यूपी में पुलिस के तमाम दावों के बाद महिला की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ हो रहा है। ताजा मामला बनारस का है। जहां एक बारहवीं की छात्रा के नाम से फेसबुक पर फर्जी एकाउंट बनाकर आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट कर दी गईं। आरोप है कि शिकायत करने पर पुलिस कार्रवाई की बजाय टालमटोल कर रही है। इससे जहां छात्रा ने घर से निकलना बंद कर दिया है वहीं परिजन परेशान हैं।
चोलापुर थाना अंतर्गत एक गांव निवासी बारहवीं की छात्रा के अनुसार तकरीबन दस दिन पहले किसी ने फेसबुक पर उसके नाम से फर्जी एकाउंट बनाया। इसके बाद उसके परिजनों का मोबाइल नंबर और पता लिख कर आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट करना शुरू कर दिया।
परिजनों के मोबाइल नंबर पर परिचितों और रिश्तेदारों के फोन आने शुरू हुए तो सूचना चोलापुर पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की गई। मगर, एक सप्ताह बीतने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।