देश में कोरोना टीका लगाने का आंकड़ा 100 करोड़ को पार कर गया। इसी क्रम में जिले में बृहस्पतिवार को 28 लाख का आंकड़ा पार कर लिया गया। सबसे अधिक 20 लाख लोगों ने पहली डोज लगवाई है। इससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों में खुशी है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष ने टीकाकरण महाअभियान में 100 करोड़ डोज पार होने को कीर्तिमान बताया। साथ ही टीकाकरण में योगदान देने वाले अधिकारियाें, स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित किया।
जिले में 16 जनवरी से चल रहे अभियान में अब तक 28,13,380 लोगों का टीकाकरण हो चुका है। 20,46,682 को पहली और 7,66,698 को दूसरी डोज लग चुकी है। बृहस्पतिवार को सीएचसी दुर्गाकुंड पर स्वास्थ्य विभाग और सीफार के सहयोग से हस्ताक्षर अभियान में लोगों ने थैंक यू इंडिया लिखकर महाअभियान की सफलता पर खुशी जताई। बीएल संतोष ने इस उपलब्धि पर पीएम नरेंद्र मोदी का आभार जताया। राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने भी सभी को बधाई दी। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने कहा कि गौरव की बात है कि 100वां करोड़ डोज काशी के रहने वाले दिव्यांग अरुण राय को लगा। सीएमओ, डॉ. सारिका राय, डॉ. शिप्रा तिवारी, डॉ. एसके सिंह, डॉ. आरसी सिंह, रमाकांत त्रिपाठी, चेतन श्रीवास्तव, आरती देवी, अनिल कुमार गुप्ता, नीलम मौर्य, सुदामा देवी सहित अन्य चिकित्सा कर्मियों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, डीएचईआईओ हरिवंश यादव, सहायक मलेरिया अधिकारी केके राय आदि मौजूद रहे।