वाराणसी। यूपी कॉलेज में शिक्षकों और छात्रों में नोकझोंक के बाद बुधवार को
दूसरे दिन भी माहौल गरमाया रहा। शिक्षक दुर्व्यवहार करने वाले छात्रांे पर
कार्रवाई की मांग कर रहे हैं जबकि धरने पर बैठे छात्रांे ने प्राचार्य
द्वारा मांगों पर लिखित जवाब न मिलने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया
है।
इस बीच, प्राचार्य ने भौतिकी विभाग के शिक्षक के साथ दुव्यर्वहार के
आरोप में छात्रसंघ महामंत्री अनुपम नागवंशी को निलंबित करते हुए जवाब मांगा
है।
मंगलवार को कॉलेज परिसर में भौतिकी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ.
विपिन बहादुर सिंह के साथ उस समय दुर्व्यवहार किया गया, जब वह क्लास में
पढ़ा रहे थे।
शिक्षकों का आरोप है कि इस दौरान छात्रों ने हाथ पकड़कर कक्षा
से न केवल उन्हें बाहर कर दिया बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। इस बीच
संबंधित छात्रों के निष्कासन की मांग के लिए शिक्षक बुधवार को हड़ताल पर
रहे और गुरुवार को भी उनका हड़ताल जारी रहेगा। उधर छात्रसंघ महामंत्री
अनुपम नागवंशी के नेतृत्व में कक्षाओं में पर्याप्त रोशनी और छात्रावास में
शुद्ध पानी आदि की मांग को लेकर मंगलवार से धरने पर बैठे छात्र दूसरे दिन
भी बैठे रहे। पहले दिन की तुलना में दूसरे दिन माहौल और तल्ख रहा। दोनांे
पक्ष अपनी मांगों पर अड़े रहे।