थाने से चंद कदम की दूरी पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के पीछे मसाला कारोबारी के तीन लाख 30 हजार रुपये लेकर उचक्के भाग निकले। शुक्रवार शाम एडीसीपी गोमती जोन सरवनन टी और एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव राजातालाब थाने पहुंचे। दोनों ने थानाध्यक्ष से जानकारी ली।
विज्ञापन
भैरव तालाब निवासी मसाला कारोबारी निखिल गुप्ता ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को कचनार गांव में अपनी एजेंसी पर बाइक से गए थे। बाइक खड़ी कर वह एजेंसी में अंदर चले गए। उसी दौरान उचक्कों ने डिग्गी में रखे रुपये गायब कर दिए। निखिल ने राजातालाब थाने की पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में चार युवक दिखे हैं। राजातालाब थानाध्यक्ष सुमित्रा देवी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बृहस्पतिवार को व्यापारी ने मौखिक सूचना 1,65,000 रुपये गायब होने की दी थी। मगर, तहरीर में गायब हुई राशि को अधिक बताया है। आरोपियों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।