मंगलवार की सुबह घात लगाए मनबढ़ों ने मारी पेट में गोली
यूपी के आजमगढ़ जिले के अहिरौली गांव में स्थित मस्जिद में मौजूद एसी और पंखा चलाने के विवाद में पहले तो दो पक्षों के बीच मारपीट हुई फिर बात गोलीबारी तक आ पहुंची। यहां सोमवार की रात हुई दो पक्षों के बीच मारपीट ने मंगलवार की भोर में इस कदर तूल पकड़ा कि घात लगाए मनबढ़ों ने युवक के पेट में गोली मार दी।
जबकि रात को हुई मारपीट प्रधान सहित छह लोग घायल हो गए। मंगलवार की सुबह घायलों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद गांव के ज्यादातर लोग फरार हो गए हैं। गांव में तनाव बना हुआ है। मंगलवार की शाम तक घटना के संबंध में कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज हो सकी थी। ना ही किसी भी तरफ से थाने में तहरीर ही दी गई थी।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अहिरौली गांव स्थित बड़ी मस्जिद में पंखा और एसी लगा हुआ है। सोमवार की रात नौ बजे तराबी के समय फौजदार पुत्र मंसरी ने गर्मी को देखते हुए एसी और पंखा चलाने को कहा। जिस पर ग्राम प्रधान अनीस ने मना कर दिया।
इसी बात पर कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। जिसमें प्रधान अनीस (45), सैय्यद (36), तौफिक (26), सफाक (19), तौकित (25), तथा दूसरे पक्ष से बदरुद्दीन (30), तनवीर (24) और समशुद्दीन (35) घायल हो गए। गांव के अन्य लोगों ने किसी तरह से विवाद को शांत कराया और घायल स्थानीय स्तर पर इलाज कराकर घर चले गए।