रिंग रोड-2 के शुरू होते ही जिला प्रशासन और वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने बुधवार को शहर के बाहरी छोर के छह इंट्री प्वाइंट पर भारी वाहनों के लिए प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके लिए बाकायदा इन स्थानों पर नो इंट्री का बोर्ड लगाया जा रहा है। जिससे शहर में प्रवेश करने वाले बाहरी भारी वाहनों के दबाव व ट्रकों की संख्या में भी कमी आई है।
शहर में प्रवेश करने वाले छह मार्गों पर नो इंट्री का बोर्ड लगाए जाने से लोगों को जाम से थोड़ी राहत महसूस हुई। प्रशासन की ओर से पांच थाना क्षेत्रों सहित यातायात कमिश्नरेट पुलिस को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा और पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने इन क्षेत्रों में आने वाले स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि उक्त व्यवस्था का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ चालान करने को कहा गया है।
यहां लगाया जा रहा नो इंट्री बोर्ड
मंडुवाडीह का मुढ़ैला तिराहा
शिवपुर का गिलट बाजार
लालपुर का आजमगढ़ से अंडरपास की ओर आने वाला मार्ग
सारनाथ का सिंहपुर से सारनाथ अंडरपास की ओर आने वाला मार्ग
सारनाथ का लेढ़ूपुर की ओर से आने वाला मार्ग
चितईपुर चौराहा
रिंग रोड शुरू होने से शहर में वाहनों का दबाव काफी कम हो गया है। अब पहले की तरह रात में ट्रक और भारी वाहनों की कतारें सड़कों पर नहीं दिख रही हैं।- ऋषिराज गुप्ता, नदेसर
रिंग रोड शुरू होने और नो इंट्री से शहर की सड़कें सुरक्षित होंगी। इसका सही से पालन जारी रहा तो शहरवासियों कोे जाम की समस्या नहीं झेलनी पड़ेगी।- डंपी तिवारी, पांडेयपुर
रात में 10 बजे के बाद नो इंट्री खुलते ही शहर की सड़कें ट्रकाें से पट जाती थीं। रिंग रोड शुुरू होने और नो इंट्री लगने से काफी राहत हुई है। - रतनदीप सिंह, नक्खीघाट
कैंट स्टेशन से लेकर चांदपुर तक ट्रकों और भारी वाहनों की वजह से अक्सर जाम लग जाता था। नो इंट्री से दो दिनों से काफी राहत हो गई है।- सत्यार्थ भारती , लहरतारा
नो इंट्री बोर्ड लगवाने के साथ ही संबंधित थानेदार को चेताया गया है कि किसी तरह की कोई लापरवाही न बरती जाए। लगाए जा रहे नो इंट्री बोर्ड से यदि वाहन पास हुआ तो संबंधित थानेदार के खिलाफ कार्रवाई तय है। -ए सतीश गणेश, पुलिस आयुक्त