निकाय चुनाव में मेयर पद की दावेदारों की धड़कनें तेज हो गई हैं। आज मेयर पद के प्रत्याशियों की सूची लखनऊ से जारी हो सकती है। निकाय चुनाव प्रभारी व प्रदेश महामंत्री सलिल विश्नोई ने पैनल बनाकर नामों की सूची प्रदेश नेतृत्व को सौंप दी है।
योग्य उम्मीदवारों के नाम पर प्रदेश नेतृत्व के साथ स्थानीय पदाधिकारियों की चर्चा भी हुई है। इधर, लखनऊ से बनारस लौटे पदाधिकारियों ने बताया कि लखनऊ में नाम फाइनल हो गया है, बस घोषणा नहीं की गई।
प्रत्याशी के नाम की घोषणा से पहले संघ और भाजपा के नेता अपनी पसंद के दावेदार को टिकट दिलाने की जुगत में दिन-रात एक किए हुए हैं। दावेदार तो टिकट पाने के लिए जी-जान लगाए ही हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक आलाकमान ने जिन नामों पर मुहर लगा दी है, उन्हें फोन से सूचित भी किया गया है और सख्त हिदायत दी गई है कि पार्टी की ओर से प्रत्याशियों की घोषणा के पहले वे अपने नाम की चर्चा न करें।
सूत्र बता रहे हैं कि संघ के पदाधिकारी जायसवाल वर्ग की महिला उम्मीदवार के पक्ष में हैं जबकि भाजपा नेता पटेल वर्ग की दावेदार को प्रत्याशी घोषित किए जाने की कोशिश में जुटे हैं। माना जा रहा है कि पहली सूची में ही बनारस के मेयर प्रत्याशी के नाम की घोषणा की जा सकती है।
भाजपा इस इंतजार में भी है कि पहले सपा की सूची घोषित हो ताकि उसके मुकाबिल अपना प्रत्याशी चुनावी समर में उतारा जा सके। चर्चा है कि सपा और भाजपा के मेयर पद के उम्मीदवारों के नाम की घोषणा एक ही दिन हो सकती है। बनारस नगर निगम, नगर पंचायत गंगापुर और रामनगर पालिका के 128 पदों के लिए 384 नामों का पैनल बनाया गया था।