जिले में कोरोना टीकाकरण में अब तक चले अभियान में शुक्रवार को टीकाकरण के प्रतिशत में कुछ सुधरा हुआ। दूसरे दिन 58, तीसरे दिन 53 प्रतिशत के बाद चौथे दिन शुक्रवार को कुल 62.3 प्रतिशत टीकाकरण हुआ। बीएचयू, दीनदयाल अस्पताल समेत 30 कें द्रों में चयनित 4386 लोगों में 2733 लोगों ने टीका लगवाया। खास बात यह रही कि शुक्रवार को आईएमएस बीएचयू निदेशक, ट्रामा सेंटर इंचार्ज के साथ ही सीएमओ समेत अन्य अधिकारी और कोरोना जांच में अहम भूमिका निभाने वाले कर्मचारी टीका लगवाने आगे आए। जिले में चार और पांच फरवरी को टीका लगवाने वालों की सूची भी कोविन पोर्टल पर जल्द ही आ जाएगी। इसके बाद उन्हें भी सूचना दी जाएगी।
30 केंद्रों पर टीका लगवाने की शुरुआत सुबह 10 बजे से हुई। शुक्रवार को सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने दुर्गाकुंड सीएचसी पर टीका लगवाया तो आईएमएस बीएचयू में निदेशक प्रो. बीआर मित्तल, ट्रामा सेंटर इंचार्ज प्रो. संजीव गुप्ता सहित अन्य लोगों ने भी कोविशील्ड टीका लगवाकर अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों को जागरूक किया।
पहले लगवाया टीका, फिर निभाई जिम्मेदारी
स्वास्थ्य विभाग में शुक्रवार को कई अधिकारी और कर्मचारी लोगों को टीका लगवाने के प्रति जागरूक कर रहे हैं। इसमें कोरोना मरीजों की एंटीजन और आरटीपीसीआर जांच में अहम भूमिका निभाने वाले सहायक मलेरिया अधिकारी केके राय, मलेरिया इंस्पेक्टर हितेश शर्मा, चंद्रसेन भारती, औषधि भंडार कक्ष में चीफ फार्मासिस्ट अनिल राय, कोविड कंट्रोल रूम में तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला सलाहकार डॉ. सौरभ प्रताप सिंह, कोरोना को मात देने के बाद सीएमओ आफिस में संजय साहू और विजय सहित अन्य कर्मचारियों ने टीका लगवाने के बाद सामान्य दिनों की तरह अपना कामकाज भी किया।
फीडबैक लेते रहे जिलाधिकारी
जिले में कोरोना टीकाकरण के गिरते जा रहे ग्राफ को देखते हुए ही जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने लक्ष्य के सापेक्ष कम टीका लगवाने वाले केंद्रों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया था। इसके बाद चौथे दिन के टीकाकरण में खुद जिलाधिकारी सीएमओ से केंद्रवार टीकाकरण का फीडबैक लेते रहे। सीएमओ से केंद्रों पर निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष टीका लगवाए जाने, कर्मचारियों को जागरूक करते रहने का निर्देश दिया।
नहीं है परेशानी, उत्साह से लगवाएं टीका
कोरोना का टीका लगवाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों ने बताया कि कोरोना का टीका लगवाने को लेकर केवल झूठी अफवाहें हो रही हैं। टीका लगवाने के बाद किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होती है। ऐसे में केंद्रों पर पहुंचकर सभी को पूरे उत्साह के साथ टीका लगवाना चाहिए। टीका लगवाने के बाद कामकाज पर भी कोई असर नहीं पड़ता है।
टीका पूरी तरह सुरक्षित हैं। इसके लगवाने के बाद सेहत पर कोई दुष्प्रभाव नहीं होता है। टीका लगवाने के बाद मैने भी सामान्य दिनों की तरह कामकाज किया। -प्रो.संजीव गुप्ता, ट्रामा सेंटर प्रभारी, बीएचयू
टीका सभी को लगवाना जरूरी है। इसको लेकर किसी तरह की अफवाह से बचें। संस्थान में अधिकारियों, कर्मचारियों को भी टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।-प्रो.बीआर मित्तल, निदेशक, आईएमएस बीएचयू
विभाग की ओर से सभी स्वास्थ्यकर्मियों की सूची तैयार कराकर उन्हें संदेश दिया जा रहा है। मैंनेे भी टीका लगवाया और काम भी आम दिनों की तरह कर रहे हैं।-डॉ. वीबी सिंह, सीएमओ
बिना किसी डर के कोरोना काल में सेवा दे रहे हैं। टीका लगवाने की जानकारी जैसे ही मिली, बिना किसी हिचक के टीका लगवाया, अब बिल्कुल फिट हूं।-रजनी गुप्ता, बीएचयू ब्लड बैंक
लोग चाहे कितना भी अफवाह फैला रहे हो लेकिन कोरोना का टीका सुरक्षित हैं। टीका लगवाने के बाद अस्पताल में पहले जैसा ही कामकाज कर रहे हैं।-कुमुद लाल, जिला महिला अस्पताल
जैसे ही कोरोना का टीका लगवाने के लिए सूची में नाम आने की जानकारी मिली, तब से टीका लगवाने वाले दिन का ही इंतजार था। कभी कोई परेशानी नहीं हुई।-मनोज, जिला महिला अस्पताल
कोरोना संक्रमण के शुरुआती दिनों में संक्रमित मरीजों की सेवा सहित अन्य जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। अब टीका लगवाने के बाद भी मुझे कोई परेशानी नहीं है। -डॉ. शेर मोहम्मद, प्रभारी, पीएचसी बड़ागांव
कोरोना संक्रमित मरीजों की सेवा में जब कोई डर नहीं लगा तो टीका लगवाने में किस बात का डर है। सुबह आफिस पहुंचने के बाद ही टीका लगवाने केंद्र पर गए। -अजय कुमार शुक्ला, मलेरिया विभाग
कोरोना का टीका लगवाने के दिन का ही तो इंतजार था। तय समय पर केंद्र पर जाकर मैंने टीका लगवाया। कामकाज भी पहले की तरह ही चल रहा है।-अमिता कुमारी, सीएचसी चोलापुर
खुद को टीका लगवाने के बाद औरों को भी इसके लिए प्रेरित करने में गर्व की अनुभूति हो रही है। फिलहाल कोई दिक्कत नहीं हुई।-डॉ. अजीत सैगल, पूर्व अध्यक्ष, यूपी नर्सिंग होम एसोसिएशन
जैसे ही पता चला कि टीका लगवाने वालों की सूची में मेरा भी नाम है तो बहुत खुशी हुई। टीका लगवाने के बाद बिल्कुल फिट हूं। कोई दिक्कत नहीं हुई।-संजय साहू, सीएमओ आफिस
कोरोना काल में रविवार और बाकी अवकाश का दिन क्या होता है, यह तो कभी याद नहीं आ रहा। जब टीका लगवाने की बारी आई तो पहले टीका लगवाया।-विजय कुमार, सीएमओ आफिस
टीका लगवाने पूरी टीम के साथ गए। इसके बाद आफिस आकर कामकाज करने के साथ ही अन्य जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। सभी को टीका लगवाना चाहिए।-केके राय, सहायक मलेरिया अधिकारी
किस केंद्र पर हुआ कितना टीकाकरण
अस्पताल तय मानक लगा टीका
आईएमएस बीएचयू 475 316
जिला महिला अस्पताल 149 76
दीनदयाल अस्पताल 173 109
रेलवे मंडलीय अस्पताल 125 79
राजकीय आयुर्वेद कॉलेज 125 46
ईएसआई 100 79
बरेका अस्पताल 125 43
हेरिटेज मेडिकल कॉलेज 100 85
ओरियाना हॉस्पिटल 125 71
आशीर्वाद हॉस्पिटल 100 89
गैलेक्सी हॉस्पिटल 125 104
रामकृष्ण मिशन हॉस्पिटल 125 112
स्वामी विवेकानंद हॉस्पिटल 125 83
सूर्या हॉस्पिटल 110 84
एपेक्स हॉस्पिटल 125 80
केयर हॉस्पिटल 125 97
महाश्वेता हॉस्पिटल 90 60
प्रिया हॉस्पिटल 98 60
स्वास्थ्य केंद्र
सीएचसी आराजीलाइन 200 142
पीएचसी बड़ागांव 225 161
सीएचसी नरपतपुर 22 13
सीएचसी हाथी बाजार 69 59
सीएचसी गंगापुर पिंडरा 220 203
पीएचसी हरहुआ 225 133
सीएचसी चोलापुर 250 164
पीएचसी काशी विद्यापीठ 125 40
सीएचसी मिसिरपुर 125 38
शहरी सीएचसी दुर्गाकुंड 125 78
शहरी सीएचसी चौकाघाट 125 33
शहरी सीएचसी शिवपुर 250 131
शहरी पीएचसी मंडुवाडीह 100 82