वीडीए आवश्यक जमीन उपलब्ध कराए ताकि बिना देरी के पूरा हो रोपवे
जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने शुक्रवार को गिरजाघर चौराहे के पास रोपवे के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। डीएम ने वीडीए को टावर टी 23 और टी 25 के निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने के लिए भी कहा, ताकि रोपवे निर्माण कार्य बिना किसी देरी के पूरा किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यदायी संस्था, जलकल, वाराणसी विकास प्राधिकरण और पुलिस विभाग के आधिकारियों को आवश्यक हिदायत दी। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित कराने के लिए सीओ और संबंधित थाना प्रभारी को जिम्मेदारी दी।
डीएम ने जलकल विभाग और बिजली विभाग को हिदायत दी कि सावन शुरू होने से पहले रोपवे कॉरिडोर के भीतर मौजूदा यूटिलिटीज को स्थानांतरित कर दिया जाए। ताकि, सावन में कांवड़ियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। कार्यदायी एजेंसियों से काम की प्रगति पूछी।
इस दौरान अधिकारियोंं ने डीएम को मानचित्र के जरिये पूरी योजना के बारे में बताया। यहां पर अधिक वाहनों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात विभाग के अधिकारियों को भी बेहतर व्यवस्था बनाने को कहा। सावन में यह इलाका पूरी तरह से कांवड़ियों से पटा होता है। ऐसी स्थिति में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इसके लिए नगर निगम को भी बेहतर साफ सफाई और पानी का समुचित प्रबंध कराने की जिम्मेदारी दी।