के चलते ऑनलाइन प्रणाली के तहत पर्ची बनाई जाती है। 

मंगलवार को एक कर्मचारी के बीमार होने और दूसरे के छुट्टी पर होने से दिक्कत हुई। भीड़ के कारण मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ा। इस तरह की स्थिति दुबारा न हो, इसके लिए कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है। डॉ. राम ने बताया कि बाद में एक और कर्मचारी को ड्यूटी पर लगाया गया और धीरे-धीरे सभी मरीजों की पर्ची बना दी गई। 

आईआईटी बीएचयू में बेहतर रिसर्च के लिए मेटलर्जी सोसाइटी का गठन
आईआईटी बीएचयू में रिसर्च और इंडस्ट्रीज-एकेडमिक पार्टनरशिप बढ़ाने के लिए मेटलर्जी सोसाइटी का गठन किया गया। सोमवार को मेटलर्जी इंजीनियरिंग विभाग में प्रो. एनपी गांधी मेमोरियल हॉल (एलटी-1) में मेटलर्जी सोसाइटी की गतिविधियों का उद्घाटन हुआ। 1967 बैच के पूर्व छात्र रेथियॉन इंटेलिजेंस एंड स्पेस, अमेरिका के सीनियर टेक्निकल फेलो सुंदर राजन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। 

सुंदर राजन को संस्थान के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने निदेशक कार्यालय के समिति कक्ष में सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि धातुकर्म के क्षेत्र में अंतःविषयक सहभागिता, अनुसंधान सहयोग और शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने की दिशा में ये एक बड़ा कदम है। इस मौके पर डीन प्रो. एनके मुखोपाध्याय, प्रो. हीरालाल प्रमाणिक और विभागाध्यक्ष डॉ. एनसी संथी श्रीनिवास आदि मौजूद रहे। 

आशापुर से पहड़िया के बीच बनेगी टू व्हीलर पार्किंग
आशापुर चौराहे से पहड़िया के बीच जाम की समस्या से निजात के लिए टू व्हीलर पार्किंग बनाई जाएगी। नगर निगम के राजस्व विभाग ने सर्वे शुरू कर दिया है। पिछले दिनों नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने निरीक्षण के दौरान तय किया था कि खाली स्थान पर पार्किंग स्थल को विकसित किया जाएगा। कुछ जगहों पर रेलिंग लगाई जाएगी। चौराहों के खाली स्थान पर ऑटो रिक्शा की पार्किंग के लिए लेन बनाई जाएगी। फ्लाईओवर के नीचे भी कई कार्य कराए जाएंगे। सड़क किनारे पहड़िया से आशापुर के बीच टू व्हीलर पार्किंग कराई जाएगी। 

कई इलाकों में आज गुल रहेगी बिजली
बिजली निगम की ओर से बरेका पेट्रोल पंप के सामने पीडब्ल्यूडी पोल शिफ्टिंग का काम बुधवार को कराया जाएगा। सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक ककरमत्ता न्यू काॅलोनी, बरेका के आसपास दो घंटे बिजली नहीं रहेगी। चांदपुर और टाउन 3 फीडर से जुड़े हरपालपुर, लोहता आदि इलाकों में सुबह 10 बजे से 3 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। 

भादों में भी बाबा के आरती के टिकट बुक
सावन के बाद भादों में भी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के टिकट फुल हो चुके हैं। अगले एक महीने तक चारों प्रहर की आरती के टिकट की ऑनलाइन बुकिंग उपलब्ध नहीं है। ऐसे में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को बाबा विश्वनाथ के सिर्फ सुगम दर्शन ही उपलब्ध हो सकेंगे। श्री काशी विश्वनाथ धाम में देश ही नहीं विदेश से भी श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी है। सावन में महीने भर पहले ही मंगला आरती के टिकट फुल हो गए थे। सावन के बाद भादों की शुरूआत में ही एक महीने के लिए मंगला आरती के टिकट ऑनलाइन बुक हो चुके हैं। 

शगुन हेड गर्ल, यशवी बनीं एकेडमिक हेड
आर्य महिला नागरमल मुरारका माॅडल स्कूल में मंगलवार को शपथ ग्रहण समारोह हुआ। शगुन मौर्य को हेड गर्ल और यशवी सोनी को एकेडमिक हेड गर्ल चुना गया। इसके साथ ही, प्रिया गुप्ता ने स्पोर्ट्स हेड, अर्पिता कुमारी ने कल्चरल हेड और उम्मे अरूबा व अनन्या यादव ने डिसिप्लिन हेड का पद संभाला। वर्तिका सिंह को असेंबली हेड और कनक मिश्रा को एडिटोरियल हेड की जिम्मेदारी दी गई। पूजा दीक्षित ने इन सभी छात्रों को बैज लगाकर शपथ दिलाई। समारोह में शिवालिका अग्रवाल, आरती अग्रवाल, शैली शर्मा आदि मौजूद रहीं। 

अर्पित भाषण में, शिवम निबंध में अव्वल
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के संस्कृत विद्या विभाग में संस्कृत सप्ताह का समापन मंगलवार को हुआ। इसमें सप्ताह भर आयोजित प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए। अर्पित मिश्रा को भाषण में और शिवम मौर्य को निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मिला। मुख्य संयोजक प्रो. रामपूजन पांडेय ने कहा कि आज की विविधता में एकता स्थापित करने के लिए एकमात्र भाषा संस्कृत भाषा है। 

संस्कृत भाषा कठिन है यह मिथ्या दुष्प्रचार है वस्तुत: संस्कृत भाषा सरल एवं सहज है। यह भाषा रोजगारपरक और समाज में प्रतिष्ठा युक्त है। मुख्य अतिथि प्रकाशन विभाग के निदेशक डॉ. पद्माकर मिश्र ने बताया कि संस्कृत का साहित्य विशाल है एवं इस साहित्य का प्रचार प्रसार जन जन तक करने की आवश्यकता है। 

चेहल्लुम पर उठेगा अमारी, दुलदुल का जुलूस
उल्फत बीबी हाता अर्दली बाजार स्थित मास्टर जहीर हुसैन के इमाम बारगाह से चेहल्लुम का जुलूस 15 अगस्त को दिन में एक बजे अंजुमन इमामिया की जानिब से निकलेगा। ये जानकारी अंजुमन इमामिया के मीडिया पैनलिस्ट फसाहत हुसैन बाबू और हसन मेहंदी कब्बन ने दी।

उन्होंने बताया कि चेहल्लुम की मजलिस को मौलाना इकबाल हैदर साहब खिताब करेंगे। जुलूस अपने कदीमी रास्ते उल्फत बीबी हाता, अर्दली बाजार, डिठोरी महाल होते हुए पुन: जहीर हुसैन के इमाम बारगाह में समाप्त होगा। जुलूस उल्फत बीबी हाता के मुख्य द्वार पहुंचने पर एक तकरीर होगी जिसे मौलाना सैयद रजा हैदर शिरकत करेंगे। 

40 कैमरे की मदद से खोजकर लौटाया बैग
सिटी कमांड सेंटर ने मंगलवार को तीन घंटे और 40 कैमरों की मदद से एक युवक का बैग खोजकर उसे वापस सौंपा। बलिया के संतोष कुमार ने पीएमओ कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान बैग खोने की जानकारी जिला पंचायत अध्यक्ष को दी थी। बताया था कि 8 अगस्त को परिवार के साथ कैंसर हॉस्पिटल बीएचयू से दवा लेकर कैंट रेलवे स्टेशन ऑटो से गया था। इसी दौरान बैग ऑटो में छोड़ दिया, जिसमें कैंसर की दवाइयां, पैसे और दस्तावेज थे। सिटी कमांड सेंटर फेज-1 के इंचार्ज दुर्गेश सरोज ने बताया कि 8 से 11 अगस्त तक सीसीटीवी कैमरों से ऑटो का पंजीकरण नंबर पहचान लिया गया। इसके बाद ऑटो चालक को पकड़कर बैग संतोष को सौंपा गया। 

संस्कृत कंप्यूटर के लिए सर्वाधिक उपयुक्त 
वेद वेदांग महाविद्यालय मुमुक्षु भवन में संस्कृत भारती की ओर आयोजित संस्कृत सप्ताह का समापन मंगलवार को हुआ। सुबह-ए-बनारस के उपाध्यक्ष डॉ. प्रमोद मिश्र ने कहा कि संस्कृत भारत की आत्मा है। वेद-वेदांग, पुराण, आदि काव्य वाल्मीकि रामायण, महाभारत एवं अन्य शास्त्र संस्कृत भाषा में ही हैं।

संस्कृत के प्रचार प्रमुख डॉ. सरोज कुमार पांडेय ने कहा कि संस्कृत एक वैज्ञानिक भाषा है। अध्यक्षता प्रो. रविशंकर पांडेय ने की। संचालन डॉ. शैलेंद्र नाथ दीक्षित और धन्यवाद ज्ञापन श्रीकृष्ण मिश्र ने किया। इस अवसर पर अशोक चौधरी, डॉ. सरोज कुमार पांडेय, अमरचंद  ठाकुर, विमल कुमार उपस्थित रहे। 

उमंग शाह बने सीआईआई के अध्यक्ष, विनम्र उपाध्यक्ष
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की ओर से आयोजित बैठक में क्षेत्र के विकास के लिए अवसरों, औद्योगिक चुनौतियों और सहयोगी पहल पर चर्चा की गई। इस दौरान नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई। बैठक में यूपी नेशनल मैन्युफैक्चरर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक उमंग साह को अध्यक्ष बनाया गया जबकि विनम्र अग्रवाल उपाध्यक्ष बनाए गए। 

सीआईआई की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मंडलायुक्त एस राजलिंगम के साथ 50 से अधिक उद्योगों के सदस्य एक साथ आए। मंडलायुक्त ने कहा कि हमें विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है। शहर के विकास के लिए अधिक सामूहिक रूप से कार्य करना होगा। 

सीआईआई उत्तर प्रदेश की चेयरपर्सन डॉ. उपासना अरोड़ा ने सीआईआई वाराणसी जोन की सक्रिय पहल की सराहना की। नवनियुक्त अध्यक्ष उमंग साह ने कहा कि उद्योग–सरकार की साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। नवाचार, सतत विविकास प्रथाओं और कौशल विकास को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।

दुर्ग विनायक को अर्पित किया 21 क्विंटल भोग
संकष्टी गणेश चतुर्थी पर दुर्गाकुंड स्थित काशी खंडोक्त श्री दुर्ग विनायक का जन्मोत्सव मनाया गया। मंगलवार को भाद्रपद कृष्ण पक्ष की चतुर्थी के अवसर पर वार्षिक शृंगार के दर्शन के लिए भोर से भक्तों की भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर प्रथमेश गणेश जी का स्वर्ण व रजत आभूषणों से भव्य शृंगार कर दिव्य झांकी सजाई गई।

सुबह पांच बजे शृंगार के साथ मंदिर का पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके बाद 9 से 11 बजे वैदिक आचार्यों की ओर से गणेशअथर्वशीर्ष का पाठ व दूर्वा से गणेश सहस्त्रार्चन किया गया। अपराह्न एक बजे विविध प्रकार के फलों व मोदक का भोग लगाया गया।  

इसके बाद 21 क्विंटल का भोग गणपति को अर्पित किया गया। शाम 7 बजे विराट आरती उतारी गई। रात 11 बजे शयन आरती के साथ मंदिर के कपाट बंद हुए। समस्त आयोजन महंत ज्ञानेश्वर दुबे के सानिध्य में हुआ। आरती प्रधान पुजारी ईशांक दुबे ने उतारी। इस अवसर पर अनुराग मिश्रा, निर्भय उपाध्याय, अशोक मिश्रा, अंकित उपाध्याय, उमेश शुक्ला मौजूद रहे।

दो दिन में 80 से 88% हुई हवा में नमी
बनारस में तेज धूप और उमस का स्तर बढ़ता जा रहा है। इसके चलते हवा की नमी दो दिन में 80 फीसदी से बढ़कर 88 फीसदी पर आ गई। उमस का स्तर रात में भी कम नहीं है। मंगलवार को दिन और रात के पारा में सिर्फ छह डिग्री का अंतर रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम पारा सामान्य से 1.8 ज्यादा 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से आज बनारस में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 

रेलवे ने 56 टिकट बुकिंग सेवक के लिए निकाली भर्ती
पूर्वोत्तर रेलवे के बनारस, मऊ, वाराणसी सिटी, गाजीपुर सिटी, बलिया, आजमगढ़, ज्ञानपुर रोड समेत 30 रेलवे स्टेशनों पर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) के संचालन के लिए 56 पदों पर नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 29 अगस्त है। 

चयनित युवाओं को रेलवे टिकट बिक्री के जरिये कमीशन आधारित आय का मौका मिलेगा। चयनित युवक एटीवीएम के जरिये स्टेशन परिसर में टिकट बेचेंगे। पूर्वोत्तर रेलवे के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि इससे यात्रियों को सुविधा होगी और युवाओं को रोजगार मिलेगा। प्रत्येक टिकट पर दो रुपये का कमीशन दिया जाएगा। बनारस, गाजीपुर और आजमगढ़ जंक्शन पर टिकट बुकिंग सेवक की तैनाती ज्यादा होगी। 

पहले चरण में 31 को मिला रोजगार
सेवायोजन कार्यालय चौकाघाट में मंगलवार को पहले चरण के दिव्यांगजन रोजगार मेले में वाराणसी के साथ जौनपुर के दिव्यांग अभ्यर्थी पहुंचे। मेले में आए 62 अभ्यर्थियों में से 31 को प्रथम चरण के तहत ऑफर लेटर दिया गया। मेले में सरकारी और निजी क्षेत्र की पांच से अधिक कंपनियों ने लिखित और साक्षात्कार के बाद ऑफर लेटर दिया। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि मंगलवार को पहले चरण का आयोजन किया गया। जल्द ही दूसरे चरण का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मुकेश कुमार, नीलेश कुमार स्वर्णकार, अभिषेक सिंह मौजूद थे। 

डीएवी में 175 कैडेट्स की भर्ती आज
डीएवी इंटर कॉलेज में बुधवार को एनसीसी कैडेट्स की भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। भर्ती के माध्यम से कॉलेज के 135 और श्री कमलाकर चौबे आदर्श सेवा विद्यालय इंटर कॉलेज के 40 कैडेट्स का चयन किया जाएगा। यह भर्ती आर्य विद्या सभा काशी के खेल मैदान में होगी। प्रधानाचार्य ने बताया कि इस भर्ती के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 89 यूपीबीएन एनसीसी बीएचयू से संबद्ध इन दोनों कॉलेजों के लिए कुल 175 कैडेट्स का चयन किया जाएगा। 

अतिथि अध्यापक के लिए साक्षात्कार 18 को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के दर्शनशास्त्र विभाग के योग पाठ्यक्रम में अतिथि अध्यापक के लिए साक्षात्कार 18 अगस्त को दोपहर 2 बजे से होगा। विभागाध्यक्ष प्रो. नंदिनी सिंह ने बताया कि दर्शनशास्त्र पाठ्यक्रम के लिए 19 अगस्त को सुबह 10 बजे से विभागाध्यक्ष कक्ष में साक्षात्कार होगा। अभ्यर्थियों को सभी शैक्षणिक अभिलेखों की मूल और छायाप्रति के साथ उपस्थित होना जरूरी है। 

18 को होगी छूटी हुई मौखिकी परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ अर्थशास्त्र विभाग में बीए षष्ठम सेमेस्टर की छूटी हुई मौखिक परीक्षा 18 अगस्त को होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. अंकिता गुप्ता ने बताया कि परीक्षा सुबह 9 बजे से 11 बजे तक होगी। इस बारे में विस्तृत जानकारी विभाग से प्राप्त की जा सकती है। 

‘मेरा कॅरिअर मेरे देश के लिए’ का हो भाव
बीएचयू में मंगलवार को चार दिवसीय अभिविन्यास सह प्रेरण कार्यक्रम के दूसरे दिन शिक्षकों से गांधी, विवेकानंद और भारतीय दर्शन के विचारों को अपनाने की बात कही गई। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा के पूर्व प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल ने कहा कि 'मेरा कॅरिअर मेरे देश के लिए’ यह भाव हर शिक्षक में होना चाहिए। भावी शिक्षकों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन को राष्ट्र-सेवा में समर्पित करें। भारतीय शिक्षा, शोध-पद्धति और शिक्षण प्रणाली पर विश्वास रखें। केवल आलोचनात्मक चिंतन ही पर्याप्त नहीं, बल्कि सृजनात्मक कल्पना भी जरूरी है। 
विज्ञापन

काॅलेजों के लिए होगी नैक कार्यशाला, जल्द होंगे प्रमोशन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) की बैठक में शिक्षकों के प्रमोशन सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान कॅरिअर एडवांसमेंट स्कीम (कैस) के तहत प्राप्त आवेदन पत्रों पर प्रमोशन की प्रक्रिया पूरी करने पर सहमति बनी। कुलपति प्रो. त्यागी ने कहा कि शिक्षकों के प्रमोशन संबंधी सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे कर लिए जाएंगे। 

बैठक में आईक्यूएसी सदस्य व पूर्व कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह ने कहा कि भविष्य में संबद्ध महाविद्यालयों के लिए नैक असेसमेंट के संबंध में वर्कशॉप आयोजित कराए जाने की जरूरत है। बैठक में एनईपी-2020 के अंतर्गत चार वर्षीय बीए प्रोग्राम में इंडस्ट्री-एफिलेटेड प्रोजेक्ट्स को लागू करने और विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव जोड़ने पर सदस्यों ने चर्चा की। 

संचालन निदेशिका प्रो. नंदिनी सिंह, धन्यवाद ज्ञापन प्रो. आनंद शंकर चौधरी ने किया। इस दौरान डॉ. सविता भारद्वाज, नीरज पारिख, कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, प्रो. बंशीधर पांडेय, प्रो. संजय, प्रो. अंकिता गुप्ता मौजूद रहीं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें