वाराणसीः औद्योगिक एसोसिएशन के सम्मेलन में सतीश महाना
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी दौरे पर आए औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर के गठबंधन पर तंज कसा। अनौपचारिक बातचीत में कहा कि एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी जिसके साथ जुड़ेंगे, उसे जीरो कर देंगे।
यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में सुभासपा, एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन की संभावना के सवाल पर उन्होंने कहा कि सारे प्रयोग फेल हो चुके हैं। उन्होंने आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर को भी आड़े हाथ लिया। कहा कि राजनीति में चंद्रशेखर का कोई अस्तित्व नहीं है। हो सकता है कि किसी जिले में उन्हें कोई पहचानता हो।
औद्योगिक विकास मंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास की गति ने सबको पछाड़ दिया है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सरकार के ऐतिहासिक निर्णय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि मजबूत की है। प्रदेश में योगी सरकार ने अंत्योदय के नारे को जमीन पर उतारा। वाराणसी दौरे पर आए प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने शनिवार को रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन की ओर से आयोजित सम्मेलन में भाग लिया।