सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभार वाराणसी की शिवपुर विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। उक्त जानकारी देते हुए पार्टी प्रवक्ता शशिप्रताप सिंह ने कहा कि सुभासपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी अध्यक्ष से शिवपुर से चुनाव मैदान में उतरने की मांग की है। बता दें कि शिवपुर सीट से मौजूदा विधायक मंत्री अनिल राजभर हैं।
सुभासपा नेता ने कहा कि सपा से गठबंधन के बाद वाराणसी की शिवपुर और अजगरा सीट सुभासपा के खाते में आना तय है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवपुर विधानसभा को विकास में पीछे रखने का काम यहां के जनप्रतिनिधियों ने ही किया है। कहा कि यहां की भोली भाली जनता को ठगा गया है। इसलिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष यहां चुनाव जीत कर क्षेत्र में विकास करेंगे।
सपा का आरोप, आचार संहिता की धज्जियां उड़ा रही भाजपा
वाराणसी में समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा आचार संहिता की धज्जियां उड़ा रही है। इस संबंध में सपा ने जिला निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की है। सपा के महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने अनुसार कैंट के रिटर्निंग ऑफिसर अपर नगर मजिस्ट्रेट सुरेंद्र बहादुर सिंह और पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश को फोन कर शिकायत दर्ज कराई।