हार्दिक पटेल ने बनारस में जनसंपर्क के दौरान भाजपा पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह के बयान, यूपी में गुंडाराज खत्म करने के लिए भाजपा को बहुत जरूरी है के सवाल पर पलटवार करते हुए पूछा कि भाजपा में गुंडों के अलावा और है कौन।
उन्नाव में भाजपा विधायक की करतूत जगजाहिर है। लखीमपुर खीरी में गृह राज्यमंत्री के बेटे ने किसानों को कार से कुचल दिया। गुजरात की तरह ही उत्तर प्रदेश में भी पुलिस को आगे करके विपक्ष की आवाज दबाने का काम किया जा रहा है। गुजरात के विकास मॉडल पर हार्दिक पटेल ने कहा कि अहमदाबाद और सूरत को छोड़ दें तो गांवों में जाकर देखिए हकीकत सामने आ जाएगी।
कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल ने रविवार को युवा कांग्रेस व एनएसयूआई के संयुक्त तत्वावधान में चांदपुर स्थित सरस्वती महिला पीजी कॉलेज में आयोजित युवा संसद को संबोधित किया। कहा कि किसी भी देश की ताकत युवा होते हैं लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि वर्तमान सरकार सत्ता के दंभ में युवाओं को निराशा व हताशा के भंवर में झोंक रही है।
तीन दशकों से प्रदेश के युवाओं को धर्म, मंदिर-मस्जिद, जाति-पाति जैसे विषयों में उलझाकर भाजपा, सपा व बसपा जैसे राजनीतिक दलों ने उनके सुनहरे भविष्य को गर्त में धकेल दिया है। हार्दिक ने कहा कि प्रदेश के युवा जब नौकरी की बात करते हैं तो योगी सरकार पुलिस के बल पर उनके साथ बर्बरता कर रही है। पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि योगी सरकार में पेपर लीक करना स्थायी रोजगार बन गया है। इस दौरान भर्ती विधान मैनिफेस्टो का विमोचन किया गया।
पढ़ेंः वाराणसी में 'आप' प्रत्याशी पर मुकदमा दर्ज, चुनाव प्रचार सामग्री पर नहीं दर्ज था मुद्रक और प्रकाशक का नाम