वाराणसी के नक्खीघाट स्थित वरुणा पुल के समीप सोमवार की देर रात मुठभेड़ के दौरान बड़ी पियरी निवासी 25 हजार के इनामी बदमाश हरीश यादव उर्फ पाड़े को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया। हरीश मूल रूप से जौनपुर के चंदवक थाना के गोबरा गांव का निवासी है।
हरीश के साथ उसके दो गुर्गे सेनपुरा का अनुराग चौरसिया और बड़ी पियरी का विक्की भी गिरफ्तार किया गया है। तीनों के पास से दो तमंचा, तीन कारतूस, 12 हजार रुपये, लूटी गई बाइक और तीन मोबाइल बरामद कर मंगलवार को जेल भेज दिया गया।
क्राइम ब्रांच के अनुसार तीनों बदमाश औरंगाबाद निवासी व्यापारी की हत्या करने के लिए पिस्टल खरीदने चंदौली जा रहे थे। एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद ने बताया कि क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जैतपुरा की ओर से तीन बदमाश बाइक से नक्खीघाट पुल की ओर जा रहे हैं।
इस सूचना पर क्राइम ब्रांच प्रभारी ने टीम के साथ नक्खीघाट पुल के समीप घेरेबंदी की। बाइक सवार बदमाशों के आने पर उन्हें रुकने का इशारा किया गया तो एक ने फायरिंग की लेकिन जवाबी कार्रवाई में तीनों पकड़े गए।
हरीश के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और गैंगेस्टर एक्ट सहित अन्य आरोपों में नौ से ज्यादा मुकदमे वाराणसी और जौनपुर जिले में दर्ज हैं। डकैती के एक मामले में हरीश चेतगंज पुलिस के लिए 2017 से वांछित था और उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।