वाराणसी: समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अब्दुल समद अंसारी ने अपने मकबूल आलम रोड स्थित आवास पर बंगाल चुनाव की तर्ज पर दीवार पर लिखवाया उम्मीद की साइकिल, 2022 में खेला होई।
- फोटो : अमर उजाला
पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के दौरान मशहूर हुआ स्लोगन खेला होबे अब बंगाल से थोड़े बदलाव के साथ उत्तर प्रदेश के बनारस पहुंच गया है। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अब्दुल समद अंसारी ने घर पर उम्मीद की साइकिल, 2022 में खेला होई... स्लोगन लिखवाया है।
पूर्व विधायक ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में यूपी में बदलाव होगा। यहां की जनता सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से काफी उम्मीद लगाए बैठी है। जनता ने मन बना लिया है कि जिस तरह से बंगाल में खेला होबे, अब उत्तर प्रदेश में 2022 में खेला होई...। महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने कहा कि प्रदेश के विधान सभा चुनाव में जनता ने मन बना लिया है भाजपा को हटाना है।
बेलगाम महंगाई से जनता परेशान
मिशन 2022 की तैयारी में जुटी समाजवादी पार्टी पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पोस्टर के जरिये खेला शुरू कर दी है। शहर उत्तरी के पूर्व सपा विधायक अब्दुल समद अंसारी ने घर की दीवार पर बंगाल की तर्ज पर खेला शुरू कर दिया है। उम्मीद की साइकिल, 2022 में खेला होई... स्लोगन से दीवार सज गई है।
पूर्व विधायक अब्दुल समद अंसारी ने कहा कि 2022 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में यूपी में पूर्ण बहुमत से सपा की सरकार बनेगी। कहा, बेलगाम महंगाई से परेशान जनता भाजपा सरकार से तंग आ गई है। पेट्रोल डीजल से लेकर रसोई तक के दैनिक उपयोगी सामानों के दाम लगातर बढ़ रहे हैं। महंगाई से परेशान जनता 2022 में भाजपा को करार जवाब देगी।