प्रियंका अपने इस प्रस्तावित दौरे में शहर और ग्रामीण क्षेत्र के एक-एक विधानसभा में जाकर आम लोगों से मुलाकात भी करेंगी। जनसभा और रैली की तैयारियों में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता व्यापक स्तर पर बैठकें भी कर रहे हैं। इसमें अधिक से अधिक लोगों को जुटाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं।
रविवार को कांग्रेस के संवाद कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने पराड़कर भवन में कहा कि प्रदेश में कांग्रेस प्रियंका गांधी के नेतृत्व में मजबूती से चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस दो चुनाव हारने के बाद भी अपना जनाधार नहीं खोई है और हम जनता के बीच जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। हम प्रदेश में किसी के साथ गठबंधन नहीं करेंगे और अकेले ही चुनाव लड़ेंगे।
शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश का घोषणा पत्र तैयार करने की जिम्मेदारी मुझे सौंपी है। इसलिए मैं प्रदेश का दौरा कर रहा हूं। कहा कि चुनाव में जनता शीघ्र ही नफरत और बंटवारे की राजनीति करने वाले लोगों को घर बैठाएगी, क्योंकि अब जनता ऐसी नफरती ताकतों से ऊब चुकी है। जनता सत्ता के तानाशाही अंदाज, भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और गुंडाराज से मुक्ति चाहती है।
राहुल गांधी की वैष्णो देवी यात्रा पर भाजपा के सवाल उठाने पर सलमान खुर्शीद ने कहा कि क्या इस देश में किसी पार्टी ने यह माना है कि धर्म सिर्फ उनका है। बाकी किसी और का धर्म नहीं है। रामराज और निजामे मुस्तफा में कोई अंतर नहीं है। दोनों मानवता की कल्पना है। भारत तो ऐसा देश हैं जहां हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी मिलकर रहते हैं।
पंजाब के सीएम और ललितेश पति त्रिपाठी के इस्तीफे पर खुर्शीद ने कहा कि यह घरेलू मामला है। हम लोग इसको सुलझा लेंगे। पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान पर कहा कि कैप्टन साहब को जो कहना था उन्होंने कह दिया है। इस बात का संज्ञान हमारा नेतृत्व लेगा। हमको गंभीरता के साथ राजनीति करनी है और आपस की बातों को लेकर कुछ नहीं कहना है।
पढ़ेंः वाहनों के बोझ से चरमराई यातायात व्यवस्था, ट्रैफिक पुलिस को कोसते रहे राहगीर, प्रशासन बेखबर
हम लोग इसी प्रयास में हैं कि आपस में कहीं फूट नहीं पैदा होनी चाहिए। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पंडित कमलापति त्रिपाठी के परपोते ललितेशपति त्रिपाठी ने पार्टी नहीं छोड़ी है। उन्होंने केवल अपने पद से इस्तीफा दिया है। पार्टी नेतृत्व उनसे बातचीत कर रहा है।