घोसी से सपा की जीत
मऊ जिले की घोसी लोकसभा सीट से सपा के प्रत्याशी राजीव राय ने 162106 मतों से जीत हासिल की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी एनडीए प्रत्याशी अरविंद राजभर को शिकस्त दी है।
सलेमपुर से सपा के रमाशंकर राजभर ने मारी बाजी
सलेमपुर लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी रमाशंकर राजभर ने बाजी मारी। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी रविंद्र कुशवाहा को शिकस्त दी है। रमाशंकर राजभर ने जीत के बाद सलेमपुर की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस भरोसे से सांसद के रूप में चुना है, उस पर खरा उतरने के लिए विकास के कार्यों को आगे बढ़ाऊंगा।
रॉबर्ट्सगंज से सपा के छोटेलाल खरवार जीते
रॉबर्ट्सगंज लोकसभा सीट से सपा के छोटेलाल खरवार को जीत मिली है। उन्हें 4.57 लाख मत प्राप्त हुए। उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी अपना दल-एस की रिंकी कोल को 3.33 लाख वोट मिले हैं।
लालगंज लोकसभा सीट से दरोगा प्रसाद सरोज की हुई जीत
आजमगढ़ जनपद की लालगंज सीट से सपा प्रत्याशी दरोगा प्रसाद सरोज को जीत मिली। उन्होंने भाजपा की नीलम सोनकर को शिकस्त दी। जीत से उत्साहित सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर ढ़ोल बजाए और मिठाइयां बांटीं। दरोगा प्रसाद ने मतों से जीत हासिल की है।
पीएम की जीत पर बाबा विश्वनाथ को 251 किलो लड्डू का लगाया भोग
वाराणसी संसदीय क्षेत्र से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरी बार चुनाव जीतने की खुशी में दक्षिणी विधानसभा के कार्यकर्ताओं द्वारा बाबा काशी विश्वनाथ को 251 किलो लड्डू का भोग लगाकर प्रसाद वितरण कराया गया।
जौनपुर से सपा के बाबू सिंह कुशवाहा ने मारी बाजी
जौनपुर लोकसभा सीट से सपा के बाबू सिंह कुशवाहा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह को मात दिया है। जीत के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बाबू सिंह कुशवाहा को प्रमाण पत्र दिया।
मछलीशहर से सपा की प्रिया सरोज को मिली जीत
मछलीशहर लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी प्रिया सरोज ने जीत दर्ज की है। तीत के बाद सांसद प्रिया सरोज को सीडीओ साईं तेजा सीलम ने प्रमाण पत्र दिया। इस दौरान सपाईयों में जश्न का माहौल रहा।
बलिया से सपा की हुई जीत
बलिया लोकसभा सीट पर भाजपा के प्रत्याशी एवं पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर को सपा प्रत्याशी सनातन पांडेय से करारी हार का सामना करना पड़ा। सनातन ने नीरज शेखर को लगभग 90 हजार मतों से पराजित किया। पिछले लोकसभा चुनाव में सनातन पांडेय को भाजपा प्रत्याशी से लगभग 15 हजार मतों से पराजित होना पड़ा था। इस बार उन्होंने भाजपा को धूल चटाकर अपनी हार का बदला ले लिया।
अफजाल अंसारी ने गाजीपुर की जनता को कहा धन्यवाद
गाजीपुर जिले से जीत हासिल करने के बाद अफजाल अंसारी ने इंडी गठबंधन के नेताओं को और गाजीपुर की जनता का आभार जताया है।
अनुप्रिया पटेल की जीत का मनाया जश्न
मिर्जापुर से केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की जीत पर समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। अनुप्रिया पटेल की जीत के बाद महिला समर्थकों ने ढोल ताशे पर थिरकते हुए खुशियां मनाईं।
दुद्धी विधानसभा (उपचुनाव) से जीते
दुद्धी विधानसभा उपचुनाव में 26 चक्रों की गणना पूरी हो चुकी है। सपा प्रत्याशी विजय सिंह गोंड 2996 मतों से आगे हैं। उन्हें कुल 82164 मत मिले हैं। भाजपा के श्रवण गाेंड ने 79168 वोट पाया है। जीत की औपचारिक घोषणा शेष है।
आजमगढ़ से सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव की हुई जीत
आजमगढ़ लोकसभा सीट से सपा के प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव को जीत मिली है। उन्होंने भाजपा के दिनेशलाल यादव को 161035 मतों से हराया है। इस जीत से उत्साहित सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर ढ़ोल बजाए और मिठाइयां बांटी।
भदोही से जीत के बाद भाजपा प्रत्याशी व समर्थकों ने मनाया जश्न
भदोही से जीत के बाद भाजपा प्रत्याशी डॉ. विनोद बिंद अपने समर्थकों के साथ एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।
गाजीपुर की डीएम ने अफजाल अंसारी को सौंपा प्रमाण पत्र
गाजीपुर जिले से सपा के टिकट पर चुनाव जीतने के बाद अफजाल अंसारी को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने प्रमाण पत्र सौंपा। अफजाल अंसारी ने 124266 वोटों से जीत हासिल की है।
चंदौली से सपा प्रत्याशी की जीत
चंदौली लोकसभा सीट का परिणाम आ चुका है। यहां से सपा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह ने जीत दर्ज की। जीतने के बाद वीरेंद्र सिंह व उनके समर्थकों ने विजय निशान दिखाते हुए तस्वीरें खिंचवाईं। यहां भाजपा से केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय चुनाव मैदान में थे।
मिर्जापुर से अनुप्रिया पटेल लगातार तीसरी बार बनीं सांसद
मिर्जापुर से अपना दल-एस की प्रत्याशी अनुप्रिया पटेल ने तीसरी बार जीत दर्ज किया है। अनुप्रिया पटेल की जीत से समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
भदोही में भाजपा की जीत
भदोही में भाजपा उम्मीदवार डॉ. विनोद बिंद ने 48082 वोट प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंदी पूर्व मुख्यमंत्री पंडित कमलापति त्रिपाठी के प्रपौत्र टीएमसी प्रत्याशी ललितेश पति त्रिपाठी को 44 हजार से अधिक वोटों से हरा दिया है। 33 चक्रों की मतगणना में ललितेश को 413708 वोट मिले। वहीं बसपा के हरिशंकर सिंह चौहान को 154207 वोट मिले हैं।
मिर्जापुर लोकसभा से अपना दल एस 45741 मत से आगे
गाजीपुर से अफजाल अंसारी जीते
गाजीपुर लोकसभा सीट से अफजाल अंसारी लगातार दूसरी बार सांसद बने हैं। हालांकि इससे पहले वे बसपा के टिकट पर सांसद बने थे। इस बार वे सपा के टिकट पर चुनाव जीते हैं।
इंडी गठबंधन के कार्यालय पर पसरा सन्नाटा
वाराणसी लोकसभा सीट से तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सांसद बनने पर जहां भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है, वहीं इंडी गठबंधन के कार्यालय पर सन्नाटा पसरा है।
भदोही के टीएमसी प्रत्याशी पहुंचे हनुमान मंदिर
भदोही जिले के टीएमसी प्रत्याशी ललितेश पति त्रिपाठी ने औराई के प्राचीन हनुमान मंदिर में मंगलवार की सुबह पहुंचकर दर्शन पूजन कियाऔर बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया।
भदोही में महादेव का आशीर्वाद लेने पहुंचे भाजपा प्रत्याशी
मतगणना से पहले गोपीगंज के बाबा बड़े शिव धाम मंदिर में भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर विनोद बिंद पूजन अर्चन करने पहुंचे। यहां वे दो घंटे तक महादेव का रुद्राभिषेक करेंगे।
कड़ी सुरक्षा के बीच होगी मतगणना
लोकसभा चुनाव की मतगणना आज सुबह 8:30 बजे से शुरू होगी। मतगणना की सुरक्षा में 300 अर्द्धसैनिक बल, 200 पीएसी, 1300 सिविल पुलिस के जवानों सहित 20 राजपत्रित अधिकारियों को लगाया गया है। मतगणना स्थल को आउटर, इनर और आइसोलेशन कार्डन में विभाजित कर तीन पालियों में ड्यूटी लगाई गई है।