सिंहपुर प्लांट के पास हुआ हादसा
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के बलिया में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन छात्रों की मौत हो गई। जबकि दो घायल हो गए। घटना के दौरान किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे एक बाइक पर संजय, समीर, चितरंजन रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के पौधरिया इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर घर लौट रहे थे।
गड़वार थाना क्षेत्र के सिंहपुर प्लांट के पास कार को ओवरटेक करते वक्त सामने से आ रही बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें शाहपुर बभनौली निवासी संजय साहनी (18) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बक्सर जिले के कमरपुर निवासी चितरंजन (17) और फेफना थाना क्षेत्र के सागरपाली निवासी जयप्रकाश (25), शाहपुर बभनौली निवासी समीर साहनी (24), बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के चोरकेंन निवासी धर्मेंद्र (18) गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान जयप्रकाश और चितरंजन ने दम तोड़ दिया। वहीं समीर की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया।
एक का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो कोई भी बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था।