यूपी पंचायत उपचुनाव: सेवापुरी विकासखंड के ग्राम पंचायत गोराई में मतदान केंद्र का नजारा
- फोटो : अमर उजाला
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त पदों के लिए आज सुबह सात बजे से मतदान जारी है। दोपहर तीन बजे तक 54 प्रतिशत हुआ है। वाराणसी जिले में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें दिख रही हैं। उपचुनाव के लिए वाराणसी के सात विकास खंडों के 150 बूथों पर वोटिंग जारी है।
कोरोना संक्रमण काल के बीच शुरू हुए त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव को लेकर एक तरफ जहां चुनाव आयोग काफी सतर्क है तो वहीं प्रशासन ने भी कोरोना और शांतिपूर्वक मतदान कराने को लेकर पहले से ही तैयारी की है। लेकिन मतदान केंद्रों पर भीड़ के चलते कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं हो पा रहा है। कई मतदाता बिना मास्क में और सामाजिक दूरी का नियम तोड़ते नजर आए।
पंचायत के सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजाराम वर्मा ने बताया कि सुबह 9 बजे तक 12 प्रतिशत मतदान हुआ। पिंडरा, चोलापुर और चिरईगांव में प्रधान के तीन पदों पर चुनाव होना है। इसके अलावा चिरईगांव सेक्टर नंबर 4 में जिला पंचायत सदस्य के एक पद और सात ब्लॉकों में 207 ग्राम पंचायत सदस्य का चुनाव के लिए मतदान जारी है। सेवापुरी, काशी विद्यापीठ, आराजीलाइन व बड़ागांव में सदस्यों के लिए क्रमश: नौ, छह, 18 व 12 बूथ बनाए गए हैं। आठ जोनल व 41 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की निगरानी में मतदान जारी है।