वरुणा पार इलाके में भीषण जाम
- फोटो : अमर उजाला
यातायात पुलिस की लचर व्यवस्था के कारण वाराणसी शहर के लोगों को आए दिन जाम का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य और अवैध पार्किंग शहर में जाम की समस्या का प्रमुख कारण हैं। ट्रैफिक पुलिस की ओर से की जा रही कवायद भी काम नही आ रही है। लोग सड़क किनारे वाहनों को खड़ा कर अवैध पार्किंग कर रहे हैं। कुछ स्थान ऐसे भी हैं जहां पुलिस के सामने ही लोग धड़ल्ले से सड़क पर वाहन खड़ा कर रहे हैं।
वहीं निर्माण कार्य भी शहर में जाम का कारण बने हैं। वाराणसी में पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद शहर को जाम से निजात दिलाने की बात कही गई थी। इस पर कोई अमल होता नहीं दिखाई दे रहा है। राहगीरों का कहना है कि वाराणसी में आए दिन भीषण जाम लगते रहते हैं, समस्या के निदान के लिए यातायात विभाग गंभीर नहीं दिखाई दे रहा है।