बीएचयू में बृहस्पतिवार की देर शाम छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों तरफ र्से इंट-पत्थर भी चले। घटना में चार-पांच छात्र घायल हो गए। मौके पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड के साथ ही कई थानों की फोर्स भी पहुंच गई। फिलहाल अभी दोनों तरफ से तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना की सही वजह अभी पता नहीं चल पाई है। बिड़ला हॉस्टल के सामने खेल मैदान में बिड़ला हॉस्टल में रहने वाले छात्र और फिजिकल एजूकेशन के एक छात्र के बीच कहासुनी को इससे जोड़कर देखा जा रहा है।
विश्वविद्यालय में बिड़ला हॉस्टल के पास बृहस्पतिवार को शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब ईंट-पत्थर चलने लगे। करीब आधे घंटे तक दोनों तरफ से मुंह बांधे छात्र एक दूसरे पर पत्थर चलाते रहे। ईंट-पत्थर चलने की घटना की जानकारी पाकर जब तक प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य हॉस्टल पहुंचते तब तक चार-पांच छात्र घायल हो गए थे। पुलिस के आला अधिकारियों के साथ रामनगर, लंका, लक्सा, मंडुवाडीह सहित कई थानों की फोर्स भी बीएचयू पहुंच गई। यहां प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने छात्रों को मनाने का प्रयास किया, लेकिन जब छात्र नहीं माने तो पुलिस ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड की मौजूदगी में लाठी पटककर छात्रों को खदेड़ा। इसके बाद छात्र हॉस्टल में चले गए। फिलहाल मारपीट और पत्थरबाजी तो बंद हो गई है, लेकिन दोनों तरफ से तनाव का माहौल बना है।
दो दिन पहले भी हुई थी मारपीट
बिड़ला हॉस्टल के पास ही दो दिन पहले भी छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट हुई थी। तब मारपीट की वजह एक छात्र द्वारा दिव्यांग छात्र की पिटाई को बताया गया था। अभी इस विवाद से जुड़ी जांच में प्रॉक्टोरियल बोर्ड जुटा ही था कि बृहस्पतिवार को फिर छात्रों के दो गुटों में मारपीट से माहौल गरमा गया।
फिजिकल एजूकेशन के छात्रों ने लिखित शिकायत की है। इसमें बिड़ला हॉस्टल के छात्रों पर मारपीट, पत्थरबाजी करने का आरोप लगाया है। घटना में दोषियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध विश्वविद्यालय के नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला शांत हो गया है। पुलिस भी तैनात है। -प्रो. बीसी कॉपरी, चीफ प्रॉक्टर बीएचयू