मच्छोदरी स्थित कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय में बृहस्पतिवार को एक से पांच तक के बच्चों के प्रवेश के लिए पहुंचे अभिभावकों को लॉटरी सिस्टम से दाखिले का पता चला तो उन्होंने जमकर हंगामा किया। अभिभावकों का कहना था कि पहले ई-लॉटरी से दाखिले की बात पहले नहीं बताई गई थी। बच्चों के साथ पहुंचे अभिभावकों के विरोध के बाद तीसरी बार प्रवेश प्रक्रिया टाल दी गई। आरोप लगाया कि कुछ चुनिंदा लोगों के बच्चों का ही दाखिला लिया जा रहा है। विद्यालय में 500 सीटों पर होने वाले दाखिले के लिए इस बार 2000 बच्चों के आवेदन आए हैं। उधर, हंगामे की जानकारी होते ही बीएसए ने तत्काल प्रधानाध्यापक से बातचीत कर जानकारी ली, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बातचीत कर अभिभावकों को शांत कराया। इस बारे में बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश सिंह ने बताया कि शुक्रवार को नगर शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारियों और मच्छोदरी प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य के साथ बैठक कर प्रवेश प्रक्रिया की रणनीति बनाकर डीएम को भेजी जाएगी। अगले सप्ताह बाद प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर्राइ जाएगी।
छोटे भाई के प्रवेश के लिए पिछले छह महीने से विद्यालय का चक्कर काट रहा हूं। स्कूल के अध्यापकों और कर्मचारियों द्वारा तारीख आगे बढ़ने की बात कह कर लौटा दिया जा रहा है।
-प्रशांत कुमार, पड़ाव
बेटी के कक्षा एक में प्रवेश के लिए स्कूल प्रशासन की ओर से बताए गए सारे कागजात जमा करने के बाद भी दाखिला नहीं हो रहा है। स्कूल प्रशासन मनमानी कर अपने तरीके से बच्चों को दाखिला दे रहा है।
-पूजा मिश्रा, राजघाट
बेटे के दाखिले के लिए कई बार विद्यालय गया। बताया गया कि लॉटरी सिस्टम से प्रवेश होगा। जिसे तीन बार से निरस्त कर दिया जा रहा है।
- विद्यानंद मिश्रा, किला कोहना वसंता कॉलेज