फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अर्जेंटीना की साध्वी से लूटपाट के तीन आरोपियों को पुलिस ने दबोचा

Mon, 18 Dec 2017 08:34 PM IST
ब्यूरो,अमर उजाला,वाराणसी
विज्ञापन
पहले घुड़सवारी कराई फिर लूट लिया - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
वाराणसी में गंगा के उस पार रेत पर पर्यटकों को घुड़सवारी और ऊंट की सवारी कराने वालों में से ही कुछ लोग शाम ढलते ही लूटपाट पर उतारू हो जाते हैं। बीते 16 दिसंबर की शाम अर्जेंटीना की महिला के साथ भी ऐसा ही हुआ। कटेसर निवासी रमेश यादव ने पहले उसे घुड़सवारी कराई फिर अपने दो अन्य दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ लूटपाट की। पुलिस ने सोमवार को लूटपाट करने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। महिला ने तीनों आरोपियों की पहचान भी की है। 
विज्ञापन


गिरफ्तार रमेश यादव, पिंकल यादव उर्फ राम प्रसाद यादव, वीरन यादव पुत्र कटेसर थाना मुगलसराय के रहने वाले हैं। तीनों की उम्र 22 से 25 साल के बीच है। तीनों के  पास से महिला से लूटे गए दो हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि रमेश यादव का अपना घोड़ा है। वह दिन भर रेत पर लोगों को घुड़सवारी कराता है। पिंकल और वीरन उसके  सहयोगी हैं।

घटना के दिन अर्जेंटीना की महिला को रमेश ने अपने घोड़े पर घुमाया था। शाम करीब छह बजे अंधेरा होने के बाद तीनों ने महिला के पास से दो हजार रुपये लूट लिए। आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।  अर्जेंटीना निवासी महिला पिछले कुछ वर्षों से भदैनी क्षेत्र में रह रही है।
विज्ञापन


वह एक एनजीओ से जुड़कर काम करने के साथ ही साध्वी हो गई हैं। शनिवार की शाम वह गंगा पार गई थी। इसी दौरान वहां पहुंचे तीन युवकों ने उसके साथ बदसलूकी और मारपीट करने के बाद पर्स में मौजूद 2000 रुपये छीन लिए थे।

शनिवार की शाम वारदात के बाद उन्होंने एनजीओ से जुड़े लोगों को गैंपरेप की कोशिश की जानकारी दी थी। अस्सी घाट स्थित पुलिस चौकी में भी वह वारदात की मौखिक सूचना देकर चली गई थीं। रविवार को पुलिस ने तहरीर देने का आग्रह किया, जिस पर रामनगर थाने पहुंच कर साध्वी ने मारपीट और लूटपाट का मुकदमा दर्ज कराया। 
विज्ञापन

गंगा पार नाव कितने बजे तक जाए, कोई निर्देश नहीं

गंगा के इस पार घाट पर खड़े नाव - फोटो : अमर उजाला
गंगा उस पार नाव कितने बजे तक जाए, इस संबंध में पुलिस-प्रशासन ने कोई निर्देश जारी नहीं किया। गंगा पार दूर न तो कोई बस्ती दिखाई देती और न ही प्रकाश व सुरक्षा आदि की व्यवस्था है। इसके बावजूद रात 9-10 बजे तक नाविक लोगों को गंगा पार ले जाने में कोई गुरेज नहीं करते।
यही वजह है कि शनिवार को शाम छह बजे विदेशी साध्वी के साथ लूटपाट कर युवक आसानी से चलते बने। चीखने-चिल्लाने के बाद भी साध्वी की कोई मदद नहीं कर सका।

सामने घाट से राजघाट तक गंगा तट की बस्तियों के लोग नियम-कानून की परवाह ना करते हुए विदेशी पर्यटकों को अपने घरों में बतौर पेइंग गेस्ट ठहराते हैं। इसकी सूचना भी थाने को नहीं दी जाती। एसपी सिटी ने बताया कि सभी थानेदारों को अपने क्षेत्र में अभियान चला कर ऐसे घरों को चिह्नित करें, जहां विदेशियों को ठहराया जाता है। इस संबंध में लोकल इंटेलिजेंस यूनिट को भी सक्रियता बरतने को कहा गया है। जो भी नियम विरुद्ध तरीके से विदेशी नागरिकों को अपने घर में ठहराएगा, उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले थानेदार भी नपेंगे।

सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
अर्जेंटीना की साध्वी के साथ जिस जगह वारदात हुई, वह गंगा का बहाव क्षेत्र है। वारदात की सूचना बाद भेलुपुर पुलिस बेफिक्र नजर आई कि मामला गंगा पार का होने के कारण रामनगर थाना क्षेत्र का है। 
वहीं, रामनगर पुलिस को भरोसा था कि मामला अस्सी घाट के सामने गंगा के बहाव क्षेत्र का होने के कारण भेलूपुर थाना क्षेत्र में आएगा। सीमा विवाद की वजह से दोनों थाने की पुलिस ने चुप्पी साध ली। अधिकारियों की फटकार के बाद रविवार को मामला रामनगर थाने में दर्ज हुआ और तफ्तीश शुरू हुई।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें