सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर का विवादित बयान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्रनाथ पांडेय के संसदीय क्षेत्र में सुभासपा का जनाधार बढ़ाने की कवायद मानी जा रही है। राजनीति के जानकार इसे एक जाति पर पकड़ मजबूत बनाने और लोकसभा में दावेदारी मान रहे हैं।
भले ही योगी सरकार में सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर साझीदार हैं और कैबिनेट मंत्री हैं लेकिन वे लगातार अपनी ही सरकार के खिलाफ बोलते रहे हैं। इसका कारण राजनीति में अपना वर्चस्व बनाने के रूप में देखा जाता है।
चंदौली संसदीय क्षेत्र के सकलडीहा, सैयदराजा, शिवपुर और अजगरा में राजभर बिरादरी की संख्या दो लाख से अधिक है। सुभासपा आमतौर पर राजभर समाज की राजनीति करते रहे हैं। यही कारण है कि चंदौली में ओमप्रकाश राजभर या उनके बेटों की सभा अधिकतर सकलडीहा और आस पास के क्षेत्रों में ही होती रही है।
बलुआ थाना के एक गांव में दुष्कर्म की घटना ने एक बार फिर सुभासपा को अपनी ही सरकार को कठघड़े में खड़ा करने और अपना जनाधार बढ़ाने का मौका दे दिया है। यही कारण है कि अरविंद न सिर्फ दुष्कर्म करने वालों के हाथ तोड़ने और बलुआ थाना फूंकने जैसा बयान दिया बल्कि समाज के लोगों को अपने पक्ष में करने के लिए कहा कि राजभर समाज के हित के लिए हम भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से भी हुई लड़ाई का जिक्र किया।
सीधे बोला की राजभर समाज की भलाई के लिए हम किसी से भी लड़ जायेंगे। कहा कि जब हम राजभरों के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से लड़ गये तो किसी की क्या औकात कि हमसे पंगा लेने के दम रख सकें।
बलुआ थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 मई को मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह योजना का लाभ दिलाने के नाम पर युवती को घर से चहनियां ब्लाक ले जाने के बहाने ले जाकर धानापुर के दो युवकों ने सामुहिक दुष्कर्म किया।
इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को तो गिरफ्तार कर लिया और दूसरे की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है।
धानापुर क्षेत्र के पुष्कर यादव और संतोष यादव ने युवती को साथ ले जाकर दुष्कर्म किया था। इस मामले में 15 मई को गांव के लोगों ने बलुआ थाने पर प्रदर्शन किया। इसके बाद दोनों के खिलाफ आईपीसी की कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
16 को खोनपुर निवासी पुष्कर को गिरफ्तार कर लिया गया लेकिन संतोष यादव अभी भी फरार चल रहा है। सीओ सकलडीहा त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच सदस्यी टीम गठित किया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।