काशी के घाट और गंगा आरती थीम बेस्ड हो रही हैं शादियां
काशी के घाट और गंगा आरती डेस्टिनेशन वेडिंग को रॉयल बना रही है। यही वजह है कि कई शादियों की थीम भी इन्हें ही रखा गया है। इसके लिए कई शादियों के लिए क्रूज बुक किए गए हैं। काशी के मनोरम गंगा घाटों की छटा के साथ गंगा आरती से शादियों को रॉयल बनाने की तैयारी है। इसके अलावा होटलों में होने वाली शादियों के डेकोरेशन की थीम भी खास तौर पर घाट और गंगा आरती ही है। एक इवेंट कंपनी के मुताबिक 23 नवंबर को होने वाली एक शादी में दुलहन की डिमांड पर स्टेज पर उसकी इंट्री गंगा आरती के बीच होगी।
काशी के ऐतिहासिक धरोहरों के सौंदर्य, काशी विश्वनाथ धाम, मां गंगा किनारा और सुबह ए बनारस की क्रूज से सैर, घाट किनारे महलनुमा होटल, ये सभी काशी में डेस्टिनेशन वेडिंग में चार लगाने का काम कर रहे हैं। यही वजह है कि युवा शादी के लिए काशी की ओर आकर्षित हो रहे हैं। - रुचि, इवेंट प्लानर
शादियों और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए लोग क्रूज की बुकिंग करा रहे हैं। यह काशी और पर्यटन के लिहाज से बहुत अच्छा है। नवंबर से शादियों और सांस्कृतिक आयोजन के लिए भागीरथी के अलावा चार्टर क्रूज की बुकिंग हुई है। - विकास मालवीय, निदेशक, अलकनंदा क्रूज लाइन।