फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी क्राइम ब्रांच को मिली बड़ी सफलता, 25 हजार का इनामी बदमाश दो गुर्गों संग हत्थे चढ़ा

Tue, 11 Sep 2018 07:03 PM IST
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,वाराणसी
विज्ञापन
गिरफ्त में आए बदमाश - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
वाराणसी के नक्खीघाट स्थित वरुणा पुल के समीप सोमवार की देर रात मुठभेड़ के दौरान बड़ी पियरी निवासी 25 हजार के इनामी बदमाश हरीश यादव उर्फ पाड़े को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया। हरीश मूल रूप से जौनपुर के चंदवक थाना के गोबरा गांव का निवासी है।
विज्ञापन


हरीश के साथ उसके दो गुर्गे सेनपुरा का अनुराग चौरसिया और बड़ी पियरी का विक्की भी गिरफ्तार किया गया है।  तीनों के पास से दो तमंचा, तीन कारतूस, 12 हजार रुपये, लूटी गई बाइक और तीन मोबाइल बरामद कर मंगलवार को जेल भेज दिया गया।

क्राइम ब्रांच के अनुसार तीनों बदमाश औरंगाबाद निवासी व्यापारी की हत्या करने के लिए पिस्टल खरीदने चंदौली जा रहे थे। एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद ने बताया कि क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जैतपुरा की ओर से तीन बदमाश बाइक से नक्खीघाट पुल की ओर जा रहे हैं।
विज्ञापन


इस सूचना पर क्राइम ब्रांच प्रभारी ने टीम के साथ नक्खीघाट पुल के समीप घेरेबंदी की। बाइक सवार बदमाशों के आने पर उन्हें रुकने का इशारा किया गया तो एक ने फायरिंग की लेकिन जवाबी कार्रवाई में तीनों पकड़े गए।

हरीश के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और गैंगेस्टर एक्ट सहित अन्य आरोपों में नौ से ज्यादा मुकदमे वाराणसी और जौनपुर जिले में दर्ज हैं। डकैती के एक मामले में हरीश चेतगंज पुलिस के लिए 2017 से वांछित था और उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
विज्ञापन

चंदन के बाद उसके गिरोह का कर्ताधर्ता था हरीश

demo pic
हमीरपुर के भाजपा विधायक अशोक चंदेल की हत्या की सुपारी लेने वाला 50 हजार का इनामी बदमाश चंदन सोनकर बीते दिनों एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। चंदन के बाद उसकी गैंग का कर्ताधर्ता हरीश था। चंदन के कहने पर ही औरंगाबाद निवासी व्यापारी की हत्या करने के लिए हरीश और अन्य दोनों बदमाश निकले थे।

2016 में बनारस के राजू सेठ व उदय सेठ की चंदवक में हत्या करने का आरोप हरीश पर है। 2017 में व्यापारी प्रेमप्रकाश गुप्ता को पिपलानी कटरा के सामने गोली मारकर लूटने का आरोप हरीश पर है।

बीते 18 अगस्त को पंचक्रोशी चौराहा पर एक युवक से चेन छीनने, 23 अगस्त को जेपी मेहता इंटर कॉलेज के समीप एक महिला से चेन छीनने और पांच सितंबर को मवइयां पेट्रोल पंप के समीप एक आदमी से मोबाइल और नगदी लूटने का आरोप हरीश पर है।

एसपी क्राइम ने बताया कि बीते जनवरी माह से अब तक क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह ने 13 इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया। इसमें 50 हजार के दो इनामी, 25 हजार के पांच इनामी, 20 हजार का एक इनामी और 15 हजार के पांच इनामी बदमाश शामिल हैं। जिले के अन्य इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए भी काम जारी है और जल्द ही वो भी हमारी गिरफ्त में होंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें