इसी तरह पांचों जोन कार्यालय में पार्षद पद के लिए रमदत्तपुर, लेढुपुर, राजाबाजार, सारनाथ, लालपुर मीरापुर बसहीं, रामापुरा वार्ड से छह दावेदारों ने नामांकन कराए हैं। अब तक पार्षद पद के लिए नौ नामांकन कराए जा चुके हैं। नामांकन प्रक्रिया सुबह 11 से 3 बजे तक चलती रही। दशाश्वमेध, आदमपुर, वरुणापार, भेलूपुर, कोतवाली जोन में नामांकन फार्म लेने और नोड्यूज के लिए भीड़ रही। नामांकन की आखिरी तारीख 17 अप्रैल है। बताया जा रहा है कि रविवार और सोमवार को नामांकन का दबाव ज्यादा रहेगा। नामांकन पत्रों की जांच 18 अप्रैल को होगी। नाम वापसी 20 अप्रैल और चुनाव चिह्न 21 अप्रैल को आवंटित किए जाएंगे। वाराणसी में पहले चरण के दौरान चार मई को वोट डाले जाएंगे। 13 मई को मतगणना होगी।
आम आदमी पार्टी ने मेयर पद पर महिला प्रत्याशी शारदा टंडन पर दांव लगाया है। निकाय चुनाव के लिए आप के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को प्रदेश के छह मेयरों की सूची जारी की गई। इसमें पार्टी महिला प्रकोष्ठ की महानगर अध्यक्ष शारदा टंडन को मेयर पद के लिए चुना है। नदेसर की रहने वाली शारदा ने बताया कि पार्टी ने पहली बार उनको मौका दिया है। शारदा लायंस क्लब तुलसी, काशी उद्योग महिला व्यापार मंडल में जिला उपाध्यक्ष भी हैं। इसके अलावा कई सामाजिक कार्यों में अपनी भागीदारी निभाती आ रही हैं।
अपना दल कमेरावादी ने हरीश मिश्रा को मेयर पद का प्रत्याशी बनाया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल के निर्देश पर पार्टी ने प्रत्याशी घोषित किया है।