फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News: 4.92 करोड़ रुपये से बनेगा मंडलीय इंडोर मिनी स्टेडियम, 14 महीने में पूरा होगा निर्माण; जानें खास

Mon, 08 Jun 2026 01:14 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी के रामनगर स्थित पीएम श्री प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में 4.92 करोड़ रुपये की लागत से मंडलीय इंडोर मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा। 14 माह में पूरा होने वाले इस स्टेडियम का शिलान्यास विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने किया। इसके निर्माण से मंडल के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं और बेहतर प्रशिक्षण का मंच उपलब्ध होगा।
विज्ञापन
मंडलीय इंडोर मिनी स्टेडियम का शिलान्यास करते विधायक साैरभ श्रीवास्तव। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रामनगर स्थित पीएम श्री प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में 4.92 करोड़ रुपये की लागत से मंडलीय इंडोर मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। स्टेडियम बनने से वाराणसी मंडल के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने में मदद मिलेगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास क्षेत्रीय विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने भूमि पूजन कर किया।

विज्ञापन


विद्यालय के प्रधानाचार्य अविनाश कुमार मिश्र ने बताया कि स्टेडियम निर्माण के लिए शासन द्वारा 14 माह की समयसीमा निर्धारित की गई है। हालांकि विद्यालय प्रशासन और संबंधित विभागों का प्रयास रहेगा कि निर्माण कार्य को 12 माह के भीतर पूरा कर लिया जाए। उन्होंने बताया कि मंडलीय स्तर के इस इंडोर मिनी स्टेडियम का लाभ माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के हजारों छात्र-छात्राओं को मिलेगा।

विज्ञापन

प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय खेल गतिविधियों के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। यहां के लगभग 20 छात्र राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं, जबकि 100 से अधिक छात्र जिला, मंडल और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में विद्यालय का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। ऐसे में आधुनिक खेल संसाधनों से लैस स्टेडियम बनने के बाद खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और अभ्यास के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षा और खेल किसी भी राष्ट्र की प्रगति के दो मजबूत आधार स्तंभ हैं। विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और संस्कार को जीवन में सर्वोच्च स्थान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी महत्वपूर्ण साधन है।

विधायक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के बाद अंतिम लक्ष्य राष्ट्र सेवा और समाज के उत्थान में योगदान होना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि यह स्टेडियम क्षेत्र के खिलाड़ियों को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

समारोह के अंत में प्रधानाचार्य अविनाश कुमार मिश्र ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पीएसी सेनानायक अनिल पांडेय, पूर्व मंडल अध्यक्ष आशा गुप्ता, वर्तमान मंडल अध्यक्ष प्रीति, जितेंद्र, राजकुमार, रितेश, विवेक मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें