मंदिर निर्माण के दौरान सुरंग मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके से शिवलिंग नुमा पत्थर की मूर्ति भी बरामद की। पुलिस ने खुदाई का काम रोक दिया। क्षेत्रीय लोग यहां ऐतिहासिक महत्व की वस्तुएं मिलने का अनुमान लगा रहे हैं।
वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के वार गांव स्थित गर्मनाथ बाबा के मंदिर निर्माण के दौरान पिलर के लिए खुदाई करते समय बीस फीट लंबी और पांच फीट चौड़ी सुरंग मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना पर पहुंची हरहुआ पुलिस ने खुदाई का काम रोकवा कर पुरातत्व विभाग को इसकी सूचना दी। वार गांव के लोग आपसी सहयोग से भीटे पर स्थित अति प्राचीन गर्मनाथ बाबा के स्थान पर मंदिर बनवा रहे हैं। रविवार की सुबह मजदूर पिलर के नींव की खुदाई करा रहे थे।
मजदूरों ने पांच फीट गहरी मिट्टी हटाई तो वहां सुरंग दिखाई पड़ी तथा ठीक उसके बगल में पत्थरों के बने भवन नुमा आकृति भी दिखाई देने लगी। इसकी सूचना मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और इसकी सूचना पुलिस को दी।