बाइक सवार बदमाशों ने लालपुर क्षेत्र में एक डीसीएम चालक और खलासी को गोली मार दी। दोनों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस घटना को पुरानी रंजिश से जोड़ कर जांच कर रही है। सारनाथ क्षेत्र के सरैयां नवापुरा निवासी लालजी पाल (45) डीसीएम ड्राइवर है। उसके साथ चौबेपुर क्षेत्र के रुस्तमपुर का मनीष यादव (27) खलासी का काम करता है।
सोमवार रात ढाई बजे के लगभग दोनों आजमगढ़ में माल उतार कर वाराणसी आए। लालपुर मार्ग स्थित श्रीवास्तव पेट्रोल पंप पर दोनों डीसीएम खड़ा कर बाइक से अपने घर के लिए निकले। थोड़ी दूर बढ़ने पर बाइक सवार बदमाशों ने उनको ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद उन पर गोली चला दी। जो लालजी के सीने और मनीष के पेट में लगी है। किसी तरह से दोनों ने भागकर अपनी जान बचाई। सूचना पाकर पांडेयपुर पुलिस दोनों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय हॉस्पिटल ले गई। जहां डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
एसीपी सारनाथ ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि अब तक कि पूछताछ में वारदात का उद्देश्य लूट करना नहीं निकला है। दोनों के पास पैसे नहीं थे। जो माल इन्होंने आज़मगढ़ में उतारा था उसका भुगतान सीधे कंपनी को किया जाता है। हमलावरों ने लूट करने का कोई प्रयास भी नहीं किया। गोली दूरी से चलाई गई है। पुरानी रंजिश सहित अन्य कारणों को वारदात की वजह मान कर जांच की जा रही है।