जौनपुर जिले के मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के पवांरा बाजार में बुधवार को ट्रेलर की चपेट में आने से दसवीं के छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर लेकर भाग रहे चालक को लोगों ने पकड़ लिया। उसे पुलिस को सौंप दिया गया है।
विज्ञापन
पवांरा थाना क्षेत्र के जखनिया गांव निवासी मनीष तिवारी(16) पुत्र प्रदीप कुमार तिवारी दसवीं का छात्र है। वह पवांरा बाजार में कोचिंग भी करता है। बुधवार की सुबह करीब 8 बजे सायकिल से कोचिंग जा रहा था।
पवांरा बाजार के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल छात्र को सीएचसी सतहरिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। लोगों ने चालक का पीछा करते हुए पवांरा टोल प्लाजा के पास से पकड़ लिया।
पिटाई के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता प्रदीप तिवारी की तहरीर के आधार पर ट्रेलर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।