बैठक में सीमा विस्तारित क्षेत्रों में सरकारी जमीनों, तालाबों, कुंडों के चिह्नांकन के बारे में पूछने पर अपर नगर आयुक्त राजीव कुमार राय ने बताया कि सीमा विस्तारित क्षेत्रों में जमीन के चिह्नांकन की कार्यवाही जारी है। अब तक 212 जमीनों का चिह्नांकन किया गया है। इसमें गढ़ही, तालाब, बंजर भूमि एवं सरकारी जमीनें हैं। जिला प्रशासन से अतिरिक्त लेखपालों की मांग की गई है। मेयर ने आदेश दिया कि अभियान चलाकर आगामी एक माह में हर हाल में काम पूरा कराएं। अभियान के दौरान सामान्य विभाग की एक टीम साथ में वैन लेकर चलेगी। मौके पर ही जमरनों का चिह्नांकन कर चौहद्दी तय होगी। साथ ही नगर निगम का बोर्ड लगाया जाएगा।
नगर सीमा में तीन महापुरुषों की लगेगी प्रतिमा
नगर सीमा में तीन महापुरुषों की प्रतिमा लगेगी। कार्यकारिणी सदस्य मदन मोहन दुबे ने प्रस्ताव रखा कि शिवाजी महाराज, काशी नरेश महाराज (विभूति नारायण सिंह) औरपंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमाएं लगाई जाएं। इस प्रस्ताव को सभी सदस्यों ने पास किया।
सड़क और गली निर्माण के सभी कार्य 31 तक कराएं शुरू
बैठक में सड़क, गलियों के निर्माण के बारे में मेयर ने जानकारी मांगी। मुख्य अभियंता मोइनुद्दीन ने बताया कि कई कार्य शुरू हो गए हैं। कुछ टेंडर की कार्रवाई में हैं। मेयर ने कहा कि जनहित में सभी कार्यों का टेंडर अति अल्पकालिक किया जाए। सभी कार्य को 31 दिसंबर तक शुरू कराएं। मेयर ने नगर निगम भवन में लगे लिफ्ट तत्काल ठीक कराने को कहा। हृदय योजना में लगी सभी हेरिटेज लाइटों का सर्वे कर तत्काल मरम्मत कराएं।
बैठक में कार्यकारिणी सदस्य अक्षयवर सिंह ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सीवर जाम व दूषित पेयजल की आपूर्ति की मुद्दा उठाया। इस पर मेयर ने महाप्रबंधक जलकल विजय नारायण मौर्य को निर्देशित किया कि विधानसभावार सभी पार्षदों के साथ बैठक कर उनके क्षेत्र की समस्याओं को नोट करें निस्तारित कराएं। साथ ही जलकल के सभी अवर अभियंताओं को प्रतिदिन जोनल कार्यालयों पर बैठाएं। इससे तेज गति से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण होगा।
कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
- 27 दिसंबर को कार्यकारिणी की बैठक में सभी अधिकारी अभिलेखों, टेंडर का विवरण लेकर उपस्थिति होंगे।
- गोदौलिया से मैदागिन तक चल रहे गोल्फ कार्ट वाहन का चार्जिंग स्टेशन दशाश्वमेध जोन में बनाया जाएगा।
- निगम के सभी वाहनों का मेंटनेंस कार्य अधिकृत कंपनी से किया जाएगा। ठेकेदारों से मरम्मत का कार्य नहीं होगा।
- नगर में सभी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के लिए हर जोन में अलग-अलग कंपनियों को काम दिया जाएगा।
- निगम की सभी 1482 दुकानों की किराया दरें सर्किल दर पर होगा। दुकानों के लिए कैटेगरी का निर्धारण होगा।
- 31 दिसंबर तक आठ लोडर मशीनें मंगाई जाएंगी, अभियान के दौरान उत्पीड़न की शिकायत पर लगाम लगाएं।
इस पर आगामी बैठक में लिया जाएगा निर्णय
- मेहता हास्पिटल के पास 1633.81 वर्गमीटर की भूमि श्रीवारी केमिकल फैक्टरी को लीज पर दिया जाए। इसके लिए 10 लाख रुपये प्रतिमाह की दर से पैसा लेने और पांच
- साल तक के लिए ही लीज पर देने का प्रस्ताव रखा गया।
- लीज पर ली गई बिरला हास्पिटल की भूमि के लिए 99,999 रुपये प्रतिवर्ष लेने और 30 साल तक लीज पर देने का प्रस्ताव रखा गया। नगर निगम की दुकानों का वरासत और
- सिकमी किरायेदारी लागू करने का प्रस्ताव।