प्रधानमंत्री के वाराणसी आगमन को लेकर मंगलवार को गृहमंत्री अमित शाह ने नदेसर स्थित एक होटेल में भाजपा नेताओं संग मंथन किया। इसमें केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल, प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा, सरोज पांडेय, महेश चंद श्रीवास्तव आदि मौजूद थे। पार्टी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी में जोरशोर से जुट गई है।
वाराणसी दौरे पर पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह ने नेताओं संग पूर्वांचल में भाजपा की जीत के लिए योजना बनाई। उन्होंने पूर्वांचल की सीटों पर सपा को घेरने के लिए कमान संभाल ली है। भाजपा नेताओं संग बैठक में उन्होंने कहा कि काशी क्षेत्र की 71 सीटों में पिछली बार 65 भाजपा व सहयोगी दलों ने जीती थी। इस बार यह आंकड़ा शत-प्रतिशत करना है।
इसमें यह ध्यान रखना है कि विपक्ष में मजबूत छवि वाले प्रत्याशियों की घेराबंदी बहुत जरूरी है। इसके लिए वहां प्रचार के तरीके में बदलाव के साथ आक्रामक प्रचार की जरूरत होगी। विधानसभा क्षेत्रों में जातीय समीकरणों को समझा जाए और भाजपा के नेताओं के कार्यक्रम तय कराए जाएं।
भाजपा के बड़े पदाधिकारियों और संघ प्रतिनिधियों का भी फोकस वाराणसी पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपने संसदीय क्षेत्र के प्रति एक अलग स्नेह रहा है और काशीवासी भी इसी स्नेह के चलते उनसे अपना एक अलग जुड़ाव महसूस करते हैं।