रामनगर थाना क्षेत्र के रामपुर वार्ड निवासी मुख्तार अहमद के घर से मंगलवार की दोपहर बाद तीन बजे दो ठग चाबी बनाने के बहाने आलमारी से एक लाख रुपये निकाल ले गए। एक घंटे बाद ऑटो में बैठे दोनों आरोपी पकड़े जाने पर रुपये उड़ाने लगे। ठगों ने लगभग 67 हजार रुपये उड़ा दिए और जिसको मिला, वह लेकर चलता बना।
रामनगर थाना क्षेत्र के रामपुर वार्ड निवासी मुख्तार अहमद के घर मंगलवार दोपहर बाद तीन बजे ताला-चाबी बनाने वाले दो लोग पहुंचे। मुख्तार का बेटा इम्तियाज बाइक की चाबी उनसे बनवाने लगा। इसके बाद दोनों ने आलमारी की चाबी बनाने के लिए पूछा। इस पर इम्तियाज की मां नजमा ने आलमारी की डुप्लीकेट चाभी बनाने के लिए कहा।
नजमा उनकी बातों में आ गई और आलमारी के पास ठगों को ले गई। इस बीच, मौका पाकर ठगों ने आलमारी से एक लाख रुपये गायब कर दिए। घर में रखी आलमारी के पास कुछ देर तक रुकने पर दोनों चाबी बाद में बनाने की बात कहकर बाइक की चाबी बनाने के 50 रुपये लेकर चले गए।
ठगों के जाने के बाद नजमा को कुछ संदेह हुआ। उन्होंने आलमारी खोली तो रुपये गायब मिले। उन्होंने तत्काल जानकारी पति को दी। सूचना मिलने के बाद पति ने रामनगर चौराहे पर ठगों की तलाश की। ठगों का हुलिया बताने पर चौराहे पर मौजूद लोगों ने बताया कि वे आटो में बैठकर पड़ाव की ओर गए हैं।
इसके बाद मुख्तार ने साथियों के साथ चौरहट चौराहे पर पड़ाव की ओर जाने वाले आटो की तलाश शुरू कर दी। एक आटो में बैठे ठग दिख गए। आवाज देने पर ठगों ने सड़क पर रुपये उड़ाने शुरू कर दिए। जिसको जो मिला, वह रुपये लेकर चलता बना। अफरातफरी का फायदा उठाते हुए ठगों ने भागने की कोशिश की लेकिन लोगों ने उन्हें दबोच लिया।
सूचना पर पहुंचे मुगलसराय कोतवाल ने ठगों को रामनगर पुलिस के हवाले कर दिया। भुक्तभोगी ने बताया कि ठगों ने 67 हजार रुपये उड़ा दिए। उसे केवल 33 हजार रुपये ही मिल सके। मुगलसराय कोतवाल शिवानंद मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए ठगों में इंदौर निवासी जितेंद्र सिंह और नानक सिंह पटवा शामिल हैं।