तीन दिन में दूसरी बार कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सोमवार सुबह 10 बजे जिला जज के आधिकाारिक ईमेल पर फिर से जजों और अधिवक्ताओं के चेंबर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। एहतियातन कैंट पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डाग स्क्वॉड ने छानबीन की। कचहरी खुलने से पहले ही सुरक्षाकर्मियों ने रूटीन चेकिंग के तहत कोना-कोना खंगाला। कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। एटीएस ने भी जांच शुरू की है। साइबर सेल भी ईमेल की जांच कर रही है।
धमकी की सूचना मिलते ही कचहरी परिसर में पहले से चल रही सुरक्षा जांच अभियान को और सख्त कर दिया गया। पुलिस ने बिना किसी अफरातफरी के पूरे परिसर की सघन जांच कराई। इससे पहले 13 फरवरी को भी जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी जिला जज के अधिकारिक ईमेल पर दी गई थी।
इसे भी पढ़ें; दो हत्या से दहला जौनपुर: लाठी-डंडे से पीटकर महिला को मार डाला, ईंट से सिर कूंचकर युवक की ली जान
कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने कोर्ट परिसर में जांच की। बाहर और अंदर तक कई सुरक्षा प्वाइंट बनाए गए और कचहरी में हर आने-जाने वालों की जांच की गई। फिर से धमकी मिलने पर अधिवक्ताओं, कर्मचारियों समेत वादकारियों में चिंता है। कैंट एसीपी नितिन तनेजा, इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बार पदाधिकारियों से बातचीत की।