आईआईटी बीएचयू के बीटेक के छात्र अंश वर्धन को साइबर जालसाजों ने 12 लाख 27 हजार 827 रुपये की चपत लगा दी। प्रकरण को लेकर छात्र की तहरीर के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बरेली के हंस आश्रम, शास्त्री नगर के मूल निवासी अंश वर्धन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की भिखारीपुर शाखा से एजुकेशन लोन ले रखा है। उनकी फीस दिसंबर 2023 में बैंक की ओर से जारी की गई थी। मार्च 2024 में संस्थान से सूचना मिली कि उनकी फीस अभी तक जमा नहीं हुई है।
अप्रैल में उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने फीस संबंधी विवरण मांगा और कहा कि एक लिंक भेज रहा हूं। लिंक पर क्लिक करके कॉलेज का विवरण भरना है। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल काम करना बंद कर दिया। इसके बाद उनकी 15 लाख रुपये की एफडी तोड़ कर 12,27,827 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर लिया गया।
अपना दल (एस) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कैंडल मार्च निकाला। मार्च निकालकर जम्मू-कश्मीर के रियासी में बस पर हुए आतंकी हमले में मारेे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी।
जिलाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल, महानगर अध्यक्ष खुशबुद्दीन एडवोकेट के नेतृत्व में सिगरा स्थित शहीद उद्यान से निकला मार्च सिगरा, सोनिया मोड़ होते हुए वापस शहीद उद्यान स्थित शहीद स्मारक पहुंच कर समाप्त हुआ। इस दौरान प्रदेश सचिव डॉ. महेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष सोनू सिंह, सियाराम पटेल आदि मौजूद रहे।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में योग विज्ञान विषयक पाठ्यक्रम की परीक्षाएं 25 जून से शुरू होंगी। तीन जुलाई तक चलने वाली परीक्षा दो चरणों में कराई जाएगी। इसमें पहली पाली में 2022-23 प्रथम सेमेस्टर की सुबह 8 से 11 बजे तक परीक्षा होगी। जबकि दूसरी पाली में सत्र 2023-24 द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा दोपहर 2 से 5 बजे तक कराई जाएगी।
विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि पीजी डिप्लोमा इन योग, बीए इन योगा, एमए इन योगा के विद्यार्थी निर्धारित तिथि पर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।
शत्रु संपत्तियों पर रह रहे किरायेदारों को किराये के भुगतान के लिए ऑनलाइन पोर्टल जारी किया गया है। शत्रु संपत्तियों पर काबिज किरायेदार व कब्जेदार किराये का भुगतान केवल ऑनलाइन पोर्टल (https://enemyproper ty.mha.gov.in/eprentals/login) से ही कर सकेंगे।
इसके माध्यम से जमा किए गए किराये को ही मान्य माना जाएगा। यह निर्देश भारत के शत्रु संपत्ति अभिरक्षक कार्यालय, केंद्रीय भवन अलीगंज, लखनऊ की ओर से जारी किया गया है। ऑनलाइन पोर्टल के लिए 25 व 26 जून को कलेक्ट्रेट स्थित जनपद सभागार में कैंप का आयोजन किया जाएगा।