महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ ने बाढ़ के कारण 11 अगस्त से होने वाली वार्षिक परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है, बावजूद स्वायत्तशासी महाविद्यालय अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज ने बुधवार को वार्षिक परीक्षाएं आयोजित कीं। सुबह से हो रही बरसात में भीगते हुए छात्राएं बुलानाला और परमानंदपुर परिसर में परीक्षा देने पहुंचीं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र सरैयां, अस्सी और सामनेघाट की छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्राओं का कहना था कि उन्हें महाविद्यालय की तरफ से परीक्षा स्थगित होने की सूचना नहीं दी गई थी। प्रबंधक अनिल जैन ने बताया कि विश्वविद्यालय से उन्हें समय से सूचना नहीं मिली थी। इस कारण महाविद्यालय प्रशासन समय से छात्राओं को अवगत नहीं करा सका। सुबह छात्राएं जब महाविद्यालय पहुंच गईं तो परीक्षाएं करा ली गईं। इसकी जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को दे दी गई है।
12 अगस्त से अग्रसेन की परीक्षाएं स्थगित
वाराणसी। अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज में होने वाली परीक्षाओं को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। प्राचार्य डॉ. सुमन मिश्रा व परीक्षा नियंत्रक डॉ. अर्चना सिंह ने बताया कि 12 अगस्त से महाविद्यालय की परीक्षाएं अग्रिम सूचना तक स्थगित रहेंगी। ब्यूरो