जीआई उत्पाद में शामिल बनारसी लंगड़ा आम यूरोपीय और खाड़ी देशों में दस्तक देगा। 10-10 टन बनारसी लंगड़ा आम की खेप यूरोप और खाड़ी देशों में भेजने की तैयारी है। दो साल पहले जीआई उत्पाद में शामिल बनारसी लंगड़ा आम की खेप मई के अंतिम सप्ताह तक बाजार में आ जाएगी। जून के पहले सप्ताह से बनारसी लंगड़ा आम का निर्यात भी शुरू होगा।
यूरोपीय और खाड़ी देशों समेत दुनिया भर में बनारसी लंगड़ा आम को पहुंचाने को लेकर जिला प्रशासन स्तर से तैयारियां चल रही हैं। पिछले दिनों सीडीओ हिमांशु नागपाल ने भी जीआई उत्पादों की समीक्षा बैठक में बनारसी लंगड़ा आम को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया था।जीआई विशेषज्ञ डॉ. रजनीकांत मिश्रा ने बताया कि जिला प्रशासन के इस प्रयास से किसानों का भी मनोबल बढ़ा है।
ब्रांड बन चुका बनारसी लंगड़ा आम दुनिया भर में छाने लगा है। इसकी ब्रांडिंग और मार्केटिंग पर जिला प्रशासन का जोर है। इसका सीधा लाभ यहां के उत्पादकों को मिलेगा। बनारसी लंगड़ा आम को कार्टन में जीआई टैग के साथ भेजा जाना है। इसके लिए काशी के अधिकृत जीआई उत्पादकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।