प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए किए गए इंतजाम सुबह तक तो ठीक रहे हैं। लेकिन पीएम के जाते ही यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई। सुबह जहां कैंट और रोडवेज के आसपास से डग्गामार वाहनों के साथ अवैध पार्किंग कर खड़े किए गए वाहनों को हटाया गया था, वहीं दोपहर बाद सड़कों पर फिर से चालकों को जहां जगह मिली, वहीं वाहनों को खड़ा कर दिया। दूसरी ओर राजातालाब के मेहंदीगंज सभा से आई भीड़ से शहर के बाहरी कुछ इलाकों में जाम लग गया। राजातालाब से प्रयागराज और वाराणसी मार्ग पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग कई। देर शाम जाकर स्थिति सामान्य हो सकी।
शहर की बात करें तो अंधरापुल चौराहे के ठीक बगल में ओवरब्रिज के नीचे अवैध पार्किंग कर 30 से 40 वाहनों को खड़ा कर दिया गया। यही हाल कचहरी, नदेसर और मलदहिया का भी रहा। शाम को महमूरगंज चौराहे पर बेतरतीब सड़कों पर खड़े वाहनों से जाम लग गया।