रोहनिया स्थित भाजपा कार्यालय में केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कांग्रेस और सपा पर सियासी तीर चलाते हुए कहा कि भाजपा की आंधी में सभी उड़ जाएंगे। भारतीय संस्कृति को समझने में राहुल गांधी की सात पीढ़ियां बीत जाएंगी। भाजपा प्रदेश में अभूतपूर्व विजय की ओर बढ़ रही है और जनता सूद समेत गुंडागर्दी, परिवारवाद और अपराधियों का साथ देने वालों के खिलाफ ईवीएम का बटन दबाएगी।
रविवार को रोहनिया स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2017 के पहले सपा की सरकार में गुंडागर्दी चरम पर थी। अपराधियों को शासन व प्रशासन का भय नहीं था। सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बनी भाजपा की सरकार में अपराधी थरथर कांपते हैं।
विश्व फलक पर छाया बनारस मॉडल
विपक्ष का दंभ पूरी तरह से टूट चुका है। दावा किया कि हम 2017 से बड़ी विजय हासिल करने जा रहे हैं। विश्व में बनारस का मॉडल आज हर किसी की जबान पर है। छात्रों पर प्रयागराज और बिहार में हुए लाठीचार्ज पर अश्विनी चौबे ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों को कुचलने नहीं दिया जाएगा।