उलेमा काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष आमिर रशादी
- फोटो : facebook
बहु की हत्या का आरोप झेल रहे राष्ट्रीय उलमा काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना आमिर रशादी पर दो और मुकदमे दर्ज हुए हैं। मौलाना आमिर रशादी पर सोमवार की शाम हर्रा की चुंगी मुहल्ले में हुए पथराव और पुलिस की गाड़ी तोड़ने के मामले में देर रात को दो और रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
जिसमें आमिर रशादी, उनके बेटे तलहा रशादी सहित पांच लोगों को आरोपित किया है। चौकी प्रभारी पहाड़पुर सहित दो लोगों ने तहरीर देकर हत्या का प्रयास, पथराव और दहशत फैलाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में फौजिया के जीजा सरायमीर थाने के संजरपुर गांव निवासी हामिद संजरी ने तहरीर दी है। उसने आमिर रशादी, उनके बेटे तलहा रशादी, भाई हम्मान सहित पांच लोगों को आरोपित किया है।
जबकि दूसरी रिपोर्ट चौकी प्रभारी पहाड़पुर धर्मेंद्र कुमार की तरफ से दी गई है। धर्मेंद्र ने भी आमिर रशादी सहित इन पांच आरोपियों को नामजद और कुछ अज्ञात लोगों को आरोपित किया है।
दोनों लोगों का आरोप है कि सोमवार की शाम हामिद संजरी सहित अन्य लोग जिला अस्पताल से फौजिया (बहू) का पोस्टमार्टम कराकर घर लौट रहे थे। हर्रा की चुंगी मुहल्ले में आरोपियों ने इन लोगों पर पथराव शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर डायल 100 की गाड़ी वहां पहुंची तो आरोपियों ने पथराव करते हुए पुलिस की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया।