प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जी-20 की बैठक की तैयारियों पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के जरिये इसकी पूरी जानकारी दी जाएगी। मुख्यमंत्री रैन बसेरों में पहुंचकर वहां की व्यवस्था और ठहरने वाले लोगों से फीडबैक ले सकते हैं। माना जा रहा है कि अंधरापुल और टाउनहाल रैन बसेरों में सीएम का काफिला रूक सकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर होने वाले विकास कार्यों की रुपरेखा पर भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। पिछले दिनों निर्माणाधीन परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और भविष्य में होने वाले कामों का विवरण तैयार करने के लिए मुख्यमंत्री ने कहा था।
मंडलायुक्त की अध्यक्षता में तैयार की गई रिपोर्ट में जाम से निजात के लिए वरुणा नदी के समानांतर पुल व फ्लाईओवर, असि नदी के ऊपर से गुजरने वाली नई फोरलेन सड़क, नक्खी घाट अंडरपास के चौड़ीकरण का प्रस्ताव सहित अन्य परियोजनाओं पर चर्चा होने की उम्मीद है।