बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की मुलाकत पर यूपी सरकार में मंत्री अनिल राजभर ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बांदा जेल में मऊ रैली का हिसाब-किताब देने के लिए ओमप्रकाश राजभर गए थे।
बुधवार को वाराणसी के सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान मंत्री अनिल राजभर पूर्व कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर पर खूब बरसे। उन्होंने सुभासपा प्रमुख को एक नया नाम (असलम राजभर) दिया। कहा कि माफिया मुख्तार अंसारी से मुलाकात करने के बाद ओमप्रकाश राजभर का असली चेहरा सामने आ गया है।
यह साबित हो गया है कि जेल में बंद पूर्वांचल के माफिया के दम पर सत्ता में आने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन प्रदेश की जनता सबकुछ समझती है। वे लोग कभी भी समाज का भला नहीं कर सकते। आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के जाल में फंसकर सुभासपा के मुखिया जेल में बंद माफिया की दलाली कर रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री सह प्रदेश सरकार के प्रवक्ता अनिल राजभर ने कहा कि मऊ में सुभासपा की रैली माफियाओं और सपा द्वारा प्रायोजित किया गया था। बांदा जेल में मुख्तार अंसारी से वह मिलने नहीं बल्कि रैली का हिसाब किताब देने गए थे। इस रैली में राजभर समाज को गुमराह और अपमानित किया गया। आरोप लगाया कि रैली में राजभर समाज को शराबी कह कर अपमानित किया गया और अखिलेश यादव ताली बजा रहे थे। राजभर समाज इस बात को बर्दाश्त नहीं करेगा।
पढ़ेंः वाराणसी आ रहे अमित शाह: पूर्वांचल के विधायकों और पदाधिकारियों की लेंगे 'क्लास', कई मंत्री भी होंगे मौजूद