मां की मौत पर दोनों भाई परिवार के साथ गए थे बलिया स्थित गांव
- फोटो : अमर उजाला
कैंट थाना अंतर्गत अनौली स्थित संकठा नगर कॉलोनी निवासी दो सिपाही भाइयों के बंद पड़े घर को चोरों ने खंगाल डाला। छत की सीमेंटेड शीट को तोड़कर घर में घुसे चोर लाखों रुपये के जेवरात, हजारों रुपये नकदी समेट ले गए। गुरुवार सुबह पहुंची कैंट पुलिस ने मौका मुआयना किया।
उधर, घटना से गुस्साए कॉलोनी के लोगों का कहना था कि जब पुलिस के घर ही नहीं सुरक्षित हैं, तो आमजन की सुरक्षा कैसे होगी।
बलिया के नरहीं थाना क्षेत्र के भरौली के मूल निवासी कांस्टेबल शेषनाथ राय रामनगर पीएसी में हैं।
उनके भाई कांस्टेबल रामजीत राय आदमपुर थाने में तैनात हैं। दोनों का पांच कमरे का मकान कॉलोनी में है। मां रामकुमारी देवी के निधन के चलते दोनों भाई परिवार समेत दस दिन पहले गांव गए थे। घर की देखरेख के लिए कॉलोनी में रहने वाली रिश्तेदार आरती को चाबी दी थी।
आरती ने बताया कि बुधवार को तबियत खराब होने के कारण वे मकान की लाइट जलाकर वापस घर लौट गईं। गुरुवार सुबह आई और अंदर घुसी तो सामान अस्तव्यस्त था। आलमारी व बक्से तोड़े गए थे। इसकी सूचना तत्काल शेषनाथ और रामजीत को दी।
दोपहर बाद रामजीत गांव से यहां पहुंचे। उनका कहना था कि दोनों परिवार की महिलाओं के जेवरात और रुपये गायब हैं। बता दें कि अनौली क्षेत्र में पूर्व में भी कई बार चोरी और डकैती की घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन पुलिस अभी भी रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था को लेकर लापरवाही बरत रही है।