वाराणसी में विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस की सख्ती बढ़ गई है। हर दिन वांछितों की गिरफ्तारी हो रही है। कश्नरेट और ग्रामीण इलाकों से अपराधियों को पकड़कर जेल में ठूंसा जा रहा है। उधर, क्षमता से तीन गुना अधिक बंदियों के होने से जेल प्रशासन भी हांफ रहा है। चुनाव नजदीक आते-आते जेल में और भी दबाव बढ़ने का अनुमान है। वहीं कोरोना काल के दौरान 50 बंदियों की क्षमता वाले एक बैरक में डेढ़-दो सौ बंदियों को रखा गया है। यह भी बंदियों के लिए संकट वाली स्थिति है।
आचार संहिता लगने के बाद से पुलिस इतनी सख्त हुई कि चौकाघाट स्थित जिला जेल में इन दिनों हर रोज चार से पांच आरोपियों को दाखिल कराया जा रहा है। शराब तस्कर, असलहा तस्कर और वांछितों की गिरफ्तारी अभी भी थमी नहीं है और आने वाले दिनों में अन्य कई आरोपियों और मुकदमे में वांछितों को गिरफ्तार कर जेल में ठूंसने का ग्रामीण और कमिश्नरेट पुलिस के थानेदारों को टॉस्क दिया गया है।