फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरकत में आया प्रशासनिक अमला, खनन माफिया पर कसा शिकंजा

Tue, 31 Oct 2017 03:13 PM IST
ब्यूरो,अमर उजाला,वाराणसी
विज्ञापन
रोहनिया में अवैध खनन पर पांच ट्रैक्टर सीज और एक चालक हिरासत में - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
वाराणसी में बालू और मिट्टी के अवैध खनन के ‘अमर उजाला’ के खुलासे पर पुलिस और प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया है। रोहनिया और लंका थाना क्षेत्र में अवैध खननकर्ताओं के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को रोहनिया में अवैध खनन में लगे पांच ट्रैक्टर सीज कर एक चालक को हिरासत में ले लिया गया।
विज्ञापन


वहीं, लंका थाना क्षेत्र में एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर जब्त किए गए। एक चालक को हिरासत में लिया गया। दोनों मामलों को लेकर रोहनिया और लंका थाने में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। तारापुर और टिकरी में भी अवैध खनन की नापी कराई जा रही है। पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई से खनन माफिया में हड़कंप मच गया है। 

एसडीएम राजातालाब ईशा दुहन ने रोहनिया क्षेत्र के दरेखू और लोहता के ऊंचगांव में छापेमारी की। इस दौरान मिट्टी के अवैध खनन में लगे पांच ट्रैक्टर पकड़े गए जबकि दो ट्रैक्टर-ट्राली लेकर चालक भाग निकले। सीज पांच ट्रैक्टर-ट्रालियों में चार के चालक भाग गए लेकिन पांचवें का चालक ऊंचगांव निवासी राजू पकड़ लिया गया। एसडीएम ने कहा कि जिनके खेत में खनन हो रहा था, उन सभी को बुलाया गया है।
विज्ञापन


अवैध खनन कर मिट्टी ईंट भट्ठा पर ले जाई जा रही थी। संबंधित भट्ठा मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उधर, लंका थाना के टिकरी में सीओ भेलूपुर एपी सिंह और थानाध्यक्ष संजीव मिश्रा ने छापेमारी की। अवैध मिट्टी खनन में लगी एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर सीज किए गए। ट्रैक्टर चालक भाग निकले लेकिन जेसीबी चालक बलवंत पकड़ा गया।

उधर, तारापुर-टिकरी में अवैध खनन की नापी से खनन माफिया में हड़कंप की स्थिति है। एसडीएम सदर सुनील वर्मा ने बताया कि लंका क्षेत्र के तारापुर और टिकरी में अवैध खननकर्ताओं को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जिन खेतों में अवैध खनन कर बालू डंप की गई है, उनसे संबंधित लोगों को बुलाया गया है।

अवैध खनन करने वाले लोगों के साथ ही उनकी मदद करने वाले पुलिस और खनन विभाग के कर्मियों को भी चिह्नित किया जाएगा। भेलूपुर क्षेत्राधिकारी एपी सिंह ने बताया कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों को सूचीबद्ध किया जा रहा है। जल्द ही बड़े पैमाने पर कार्रवाई होगी।
Trending Videos

वरुणा किनारे भी अवैध खनन का खेल

varuna - फोटो : अमर उजाला
खनन विभाग और पुलिस-प्रशासन की शह पर कपसेठी और जंसा थाना क्षेत्र में वरुणा किनारे मिट्टी का अवैध खनन धड़ल्ले से जारी है। इन दोनों थाना क्षेत्रों में वरुणा के किनारे से पल्थन मिट्टी का अवैध खनन कर उसे जिले भर के ईंट-भट्ठों पर बेचा जाता है। इसके बदले में पुलिस, प्रशासन और खनन विभाग के जिम्मेदारों के पास प्रत्येक महीने खनन माफिया चढ़ावे की रकम पहुंचाते रहते हैं। 

वरुणा नदी के किनारे कपसेठी थाना क्षेत्र में हरीभानपुर, गैरहा, खोभार और जंसा थाना क्षेत्र में राखी नेवादा, लच्छीपुर में पल्थन मिट्टी का अवैध खनन किया जाता है। यह मिट्टी भट्ठों पर ईंट बनाने के लिए प्रयोग की जाती है। इस मिट्टी की ईंट अच्छी क्वालिटी की होती है और आग में पकने के बाद उसका रंग भी निखरकर आता है।

पल्थन मिट्टी की खुदाई में जगह-जगह जेसीबी लगाई जाती हैं लेकिन पुलिस, प्रशासन और खनन विभाग के जिम्मदारों को कुछ नहीं दिखता। इस बारे में एसडीएम राजातालाब ईशा दुहन ने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी है। वरुणा किनारे यदि अवैध खनन हो रहा है तो अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

अवैध खनन करने वालों पर करें कार्रवाई

UP Police
चोलापुर थाना क्षेत्र में गोमती और नाद नदी से सटे इलाके में हो रहे अवैध खनन पर एसडीएम सदर सुनील वर्मा ने कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है। उन्होंने थानाध्यक्ष चोलापुर को हिदायत दी है कि अवैध खननकर्ताओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में किसी भी सूरत में अवैध खनन न होने पाए।

एसडीएम सदर ने बताया कि एक कमेटी गठित की जा रही है, जो छापेमारी कर अवैध खनन करने वालों को चिह्नित करेगी। चोलापुर पुलिस को भी अवैध खननकर्ताओं के अलावा उनके मददगार पुलिस व खनन विभाग के कर्मियों को चिह्नित करने को कहा गया है।

उधर, अवैध खनन का मामला उजागर होने पर सोमवार को चोलापुर क्षेत्र में जेसीबी और ट्रैक्टर की आवाजाही ना के बराबर दिखी। हालांकि ग्रामीणों का कहना था कि सख्ती होते ही दिन में तो अवैध खनन बंद हो जाता है लेकिन रात में सब जैसा का तैसा हो जाता है।
 
विज्ञापन

अवैध खनन की शिकायत पर जान से मारने की धमकी

extortion
रामचंदीपुर गांव निवासी सुनील यादव ने अवैध खनन की शिकायत की तो उसे फोन कर जान से मारने की धमकी दी गई। अपर पुलिस महानिदेशक जोन के निर्देश पर मामले में चौबेपुर थाना में डबलू सिंह, अंशू सिंह और बाड़े सिंह के खिलाफ धमकाने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।

एडीजी जोन को सुनील यादव ने मोबाइल की कॉल रिकार्डिंग सुनाते हुए बताया कि मुस्तफाबाद क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत उसने खनन अधिकारी से की थी। इसी को लेकर डबलू, अंशू और बाड़े ने उसे फोन कर धमकाया कि चुप नहीं बैठोगे तो गंभीर परिणाम भुगतना होगा। 
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें