सारनाथ। एटीएम कार्ड बदलकर पैसे निकालने वाले तीन जालसाजों को साइबर थाने की पुलिस ने मंगलवार को कपसेठी चौराहे से गिरफ्तार किया। उनके पास से 16 एटीएम कार्ड, पांच मोबाइल, बाइक और ढाई हजार रुपये बरामद हुए। वहीं इनके बैंक खाते में जमा छह लाख, 74 हजार 266 रुपये सीज किया गया।
सारनाथ सर्किल के एसीपी संतोष मीणा ने बताया कि जंसा थाना के परमानंदपुर निवासी सुबन्ना लाल के खाते से एटीएम बदलकर लगभग तीन माह में 20 लाख रुपये निकाल लिए गए। छह मार्च को सुबन्ना ने साइबर थाना में मुकदमा दर्ज कराया था। प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना ने कपसेठी चौराहे से आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी दीपक सिंह उर्फ बंटी और दीपक यादव निवासी समहा, थाना हंडिया प्रयागराज और मनीष सिंह निवासी सुरियांवा भदोही ने बताया कि लोगों को झांसे में रखकर एटीएम कार्ड बदल देते थे। इसके बाद रुपये निकाल लेते थे।