भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती रविवार को वाराणसी पहुंची। सर्किट हाउस में पत्रकारों के सवाल पर उमा भारती ने सपा और बसपा पर निशाना साधा। भाजपा से ब्राह्मणों की नाराजगी के सवाल पर कहा कि प्रदेश ने जातिवाद को भुगता है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव- मायावती के सरकारों में खूब जातिवाद हुआ।
इन्होंने इतना परिवारवाद किया कि उनकी अपनी जाति के लोग नाराज हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार की सबसे बड़ी भूल जातिवाद और परिवारवाद करके की। उन्होंने संप्रदायवाद फैलाया। कानून व्यवस्था कंट्रोल नहीं किया। भ्रष्टाचार किया। इस कारण से लोग यूपी में सपा की सरकार नहीं चाहते हैं।
लोगों में डर पैदा करने वाले खुद डर रहे
अखिलेश यादव के सपने में भगवान श्रीकृष्ण के आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोग क्यों नहीं सोच रहे हैं कि जनता के सपनों में अखिलेश यादव के पूरे पांच साल का कार्यकाल आ रहा है। लोगों में डर पैदा करने वाले खुद डर रहे हैं कि कहीं फिर सपना सच न हो जाए।
पढ़ेंः वाराणसी में बढ़ी पांबदियां: सार्वजनिक स्थलों और गंगा घाटों पर शाम 4 बजे के बाद रोक, जानें क्या बंद और क्या खुला रहेगा